Top 5 Batsman With Most 50 Plus Scores in Test Cricket
हाल ही में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट (Joe Root) ने श्रीलंका के खिलाफ लॉर्ड्स में खेले जा रहे टेस्ट मैच में 143 रनों की शानदार पारी खेली और अपनी टीम को पहली पारी में मजबूती दिलाई। इसी के साथ उन्होंने टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारियां खेलने के मामले में वेस्टइंडीज के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज शिवनारायण चंद्रपाल को पीछे छोड़ दिया।
जो रूट अब टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों की सूची में पांचवें स्थान पर आ चुके हैं। बता दें कि, चंद्रपाल ने अपने टेस्ट करियर में 164 मैचों की 280 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 96 बार 50+ रनों की पारी खेली थी। रूट ने श्रीलंका के खिलाफ मैनचेस्टर में खेले गए मुकाबले में उनकी बराबरी कर ली थी, लेकिन लॉर्ड्स टेस्ट में उन्हें इस मामले में पीछे छोड़ दिया। यहां हम आपको उन टॉप 5 बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारियां खेली हैं।
ये हैं वो टॉप 5 बल्लेबाज जिन्होंने टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार खेली हैं 50+ रनों की पारियां
5. जो रूट (Joe Root) – 97

इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट ने लॉर्ड्स टेस्ट में श्रीलंका के खिलाफ पहली पारी में 143 रन बनाकर टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारियां खेलने वाले बल्लेबाजों की टॉप 5 की सूची में अपना नाम दर्ज कराया है। रूट ने अपने करियर में अब तक 145* मैचों की 264 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 97 बार 50+ रनों की पारियां खेली हैं, जिसमें 33 शतक और 64 अर्धशतक शामिल हैं।
4. राहुल द्रविड़ (Rahul Dravid) – 164

‘द वॉल’ के नाम से मशहूर और 1996 में अपना टेस्ट करियर शुरू करने वाले भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज राहुल द्रविड़ को 2012 तक 168 मैचों की 287 पारियों में बल्लेबाजी करने का मौका मिला। इस दौरान द्रविड़ ने 99 बार 50+ रनों की पारियाँ खेली, जिसमें 36 शतक और 63 अर्धशतक शामिल रहे।
3. रिकी पोंटिंग (Ricky Ponting) – 103

ऑस्ट्रेलिया के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज एवं पूर्व कप्तान रिकी पोंटिंग ने अपने 1995 से 2012 तक के टेस्ट करियर में कुल 168 मुकाबले खेले थे। इस दौरान उन्होंने 287 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 103 बार 50+ रनों की पारियाँ खेली, जिसमें 41 शतक और 62 अर्धशतक शामिल रहे।
2. जैक्स कैलिस (Jacques Kallis) – 103

दक्षिण अफ्रीका के पूर्व ऑलराउंडर जैक्स कैलिस ने अपने टेस्ट करियर की शुरूआत 1995 में की थी और 2013 में अंत किया था। इस दौरान उन्होंने 166 मैचों की 280 पारियों में बल्लेबाजी करते हुए 103 बार 50+ रनों की पारियाँ खेली। कैलिस ने अपने टेस्ट करियर में 45 शतक और 58 अर्धशतक लगाए थे।
1. सचिन तेंदुलकर (Sachin Tendulkar) – 119

भारत के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर टेस्ट क्रिकेट इतिहास में सबसे ज्यादा रन बनाने, सबसे ज्यादा शतक लगाने, सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज होने के साथ-साथ सबसे ज्यादा 50+ रनों की पारियाँ खेलने वाले बल्लेबाज भी हैं। उन्होंने अपने 1989 से 2013 तक के टेस्ट करियर में 200 मुकाबले खेले, जिसकी 329 पारियों में उन्होंने 119 बार 50+ रनों की पारियाँ खेली हैं, जिसमें 51 शतक और 68 अर्धशतक लगाए हैं।







