USA ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ टूर्नामेंट इतिहास में अपना अब तक का सबसे बड़ा स्कोर बना दिया।
टी20 वर्ल्ड कप में USA टीम धीरे-धीरे एक मजबूत बल्लेबाजी इकाई के रूप में उभरती नजर आ रही है और पिछले कुछ सालों में टीम ने कई बड़े स्कोर बनाकर दुनिया को चौंकाया है। खास बात यह है कि USA ने खुद को सिर्फ हिस्सा लेने तक सीमित नहीं रखा, बल्कि मजबूत टीमों के खिलाफ भी आक्रामक क्रिकेट खेलते हुए मैच का रुख बदलने की क्षमता दिखाई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ खेले गए मुकाबले में USA ने 199 रन बनाकर टूर्नामेंट इतिहास में अपना सबसे बड़ा टोटल खड़ा किया और यह पारी दिखाती है कि टीम अब बड़े मंच पर भी दबाव से नहीं घबराती। इस मैच ने यह भी साबित किया कि अमेरिकी टीम के बल्लेबाज तेजी से रन बनाने की कला सीख चुके हैं और सही दिन पर किसी भी गेंदबाजी आक्रमण को ध्वस्त कर सकते हैं।
ये हैं USA के T20 वर्ल्ड कप इतिहास में टॉप 5 सबसे बड़े टोटल
1. 199/4 vs नामीबिया, चेन्नई, 2026
USA ने T20 वर्ल्ड कप 2026 में नामीबिया के खिलाफ चेन्नई में खेले गए मुकाबले में टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में अपना सबसे बड़ा टोटल स्कोर बनाया। इस पारी में टीम ने शुरुआत से ही आक्रामक अंदाज अपनाया। बल्लेबाजों ने पॉवरप्ले का पूरा फायदा उठाया और बीच के ओवरों में भी रन गति को कम नहीं होने दिया।
इस मैच में कप्तान मोनांक पटेल ने 30 गेंदों पर 52 रनों की शानदार पारी खेलकर टीम को अच्छी शुरुआत दी। फिर बीच में संजय कृष्णमूर्ति ने 33 गेंदों पर 64 रनों की तेजतर्रार पारी खेलकर USA को 199 के स्कोर तक पहुंचा दिया। कृष्णमूर्ति के साथ मिलिंद कुमार ने भी 20 गेंदों पर 28 रन बनाकर अच्छी साझेदारी की थी। इस पारी ने यह संकेत दिया कि USA अब सिर्फ प्रतिस्पर्धी टीम नहीं बल्कि मैच पर पूरी तरह नियंत्रण बनाने वाली टीम बन चुकी है।
2. 197/3 vs कनाडा, डलास, 2024
2024 के टी20 वर्ल्ड कप में कनाडा के खिलाफ USA ने 197 रन बनाकर शानदार जीत दर्ज की थी और यह मैच टीम की आक्रामक बल्लेबाजी का बेहतरीन उदाहरण रहा। इस मुकाबले में कनाडा की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 194 रन बनाए थे और USA के सामने 195 रनों का लक्ष्य रखा था।
बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी USA की शुरुआत अच्छी नहीं रही और उन्होंने परी की दूसरी ही गेंद पर सलामी बल्लेबाज स्टीवन टेलर का विकेट खो दिया। फिर कप्तान मोनांक पटेल भी 16 गेंद पर 16 रन बनाकर आउट हो गए। हालांकि, इसके बाद एंड्रीज गौस ने 46 गेंदों पर 65 और आरोन जोन्स ने 40 गेंदों पर 96* रनों की ताबड़तोड़ पारी खेली। उनकी इस पारी की बदौलत USA ने 14 गेंदें शेष रहते हुए 7 विकेट से जीत हासिल की थी। यह अब भी किसी एसोसिएट नेशन टीम का T20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ा रन चेज है।
3. 196/6 vs नीदरलैंड्स, चेन्नई, 2026
