BCCI के नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मॉडल में बड़े बदलाव तय माने जा रहे हैं, जिनका असर सीधे विराट कोहली Virat Kohli और Rohit Sharma जैसे सीनियर खिलाड़ियों पर पड़ सकता है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) अब अपने सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में बड़ा बदलाव करने की तैयारी में है। रिपोर्ट के मुताबिक ग्रेड A+ कैटेगरी को पूरी तरह खत्म किया जा सकता है। अगर यह प्रस्ताव मंजूर होता है, तो टीम इंडिया के दिग्गज खिलाड़ी विराट कोहली और रोहित शर्मा को ग्रेड B में रखा जा सकता है।
यह बदलाव ऐसे समय में सामने आया है, जब दोनों खिलाड़ी फिलहाल केवल वनडे फॉर्मेट में भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। BCCI के सूत्रों के अनुसार बोर्ड अब परफॉर्मेंस और फॉर्मेट कमिटमेंट को ज्यादा अहमियत देने की दिशा में सोच रहा है।
सलेक्शन कमेटी ने रखा A+ कैटेगरी को खत्म करने का प्रस्ताव
भारतीय टीम की सलेक्शन कमेटी, जिसकी अगुवाई अजीत अगरकर कर रहे हैं, ने मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट स्ट्रक्चर में बदलाव का प्रस्ताव रखा है। इस प्रस्ताव के तहत A+ कैटेगरी को भी खत्म करने की सिफारिश की गई है, जिसमें सालाना 7 करोड़ रुपये की रिटेनर फीस मिलती थी।
नई व्यवस्था में केवल तीन कैटेगरी रखने की योजना है, जिसमें A, B और C ग्रेड शामिल होंगे। अभी इस मॉडल पर अंतिम फैसला लिया जाना बाकी है और आने वाली एपेक्स काउंसिल मीटिंग में इस पर मुहर लग सकती है।
मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम कैसा है?
BCCI के मौजूदा सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट सिस्टम में खिलाड़ियों को A+, A, B और C ग्रेड में रखा जाता है। A+ ग्रेड में शामिल खिलाड़ियों को 7 करोड़ रुपये, A ग्रेड को 5 करोड़ रुपये, B ग्रेड को 3 करोड़ रुपये और C ग्रेड के खिलाड़ियों को 1 करोड़ रुपये सालाना मिलते हैं। इसके अलावा मैच फीस अलग से दी जाती है।
BCCI की सेन्ट्रल कॉन्ट्रैक्ट लिस्ट में अलग-अलग ग्रेड में शामिल खिलाड़ी
ग्रेड A+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जडेजा
ग्रेड A: मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पांड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत
ग्रेड B: सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर
ग्रेड C: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, ऋतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नीतिश कुमार रेड्डी, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा।
क्या होगा आगे का फैसला?
अब सबकी नजर BCCI की एपेक्स काउंसिल की अगली मीटिंग पर टिकी है, जहां इस नए सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट मॉडल पर अंतिम फैसला लिया जा सकता है। अगर यह प्रस्ताव पास होता है, तो यह भारतीय क्रिकेट के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट इतिहास का सबसे बड़ा बदलाव माना जाएगा और सीनियर खिलाड़ियों की भूमिका और प्राथमिकता पर भी नए सिरे से चर्चा शुरू होगी।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







