Wednesday, June 17

एशिया कप 2025 से पहले पाकिस्तान क्रिकेट से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आई है। पाकिस्तान के तेज़ गेंदबाज़ उस्मान खान शिनवारी ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का फैसला किया है।

वह अब पाकिस्तान की तरफ से कोई अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेलेंगे। इस तेज़ गेंदबाज़ ने लीग क्रिकेट खेलने की वजह से इंटरनेशनल क्रिकेट छोड़ने का फैसला किया है। वैसे भी उन्हें टीम में मौका नहीं मिल रहा था, इसलिए उन्हें निर्णय लेना आसान था।

लगातार नज़रअंदाज़ किए जाने की वजह से लिया संन्यास का फैसला

Usman Shinwari Retires From International Cricket
Usman Shinwari Retires From International Cricket

31 साल के शिनवारी ने 2013 से लेकर 2019 तक पाकिस्तान के लिए क्रिकेट खेला। उन्होंने 1 टेस्ट, 17 वनडे और 16 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले हैं। उनका डेब्यू दिसंबर 2013 में श्रीलंका के खिलाफ टी20 से हुआ था लेकिन वनडे में अपनी जगह बनाने के लिए 4 साल लग गए और तब जाकर 2017 में वनडे डेब्यू भी श्रीलंका के खिलाफ ही हुआ था।

Also Read: टी20 वर्ल्ड कप से पहले ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में मचा हड़कंप, मिचेल स्टार्क ने की संन्यास की घोषणा

शिनवारी एशिया कप 2018 में भी पाकिस्तान की टीम का हिस्सा थे, लेकिन पिछले कई सालों से टीम से बाहर चल रहे थे। उनका आखिरी इंटरनेशनल मैच 9 अक्टूबर 2019 को श्रीलंका के खिलाफ लाहौर में हुआ था। यह एक टी20 मैच था जहाँ उनका प्रदर्शन अच्छा नहीं था, जिसके चलते उन्हें उसके बाद टीम से बाहर कर दिया गया था।

2021 में टेस्ट क्रिकेट को कहा था अलविदा

2021 में उन्होंने टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था, ताकि वनडे और टी20 फॉर्मेट पर ध्यान दे सकें। इस दिग्गज तेज़ गेंदबाज़ ने मात्र 27 साल की उम्र में ही टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेकर सभी को हैरान कर दिया था। हालांकि उन्होंने बताया था कि उनकी पीठ में चोट थी, जिससे वह अब सही हो चुके हैं, लेकिन डॉक्टरों की सलाह के चलते चोटों से बचने के लिए उन्होंने टेस्ट क्रिकेट छोड़ दिया था।

शिनवारी के करियर का सबसे यादगार प्रदर्शन श्रीलंका के खिलाफ ही रहा। उन्होंने 2017 में शारजाह में खेले गए मुकाबले में 34 रन देकर 5 विकेट झटके थे और फिर साल 2019 में कराची में हुए मैच के दौरान 51 रन देकर 5 विकेट लिए थे। ये दोनों मैच उनके करियर के सबसे खास लम्हों में से थे।

लीग क्रिकेट खेलना जारी रखेंगे शिनवारी

उनके संन्यास की खबर सुनकर फैंस हैरान ज़रूर हैं, लेकिन शिनवारी ने ये भी कहा है कि वह घरेलू क्रिकेट और टी20 लीग्स में खेलना जारी रखेंगे। आजकल टी20 लीग काफ़ी बढ़ गई हैं, जिसके चलते खिलाड़ी लगातार कम उम्र में ही संन्यास ले रहे हैं, ताकि वे लीग क्रिकेट खेलकर पैसा कमा सकें। हालांकि अभी उन्होंने अपने फ्यूचर प्लान्स नहीं बताए हैं।

ऐसा रहा है शिनवारी का इंटरनेशनल क्रिकेट में प्रदर्शन

उस्मान शिनवारी ने पाकिस्तान के लिए सिर्फ़ 1 टेस्ट मुकाबला खेला है, जिसमें उन्होंने 54.00 की औसत से 1 विकेट लिया है। जबकि 17 वनडे मैचों में 18.61 की औसत और 22.5 के स्ट्राइक रेट से 34 विकेट लिए, जिसमें 2 फाइव-फर शामिल थे। वहीं, इस तेज गेंदबाज ने 16 टी20 मैचों में 32.61 की औसत और 8 की इकॉनमी से 13 विकेट लिए हैं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

आकाश अवस्थी स्पोर्ट्स डाइजेस्ट हिंदी में बतौर कंटेंट राइटर के पद पर कार्यरत हैं और स्पोर्ट्स जर्नलिज्म में दो वर्षों का अनुभव रखते हैं। इससे पहले वे इंडिया न्यूज़ और स्पोर्ट्सविकी जैसे प्रतिष्ठित प्लेटफॉर्म्स के साथ भी काम कर चुके हैं। क्रिकेट, कबड्डी और अन्य खेलों की बारीकियों को गहराई से समझना और उन्हें आसान व रोचक अंदाज में पाठकों तक पहुंचाना उनकी खासियत है। खेल जगत के साथ साथ पॉलिटिक्स की हर हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है।

Leave A Reply

Exit mobile version