पुलिस ने बांग्लादेश ‘ए’ टीम के तेज गेंदबाजी ऑलराउंडर तोफेल अहमद रायहान के खिलाफ युवती का यौन शोषण करने के आरोप में चार्जशीट दाखिल की है। गुलशन पुलिस स्टेशन के सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद समीउल इस्लाम ने 11 दिसंबर को इस बात की पुष्टि की। उन्होंने कहा कि यह चार्जशीट महिला एवं बाल उत्पीड़न निवारण अधिनियम की धारा 9(1) के तहत दाखिल की गई है।
फेसबुक पर पहले बात, उसके बाद हुआ प्यार

दस्तावेज़ों के अनुसार, शिकायतकर्ता के बयान, होटल के बुकिंग रिकॉर्ड, चिकित्सा परीक्षण और अन्य सबूतों के आधार पर पुलिस ने माना कि तोफेल के खिलाफ लगे आरोप के चलते ही चार्जशीट फाइल की है। सूत्रों के मुताबिक, इस मामले की अगली सुनवाई 30 दिसंबर को होगी, जब कोर्ट में आरोप पत्र ऑफिशियल रूप से पेश किया जाएगा।
चार्जशीट की मानें, तो तोफेल ने इस साल जनवरी में फेसबुक पर उक्त युवती से संपर्क किया था। मैसेंजर पर नियमित बातचीत धीरे-धीरे प्रेम संबंध में बदल गई। महिला ने शुरुआत में मना किया, लेकिन वह शादी के वादे पर राजी हो गई।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
शिकायत में कहा गया है कि 31 जनवरी को तोफेल उसे गुलशन के एक होटल में ले गया था, जहाँ स्टाफ को उसने युवती को अपनी पत्नी बताया और फिर कथित तौर पर उसकी सहमति के बिना यौन संबंध बनाए। इसके बाद अहमद ने कई बार आश्वासन दिया कि वह जल्द शादी करेगा लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
महिला का आरोप है कि बांग्लादेशी ऑलराउंडर ने उस पर कई बार हमला भी किया और जब उसने शादी पर जोर दिया, तो उसने साफ इनकार कर दिया। इसके बाद महिला ने 1 अगस्त को गुलशन पुलिस स्टेशन में बार-बार हुई यौन हिंसा की शिकायत दर्ज कराई।
अग्रिम जमानत में हांगकांग सुपर सिक्सेस में लिया भाग
24 सितंबर को हाई कोर्ट ने तोफेल को छह सप्ताह की अग्रिम जमानत दी। हालाँकि जमानत की शर्त यह थी कि वह समय खत्म होने से पहले महिला एवं बाल उत्पीड़न निवारण न्यायाधिकरण में सरेंडर करे। लेकिन उसने कोर्ट के आदेश का पालन नहीं किया। अग्रिम जमानत मिलने के बाद वह हांगकांग सुपर सिक्सेस में भी बांग्लादेश का प्रतिनिधित्व किया।

