एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण टी20 वर्ल्ड कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज टीम चार दिन से ज्यादा समय से भारत में फंसी हुई है।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज टीम को अब एक नई परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण कैरेबियाई टीम पिछले चार दिनों से ज्यादा समय से भारत में ही फंसी हुई है और अभी तक खिलाड़ियों की घर वापसी नहीं हो सकी है।
दरअसल, अमेरिका और इजरायल की ओर से ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद खाड़ी क्षेत्र में सुरक्षा स्थिति को देखते हुए कई अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के मार्ग प्रभावित हुए हैं। इसी वजह से कई एयरलाइनों को अपने शेड्यूल में बदलाव करना पड़ा है, जिसके चलते वेस्टइंडीज टीम की वापसी भी टल गई है।
डैरेन सैमी ने सोशल मीडिया पर जताई नाराजगी
वेस्टइंडीज के हेड कोच डैरेन सैमी (Daren Sammy) ने इस पूरे मामले पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नाराजगी जाहिर की। उन्होंने पोस्ट करते हुए लिखा कि वह सिर्फ अपने घर वापस जाना चाहते हैं।
इसके कुछ घंटे बाद उन्होंने एक और पोस्ट करते हुए कहा कि, “कम से कम अपडेट तो दो, हमें कुछ तो बताओ। आज, कल या अगले हफ्ते, क्योंकि अब पांच दिन हो चुके हैं।”
At least an update, tell us something. Today tmw, next week. It’s been 5 days
— Daren Sammy (@darensammy88) March 5, 2026
कुछ खिलाड़ी भारत में ही रुक सकते हैं
इस बीच वेस्टइंडीज टीम के कुछ खिलाड़ी भारत में ही रुक सकते हैं, क्योंकि उनकी आईपीएल 2026 के लिए प्री सीजन कैंप जल्द शुरू होने वाले हैं।
रोवमैन पॉवेल (Rovman Powell) कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़े हुए हैं और उनकी टीम का कैंप 18 मार्च से शुरू होने वाला है। वहीं शेरफेन रदरफोर्ड (Sherfane Rutherford) मुंबई इंडियंस का हिस्सा हैं, शिमरोन हेटमायर (Shimron Hetmyer) राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हैं और रोमारियो शेफर्ड (Romario Shepherd) रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम में शामिल हैं।
आईसीसी कर रहा है यात्रा की व्यवस्था
कोलकाता के क्रिकेट एसोसिएशन ऑफ बंगाल के एक अधिकारी के अनुसार, वेस्टइंडीज टीम की यात्रा से जुड़ा पूरा मामला इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल देख रहा है। फिलहाल टीम के लिए चार्टर्ड फ्लाइट की व्यवस्था करने की कोशिश की जा रही है।
उधर क्रिकेट वेस्टइंडीज ने भी बयान जारी कर बताया कि टीम की वापसी अंतरराष्ट्रीय एयरस्पेस प्रतिबंधों के कारण प्रभावित हुई है और बोर्ड आईसीसी व संबंधित अधिकारियों के साथ मिलकर खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने की कोशिश कर रहा है।
इस बीच जिम्बाब्वे टीम के कुछ खिलाड़ी भी इसी वजह से भारत में फंसे हुए थे, जिन्हें आईसीसी ने वैकल्पिक रूट के जरिए अदीस अबाबा के रास्ते घर भेजना शुरू कर दिया है।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।







