Thursday, March 19

मौजूदा वक्त में टीम इंडिया के सभी खिलाड़ी इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2024 में व्यस्त हैं। इसके बाद 2 जून से अमेरिका और वेस्टइंडीज की संयुक्त मेजबानी में होने वाले टी20 विश्वकप में टीम इंडिया को जाना है। इसके लिए मंगलवार को बीसीसीआई ने टीम की घोषणा कर दी। रोहित शर्मा की अगुवाई में टीम इंडिया विश्व विजेता बनने के लिए आईपीएल में जमकर तैयारी कर रही है। इस वक्त टीम इंडिया के पास बल्लेबाज, विकेटकीपर और गेंदबाजी के लिए बहुत सारे विकल्प हैं। अब ऐसे में जो चयनकर्ताओं ने जिन 15 खिलाड़ियों को टी20 विश्वकप के लिए चुना है, उसमें कई स्टार खिलाड़ी शामिल नहीं किए गए हैं।

रोहित के लिए होगी चुनौती

कुल मिलाकर कहा जाए तो टी20 विश्वकप के लिए टीम इंडिया में कई ऐसी चीजें हैं, जो कि चिंताजनक हैं। ऐसे में रोहित के लिए अमेरिका और वेस्टइंडीज में होने वाले क्रिकेट के इस कुंभ में चुनौतियों से पार पाना आसान नहीं होगा। इसके अलावा फैंस और पूर्व क्रिकेटर्स ने टी20 विश्वकप के लिए चुने गए कुछ खिलाड़ियों के चयन पर सवाल खड़े कर रहे हैं। जैसे कि केएल राहुल को स्क्वॉड में शामिल नहीं किया गया है, जबकि इस वक्त ऋषभ पंत से बेहतर स्ट्राइक रेट राहुल का है। आइए ऐसे में आगामी टी20 विश्वकप 2024 के में टीम इंडिया की कमजोरी और ताकत पर चर्चा कर लेते हैं।


ये है टीम इंडिया की कमजोरी

हांलाकि सभी लोग टी20 विश्वकप में टीम इंडिया को मजबूत बता रहे हैं और उसकी ताकत के बारे में चर्चा कर रहे हैं। लेकिन यहां पर हम आपको पहले टीम इंडिया की कमजोरी के बारे में बताएंगे। इस वक्त टीम इंडिया के पास कोई ऐसा ऑलराउंडर खिलाड़ी नहीं है, जो पल भर में खेल का रुख बदल सके। हांलाकि उपकप्तान के रूप में हार्दिक पांड्या हैं, लेकिन वो मौजूदा वक्त में बेहद खराब फॉर्म से जूझ रहे हैं। मध्यक्रम में टीम इंडिया के पास ऐसे खिलाड़ियों की कमी दिख रही है, जो खराब स्थिति को सही में तबदील कर सकें। इसके बाद यदि बात करें गेंदबाजी की तो मोहम्मद शमी के चोटिल होने के बाद टीम को उनकी कमी खल रही है। मोहम्मद सिराज अपनी लय में नहीं दिख रहे हैं। अर्शदीप सिंह कई मौकों पर रन लुटाते हुए दिखाई देते हैं। इसके अलावा इस टीम में कई खिलाड़ी ऐसे भी हैं, जो औसत दर्जें की फील्डिंग करते हैं।

टीम इंडिया की ताकत

टी20 विश्वकप 2024 में टीम इंडिया के लिए सबसे बड़ी ताकत के रूप में विराट कोहली सबसे आगे नजर आते हैं। आईपीएल 2024 में कोहली सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इस वक्त ओरेंज कैप भी उन्हीं के पास है। विराट कोहली का सही फॉर्म में आने टीम इंडिया के लिए अच्छा संकेत हैं। सूर्यकुमार यादव चोट से वापसी कर रहे हैं। कप्तान रोहित शर्मा एक शानदार कप्तान के साथ-साथ ताबड़तोड़ बल्लेबाज भी हैं। यदि उनका बल्ला चला तो विरोधी गेंदबाजों की खैर नहीं।

इसके अलावा टीम के स्क्वॉड में जसप्रीत बुमराह भी हैं। बुमराह मौजूदा वक्त में दुनिया में सबसे बेहतरीन तेज गेंदबाज हैं। इसके अलावा कुलदीप यादव और युजवेंद्र चहल की जोड़ी कभी भी मैच का रुख बदलने की ताकत रखती है।

ये भी पढ़ें: कप्तान हार्दिक पर BCCI ने लिया ये बड़ा एक्शन, IPL से हो सकते हैं बैन

Share.

साल 2020 से स्पोर्ट्स पत्रकारिता में एक सिपाही के तौर पर कार्यरत हूं। प्रत्येक खेल में उसके सभी पहलुओं के धागे खोलकर आपके सामने रखने की कोशिश करूंगा। विराट व रोहित का बल्ला धोखा दे सकता है, लेकिन आपको यहां खबरों की विश्वसनियता पर कभी धोखा नहीं मिलेगा। बचपन से ही क्रिकेट के साथ-साथ अन्य खेलों में खास दिलचस्पी होने के कारण इसके बारे में लिखना बेहद पसंद है।

Leave A Reply

Exit mobile version