Temba Bavuma on NZ vs SA Bowling Battle: चैंपियंस ट्रॉफी 2025 के दूसरे सेमीफाइनल मुकाबले से पहले साउथ अफ्रीका के कप्तान टेम्बा बावुमा ने न्यूजीलैंड के खिलाफ मुकाबले को लेकर बड़ा बयान दिया है। बावुमा के मुताबिक, दोनों टीमों के बीच होने वाली गेंदबाजी की जंग इस मुकाबले में जीत-हार का सबसे बड़ा फैक्टर होगी।
Temba Bavuma ने न्यूजीलैंड की गेंदबाजी की तारीफ करते हुए कहा, “न्यूजीलैंड की गेंदबाजी बहुत ही अनुशासित है। नई गेंद से उनके गेंदबाज ज्यादा मौके नहीं देते हैं। ओपनिंग बल्लेबाज के तौर पर आपको बहुत ही निर्णायक होना पड़ता है। मिडिल ओवर्स में भी वो गेम को दबाव में डालकर बल्लेबाजों को गलतियां करने के लिए मजबूर करते हैं।”
न्यूजीलैंड के आंकड़े भी उनके प्रदर्शन को साबित करते हैं। इस टूर्नामेंट में भारत के बाद न्यूजीलैंड ने सबसे ज्यादा डॉट गेंदें फेंकी हैं और उनकी इकॉनमी रेट भी सबसे कसी हुई है। माइकल ब्रेसवेल, विल ओ’रूर्के और मिचेल सैंटनर ने पाकिस्तान की पिचों पर शानदार प्रदर्शन किया है।
हालांकि, टेम्बा बावुमा अपनी टीम की गेंदबाजी पर भी पूरा भरोसा जता रहे हैं। उन्होंने कहा, “हम अपनी गेंदबाजी को लेकर भी काफी आत्मविश्वासी हैं। दोनों टीमों के बीच गेंदबाजी की जंग काफी करीबी होने वाली है।”
साउथ अफ्रीका ने मुकाबले से पहले रात 7 बजे से लेकर 10 बजे तक नेट्स पर जमकर अभ्यास किया। मार्को यानसेन और वियान मुल्डर ने लंबा स्पेल डाला, जबकि कागिसो रबाडा ने हल्की फील्डिंग ड्रिल्स की।
थकान को बहाना नहीं बनाएंगे – बावुमा
साउथ अफ्रीका की टीम को इस मैच से पहले काफी सफर करना पड़ा है। उन्हें पहले कराची से दुबई भेजा गया था और फिर वापस लाहौर लौटना पड़ा। बावुमा ने कहा कि टीम इस थकान को बहाना नहीं बनाएगी।
बावुमा ने कहा, “लॉजिस्टिकली चीजें बेहतर हो सकती थीं, लेकिन लड़कों ने दुबई में अच्छा वक्त बिताया। कुछ ने गोल्फ खेला तो कुछ ने सैर की। सभी ने समय का अच्छे से इस्तेमाल किया। इसीलिए हम थकान का बहाना नहीं बनाएंगे”
तीन हफ्ते पहले की हार से मिली सीख
साउथ अफ्रीका और न्यूजीलैंड ने तीन हफ्ते पहले लाहौर में एक मैच खेला था, जहां न्यूजीलैंड ने केन विलियमसन की शानदार शतकीय पारी की बदौलत जीत दर्ज की थी। बावुमा ने कहा कि उस मैच से टीम को कीवी टीम की ताकत और रणनीति के बारे में काफी कुछ सीखने को मिला।
उन्होंने कहा, “वो मुकाबला हमें न्यूजीलैंड की टीम को समझने में मददगार साबित हुआ। हमारी टीम में कुछ बदलाव हुए हैं, लेकिन हमें पता है कि वो कैसी रणनीति अपनाते हैं।”
दोनों टीमें अब फाइनल के लिए मैदान में उतरने के लिए तैयार हैं। साउथ अफ्रीका के पास इतिहास में 1998 के बाद पहली बार चैंपियंस ट्रॉफी जीतने का मौका है, जबकि न्यूजीलैंड भी इस बड़े टूर्नामेंट में 2000 के बाद अपना पहला खिताब जीतने के इरादे से उतरेगा।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