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में USA ने नीदरलैंड्स के खिलाफ 196 रन बनाया था, जो अब उनका इस टूर्नामेंट में तीसरा सबसे बड़ा स्कोर है। इस मुकाबले में USA ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 6 विकेट खोकर 196 रन बनाए थे। इस दौरान कप्तान मोनांक पटेल ने 22 गेंदों पर 36 रन बनाकर तेज शुरुआत दी थी, जबकि शयान जहांगीर ने 14 गेंद पर 20 रन बनाए थे।
लेकिन इसके फिर साईंतेजा मुक्कामल्ला ने 51 गेंदों पर 79 और शुभम रंजाने ने 24 गेंदों पर 48 रनों की ताबड़तोड़ पारी खेलकर तेज रन जोड़े थे। इस मुकाबले में नीदरलैंड की टीम 195 के रन चेज करते हुए 103 रनों पर ऑलआउट हो गई थी और USA को 93 रनों से बड़ी जीत मिली थी।
4. 176/6 vs दक्षिण अफ्रीका, नॉर्थ साउंड, 2024
दक्षिण अफ्रीका जैसी मजबूत टीम के खिलाफ किसी एसोसिएट नेशन का टी20 वर्ल्ड कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में 176 रन बनाना बड़ी उपलब्धि माना जाता है। हालांकि, इस मैच में USA को हार का सामना करना पड़ा, लेकिन बल्लेबाजों ने दिखा दिया कि वे दुनिया की बड़ी टीमों के खिलाफ भी बड़ा स्कोर बना सकते हैं।
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में नॉर्थ साउंड में खेले गए इस मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पहले बल्लेबाजी करते हुए चार विकेट खोकर 194 रन बनाए थे और USA सामने 195 रनों का बड़ा लक्ष्य रखा था। इस रन चेज के दौरान एंड्रीज गौस ने 47 गेंदों पर 80 और हरमीत सिंह ने 22 गेंद पर 38 रन बनाए थे, जबकि अन्य कोई बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका था। इसके बावजूद USA ने 176 रन बनाए और इस रन चेज में कुछ देर के लिए अपनी जगह बनाए रखी।
5. 159/3 vs पाकिस्तान, डलास, 2024
USA द्वारा पाकिस्तान के खिलाफ बनाया गया 159/3 का स्कोर भले ही इस लिस्ट में सबसे छोटा हो, लेकिन मैच के लिहाज से यह ऐतिहासिक था। इस मुकाबले में USA ने सुपर ओवर में पाकिस्तान को हराकर टी20 वर्ल्ड कप में पहली जीत दर्ज की थी। यह उनकी अब तक किसी फुल मेम्बर नेशन के खिलाफ एकमात्र जीत भी है।
T20 वर्ल्ड कप 2024 में डलास में खेले गए इस मुकाबले में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 159/7 का स्कोर बनाया था और USA के सामने 160 रनों का लक्ष्य रखा था। इस रन चेज में कप्तान मोनांक पटेल ने 38 गेंदों पर 50 रन बनाकर टीम को अच्छी शुरुआत दी थी। फिर बीच में 26 गेंदों पर 35 रन बनाए और आरोन जोन्स ने 26 गेंदों पर नाबाद 36 रन बनाए। उनके अलावा नीतिश कुमार ने 14 गेंदों पर 14 रन बनाए थे।
इस मुकाबले में USA को अंतिम ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे, लेकिन उन्होंने 16 रन बनाए और मैच टाई हो गया था। सुपर ओवर में उन्होंने मोहम्मद आमिर के खिलाफ 17 रन बनाए और पाकिस्तान को 12 रनों पर रोक दिया। इस तरह से उन्होंने सुपर ओवर में ऐतिहासिक जीत हासिल की थी और अपने पहले ही T20 वर्ल्ड कप में सुपर 8 स्टेज में क्वालीफाई कर लिया था।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







