Team India’s Victory Parade: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत हासिल करने के बाद पूरे देश में खुशी और जश्न का माहौल बना हुआ है। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया। अब क्रिकेट प्रेमी उस खास पल का बेसब्री से इंतजार कर रहे हैं, जब चैंपियन टीम मुंबई की सड़कों पर विक्ट्री परेड करेगी।
हालांकि BCCI ने अभी तक इसकी आधिकारिक तारीख की घोषणा नहीं की है, लेकिन तैयारियों को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं। ऐसा अनुमान लगाया जा रहा है कि टीम इंडिया की विक्ट्री परेड 11 या 12 मार्च को आयोजित की जा सकती है।
दिल्ली में पीएम मोदी से मुलाकात कर सकती है टीम इंडिया
रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम के खिलाड़ी सबसे पहले दिल्ली पहुंच सकते हैं, जहां उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है। बताया जा रहा है कि यह मुलाकात प्रधानमंत्री के आधिकारिक आवास पर हो सकती है। फाइनल में भारत की जीत के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने भी टीम को बधाई दी थी और इस जीत को देश के लिए गर्व का पल बताया था। इसके बाद मिलने की खबरे तेज हो गयी है।
मुंबई में हो सकता है भव्य रोड शो
दिल्ली से लौटने के बाद टीम इंडिया मुंबई पहुंचेगी, जहां भव्य ओपन-बस रोड शो होने की उम्मीद है। आमतौर पर ऐसी विक्ट्री परेड मरीन ड्राइव पर आयोजित की जाती है। माना जा रहा है कि इस रोड शो की शुरुआत मुंबई के प्रसिद्ध नरीमन पॉइंट के पास स्थित एनसीपीए से होगी। इसके बाद परेड का समापन ऐतिहासिक वानखेड़े स्टेडियम में किया जाएगा। पिछले आयोजनों को देखते हुए अनुमान है कि यह परेड शाम करीब 5 बजे शुरू हो सकती है, ताकि ज्यादा से ज्यादा फैंस इसमें हिस्सा ले सकें।
वानखेड़े में होगा विक्ट्री परेड का सम्मान समारोह
विक्ट्री परेड के बाद वानखेड़े स्टेडियम में एक खास कार्यक्रम आयोजित किए जाने की संभावना है। इस मौके पर बीसीसीआई(BCCI) टीम इंडिया को सम्मानित कर सकती है, खिलाड़ियों को 131 करोड़ की राशि भी दी जाएगी। इस कार्यक्रम के जरिए फैंस को अपने पसंदीदा खिलाड़ियों को करीब से देखने का मौका मिलेगा। मुंबई में ऐसी विक्ट्री परेड के दौरान सड़कों पर हजारों-लाखों प्रशंसक जुट जाते हैं, जिससे पूरा इलाका मानो ‘नीले समंदर’ में बदल जाता है।







