Thursday, March 19

USA ने पूर्व श्रीलंकाई ऑलराउंडर Shehan Jayasuriya को अपनी टी20 वर्ल्ड कप 2026 की टीम में शामिल किया।

टी20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले USA क्रिकेट टीम ने अपनी 15 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। इस टीम में सबसे बड़ा नाम पूर्व श्रीलंकाई ऑलराउंडर शेहान जयसूर्या (Shehan Jayasuriya) का है, जो पहली बार USA के लिए खेलने जा रहे हैं। यह टूर्नामेंट 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में खेला जाएगा, जहां USA टीम का लक्ष्य पिछली बार के शानदार प्रदर्शन को दोहराना है।

बता दें कि, 34 साल के शेहान जयसूर्या बाएं हाथ के बल्लेबाज और ऑफ स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने 2015 से 2020 के बीच श्रीलंका के लिए 12 वनडे और 18 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। अब वह USA के लिए अपना अंतरराष्ट्रीय सफर शुरू करेंगे। जयसूर्या उन दो खिलाड़ियों में शामिल हैं, जिन्हें अभी तक USA के लिए खेलने का मौका नहीं मिला है।

चयनकर्ताओं ने मोहम्मद मोहसिन और शुभम रंजाने पर भी जताया भरोसा

USA टीम में दूसरा अनकैप्ड खिलाड़ी पाकिस्तान के पेशावर में जन्मे Mohammad Mohsin हैं। 29 साल के मोहसिन लेग स्पिन ऑलराउंडर हैं और अब तक किसी भी देश के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट नहीं खेले हैं।

इसके अलावा, पुणे में जन्मे Shubham Ranjane को भी टीम में जगह मिली है। शुभम ने USA के लिए चार वनडे खेले हैं, लेकिन अभी तक उनका टी20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू नहीं हुआ है। शुभम रंजाने भारत के पूर्व टेस्ट खिलाड़ी वसंत रंजाने के पोते हैं, जो भारतीय क्रिकेट इतिहास का जाना माना नाम रहे हैं।

2024 टी20 वर्ल्ड कप की कोर टीम बरकरार

USA की इस टीम में 10 खिलाड़ी ऐसे हैं, जो 2024 टी20 वर्ल्ड कप में सुपर आठ तक पहुंचने वाली टीम का हिस्सा थे। इनमें Andries Gous, Saurabh Netravalkar और कप्तान Monank Patel शामिल हैं।

हालांकि, स्टार बल्लेबाज एरन जोन्स इस टीम का हिस्सा नहीं हैं। उन पर ICC और CWI की एंटी करप्शन कोड के तहत आरोप लगे हैं और फिलहाल USA क्रिकेट ICC द्वारा निलंबित है।

बता दें कि, यूएसए की इस टीम का चयन हेड कोच Pubudu Dassanayake की अगुआई वाली चयन समिति ने किया। इस पूरी प्रक्रिया पर US ओलंपिक और पैरालंपिक कमेटी द्वारा नियुक्त एक कंप्लायंस अधिकारी ने भी नजर रखी, ताकि चयन पारदर्शी तरीके से हो सके।

ग्रुप ए में USA की चुनौती

टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA को ग्रुप ए में रखा गया है। इस ग्रुप में भारत, पाकिस्तान, नीदरलैंड और नामीबिया जैसी टीमें शामिल हैं।

USA अपने अभियान की शुरुआत 7 फरवरी को मुंबई में सह मेजबान भारत के खिलाफ करेगा। इसके बाद 10 फरवरी को कोलंबो में पाकिस्तान से मुकाबला होगा, जिसे USA ने 2024 वर्ल्ड कप में हराकर इतिहास रचा था। इस ग्रुप के आखिरी दो मुकाबले चेन्नई में होंगे, जहां USA का सामना नीदरलैंड से 13 फरवरी और नामीबिया से 15 फरवरी को होगा।

USA की टी20 वर्ल्ड कप 2026 टीम

मोनांक पटेल (कप्तान), जसदीप सिंह, एंड्रीज गौस, शेहान जयसूर्या, मिलिंद कुमार, शयान जहांगीर, साईतेजा मुक्कामाला, संजय कृष्णमूर्ति, हरमीत सिंह, नॉस्थुश केनिजे, शैडली वैन शाल्कविक, सौरभ नेत्रवालकर, अली खान, मोहम्मद मोहसिन, शुभम रंजाने।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version