पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने माना कि टीम पूरे टूर्नामेंट में दबाव झेल नहीं पाई और गलत फैसलों के चलते सेमीफाइनल से चूक गई।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टीम के प्रदर्शन को लेकर बड़ा और ईमानदार बयान दिया है। श्रीलंका के खिलाफ मैच जीतने के बावजूद पाकिस्तान सेमीफाइनल में नहीं पहुंच सका, जिसके बाद आगा ने स्वीकार किया कि टीम पूरे टूर्नामेंट में उम्मीद के मुताबिक नहीं खेल पाई।
उन्होंने कहा कि दबाव वाले मौकों पर टीम के फैसले सही नहीं रहे और यही नतीजों पर भारी पड़ा। पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए श्रीलंका को 147 या उससे कम पर रोकना था, लेकिन ऐसा नहीं हो सका और न्यूजीलैंड ने अंतिम चार में जगह बना ली।
“पूरे टूर्नामेंट में हम अंडरपरफॉर्म रहे” – कप्तान सलमान आगा
मैच के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में सलमान आगा ने साफ शब्दों में कहा, “अगर पूरे टूर्नामेंट को देखें तो हम अंडरपरफॉर्म रहे। हमारा मिडिल ऑर्डर कभी नहीं चला और हम रन बनाने के लिए लगभग पूरी तरह साहिबजादा फरहान पर निर्भर रहे।”
फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए टूर्नामेंट में रिकॉर्ड 383 रन बनाए, लेकिन बाकी बल्लेबाज उनका साथ नहीं दे पाए। उनके बाद शादाब खान पाकिस्तान के लिए दूसरे सबसे ज्यादा रन बनाने वाला बल्लेबाज रहे, जिन्होंने सिर्फ 118 रन बनाए।
रिकॉर्ड साझेदारी के बाद भी बिखर गई टीम
श्रीलंका के खिलाफ पल्लेकेले में खेले गए मुकाबले में फरहान और फखर जमान ने पहले विकेट के लिए रिकॉर्ड 176 रन जोड़कर मैच पर मजबूत पकड़ बना ली थी। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने सिर्फ 34 रन के भीतर 8 विकेट गंवा दिए।
छठे नम्बर पर बल्लेबाजी करने उतरे कप्तान सलमान अली आगा खुद भी खाता नहीं खोल सके। उन्होंने माना कि उस पिच पर नए बल्लेबाज के लिए तेजी से रन बनाना आसान नहीं था, लेकिन टीम को बेहतर तरीके से स्थिति संभालनी चाहिए थी।
टीम चयन और फैसलों पर भी उठे सवाल
पूरे टूर्नामेंट में पाकिस्तान की प्लेइंग XI और बैटिंग ऑर्डर को लेकर काफी आलोचना हुई। खास तौर पर खराब फॉर्म में चल रहे बाबर आजम को मिडिल ऑर्डर में लगातार मौका देना चर्चा का विषय बना रहा।
स्पिनर अबरार अहमद को भारत के खिलाफ खराब प्रदर्शन के बाद बाहर कर दिया गया था, लेकिन श्रीलंका के खिलाफ उन्होंने 4 ओवरों में 23 रन देकर 3 विकेट लेकर शानदार वापसी की। इससे टीम चयन पर सवाल और भी गहरे हो गए।
“दबाव में फैसले सही नहीं होते” – सलमान अली आगा
सलमान आगा ने कहा, “आईसीसी टूर्नामेंट में हमेशा दबाव रहता है, क्योंकि आप दुनिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के खिलाफ खेलते हैं। जब हम दबाव में होते हैं, तो हमारा फैसला उतना अच्छा नहीं होता, जितना होना चाहिए। यही वजह है कि हमें वैसा परिणाम नहीं मिलता जैसा हम चाहते हैं।”
उन्होंने यह भी माना कि बल्लेबाजी और गेंदबाजी दोनों में डेथ ओवरों का प्रदर्शन टीम के लिए महंगा साबित हुआ। पल्लेकेले में श्पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ अंतिम चार ओवरों में सिर्फ 35 रन बनाए, जबकि गेंदबाजी में आखिरी सात ओवरों में 100 रन लुटा दिए।
कप्तानी के भविष्य पर नहीं लिया फैसला
यह आगा का टी20 कप्तान के रूप में 50वां मैच था, लेकिन उन्होंने अपने भविष्य को लेकर कोई भावनात्मक फैसला लेने से इनकार कर दिया। उन्होंने कहा कि जल्दबाजी में कोई फैसला नहीं लिया जाएगा और टीम को आगे बेहतर प्रदर्शन करना होगा।
लगातार चौथे आईसीसी टूर्नामेंट में सेमीफाइनल से पहले बाहर होना पाकिस्तान क्रिकेट के लिए बड़ा झटका है। आगा के बयान से साफ है कि टीम अब अपनी गलतियों से सीख लेकर आगे बढ़ने की कोशिश करेगी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







