वेस्टइंडीज और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच में रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। यह मैच ढाका के शेरे-ए-बांग्ला स्टेडियम में खेला गया था। बांग्लादेश ने पहले खेलते हुए 50 ओवर में 7 विकेट पर 213 रन बनाए। जवाब में वेस्टइंडीज की टीम ने भी 50 ओवर में 9 विकेट खोकर 213 रन बना लिए, जिससे मैच टाई हो गया। इसके बाद सुपर ओवर में वेस्टइंडीज ने 10 रन बनाए, जबकि बांग्लादेश की टीम केवल 9 रन ही बना सकी। इस तरह वेस्टइंडीज ने मुश्किल मुकाबले में जीत हासिल की और तीन मैचों की सीरीज 1-1 की बराबरी पर आ गई है।
लास्ट ओवर में वेस्टइंडीज के बल्लेबाज नहीं बना सके 5 रन
रन चेज के दौरान आखिरी ओवर में वेस्टइंडीज को जीत के लिए सिर्फ 5 रन चाहिए थे, और लग रहा था कि टीम आसानी से मैच जीत जाएगी। लेकिन ऐसा नहीं हुआ। ओवर की पहली दो गेंदों पर अकील हुसैन कोई रन नहीं बना सके। तीसरी गेंद पर उन्होंने एक रन लिया और शाई होप स्ट्राइक पर आ गए। चौथी गेंद पर होप ने एक सिंगल लिया, अब वेस्टइंडीज को 2 गेंदों में 3 रन चाहिए थे। पांचवीं गेंद पर अकील हुसैन बोल्ड हो गए। आखिरी गेंद पर खैरी पैरी ने जोरदार शॉट मारा, विकेटकीपर ने कैच छोड़ दिया और इस दौरान बल्लेबाजों ने दो रन लेकर मैच टाई करा दिया।
दूसरे वनडे मुकाबले का हाल
मैच में पिच बल्लेबाजों के लिए थोड़ी मुश्किल रही। बांग्लादेश ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया और 213 रन बनाए। टीम के लिए सौम्य सरकार ने सबसे ज्यादा 45 रन बनाए, रिशाद होसैन ने 39 रन जोड़े और मेहदी हसन मिराज ने 32 रन का योगदान दिया। वेस्टइंडीज की ओर से गुडाकेश मोती ने सबसे ज्यादा 3 विकेट लिए।

लक्ष्य का पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम भी 213 रन ही बना सकी और मैच टाई हो गया। टीम की ओर से शाई होप ने शानदार अर्धशतक लगाया, जबकि केसी कार्टी ने 35 रन बनाए। बांग्लादेश की तरफ से रिशाद होसैन ने 3 विकेट झटके और नसुम अहमद व तनवीर इस्लाम ने 2-2 विकेट हासिल किए।







