Monday, February 2

Vaibhav Suryavanshi named Bihar Ranji Trophy vice-captain at 14: बिहार क्रिकेट संघ (BCA) ने रणजी ट्रॉफी 2025-26 सीजन के पहले दो राउंड के लिए 14 वर्षीय युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी को टीम का उपकप्तान नियुक्त किया है। टीम की कमान इस बार अनुभवी बल्लेबाज साकिबुल गनी के हाथों में सौंपी गई है।

यह फैसला सीजन शुरू होने से ठीक दो दिन पहले आया, जब बिहार क्रिकेट संघ को चयन समिति के गठन में देरी के कारण आखिरी समय पर बदलाव करने पड़े।

बता दें कि, BCA को हाल ही में बीसीसीआई के आदेश के बाद पांच सदस्यीय चयन समिति गठित करने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल, दो सदस्यीय पैनल के साथ ही यह घोषणा की गई है।

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड दौरों पर वैभव सूर्यवंशी ने किया था शानदार प्रदर्शन

वैभव सूर्यवंशी की यह तरक्की उनके हालिया शानदार प्रदर्शन का नतीजा है। भारत अंडर-19 टीम की ओर से ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उन्होंने तेज शुरुआत करते हुए पहला चार दिवसीय मैच ब्रिस्बेन में सिर्फ 78 गेंदों में शतक लगाया था। इस सीरीज़ में उन्होंने तीन पारियों में 133 रन बनाए और भारत को 2-0 की जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई।

इससे पहले इंग्लैंड दौरे पर भी सूर्यवंशी ने कमाल का प्रदर्शन किया था। वॉर्सेस्टर में खेले गए मैच में उन्होंने 143 रनों की पारी खेली, जो अंडर-19 वनडे इतिहास की सबसे तेज शतकों में से एक रही। उन्होंने पांच मैचों में कुल 355 रन बनाए, और 174.01 की स्ट्राइक रेट से सबसे ज्यादा रन जुटाए।

कम उम्र में सूर्यवंशी ने रणजी और IPL दोनों में किया धमाका

सूर्यवंशी ने जनवरी 2024 में महज 12 साल 284 दिन की उम्र में फर्स्ट-क्लास डेब्यू किया था। अब तक खेले गए पांच मैचों में उन्होंने 100 रन बनाए हैं, जिसमें उनका सर्वोच्च स्कोर 41 रहा है। हालांकि, अंडर-19 टीम की व्यस्तता के कारण उन्हें रणजी में लगातार मौके नहीं मिल पाए हैं। फिर भी, उन्होंने IPL 2025 में वह कर दिखाया जो अब तक किसी ने नहीं किया था।

राजस्थान रॉयल्स की ओर से खेलते हुए वैभव सूर्यवंशी ने गुजरात टाइटंस के खिलाफ जयपुर में 38 गेंदों पर 101 रन ठोककर पुरुष टी20 क्रिकेट के इतिहास में सबसे कम उम्र के शतकवीर बनने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। सिर्फ 13 साल की उम्र में IPL में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बनने के बाद, उन्होंने सात मैचों में बतौर ओपनर खेलते हुए 252 रन बनाए और उनका स्ट्राइक रेट 206.55 रहा।

बिहार का पिछला रणजी सीजन था बेहद खराब

बिहार क्रिकेट टीम के लिए पिछला सीजन किसी बुरे सपने से कम नहीं रहा। टीम ने रणजी ट्रॉफी 2024-25 में एक भी मैच नहीं जीता। वह प्लेट ग्रुप में सात मैचों में सिर्फ एक अंक हासिल कर सके।

इस बार बिहार अपनी मुहिम की शुरुआत 15 अक्टूबर से पटना में अरुणाचल प्रदेश के खिलाफ करेगा, जबकि दूसरा मैच 25 अक्टूबर से नडियाद में मणिपुर के खिलाफ खेला जाएगा।

बिहार क्रिकेट संघ की उम्मीदों का केंद्र बने सूर्यवंशी

बिहार क्रिकेट संघ अब वैभव सूर्यवंशी को भविष्य की नींव के रूप में देख रहा है। इतनी कम उम्र में सूर्यवंशी का क्रिकेटिंग टेम्परामेंट और रन बनाने की क्षमता सबका ध्यान खींच चुकी है। कुछ क्रिकेट विशेषज्ञों ने तो यह भी सुझाव दिया है कि वैभव को किसी मजबूत फर्स्ट क्लास स्ट्रक्चर में खेलना चाहिए, ताकि उनका टैलेंट और निखर सके।

हालांकि, बिहार क्रिकेट संघ उन्हें बनाए रखने के लिए हरसंभव प्रयास कर रहा है, ताकि टीम को फिर से एलीट लीग में जगह मिल सके।

अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 की तैयारी में व्यस्त रहेंगे सूर्यवंशी

वैभव सूर्यवंशी इस पूरे रणजी सीजन में शायद उपलब्ध नहीं रहेंगे, क्योंकि वह अगले साल की शुरुआत में होने वाले अंडर-19 वर्ल्ड कप के लिए भारतीय टीम में जगह बनाने की दौड़ में शामिल हैं। उनके प्रदर्शन को देखते हुए चयनकर्ताओं की निगाहें उन पर टिकी हुई हैं।

बिहार की रणजी ट्रॉफी 2025-26 टीम

पीयूष कुमार सिंह, भास्कर दुबे, साकिबुल गनी (कप्तान), वैभव सूर्यवंशी (उपकप्तान), अर्णव किशोर, आयुष लोहरूका, बिपिन सौरभ, आमोद यादव, नवाज़ खान, साकिब हुसैन, राघवेंद्र प्रताप सिंह, सचिन कुमार सिंह, हिमांशु सिंह, खालिद आलम, सचिन कुमार।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version