भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह और उत्तर प्रदेश के मछलीशहर सीट की युवा सांसद प्रिया सरोज 8 जून को सगाई करने जा रहे हैं। यह सगाई लखनऊ के एक भव्य 7-स्टार होटल में आयोजित की जाएगी, हालांकि अभी तक जगह का खुलासा नहीं किया गया है। वहीं, दोनों की शादी 18 नवंबर 2025 को वाराणसी के होटल ताज में होगी। क्रिकेट और राजनीति की इस जोड़ी की चर्चा सोशल मीडिया से लेकर पॉलिटिकल गलियारों तक हो रही है।
कौन हैं रिंकू सिंह की होने वाली पत्नी प्रिया सरोज?
प्रिया सरोज का ताल्लुक उत्तर प्रदेश के वाराणसी ज़िले के करखियाँव गांव से है। वह सपा नेता तूफानी सरोज की बेटी हैं, जो खुद तीन बार सांसद रह चुके हैं और वर्तमान में केराकत से विधायक हैं। प्रिया ने सिर्फ 25 साल की उम्र में राजनीति में इतिहास रच दिया। उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव में मछलीशहर सीट से चुनाव जीतकर संसद में एंट्री की और बीजेपी के कद्दावर नेता बीपी सरोज को 35 हजार से ज्यादा वोटों से हराया।
हालांकि, राजनीति प्रिया की पहली पसंद नहीं थी। कोरोना महामारी के दौरान वह न्यायिक सेवा की तैयारी कर रही थीं और ऑनलाइन क्लास अटेंड कर रही थीं, तभी उन्हें समाजवादी पार्टी से लोकसभा टिकट मिला।
प्रिया ने एयर फोर्स गोल्डन जुबली इंस्टीट्यूट से शुरुआती पढ़ाई की, इसके बाद दिल्ली यूनिवर्सिटी और एमिटी यूनिवर्सिटी से क़ानून की पढ़ाई की। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट में वकालत भी की है। आज वे अपनी तेज़ सोच और कानूनी समझ के लिए चर्चा में हैं।
रिंकू सिंह और प्रिया सरोज की मुलाकात कैसे हुई?
यह कहानी किसी फिल्मी लव स्टोरी से कम नहीं है। रिंकू और प्रिया की पहली मुलाकात एक कॉमन कनेक्शन के ज़रिए हुई। प्रिया की एक दोस्त के पिता, जो खुद क्रिकेटर हैं और रिंकू को भी जानते थे, उन्होंने दोनों को एक-दूसरे से मिलवाया।
सूत्रों के अनुसार, रिंकू और प्रिया पिछले एक साल से एक-दूसरे को जानते हैं। दोनों को एक-दूसरे के लिए पसंद तो थी, लेकिन उन्होंने परिवार की रज़ामंदी मिलने के बाद ही अगला कदम उठाने का फैसला किया।
नवंबर में होंगी रिंकू और प्रिया की शादी
रिंकू सिंह और प्रिय सरोज की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली है। क्रिकेट और राजनीति के इस मेल को लेकर फैंस खासे उत्साहित हैं। रिंकू सिंह की लोकप्रियता और प्रिया सरोज की राजनीतिक पहचान मिलकर इस शादी को खास बनाने जा रही हैं। उम्मीद की जा रही है कि शादी में फिल्मी सितारों, राजनीतिक हस्तियों और क्रिकेट जगत के दिग्गजों की मौजूदगी होगी।
सगाई से जुड़ी तस्वीरें और शादी की अन्य डिटेल्स जल्द ही सामने आ सकती हैं। लेकिन इतना तो तय है कि यह जोड़ी अब केवल पर्सनल नहीं, प्रोफेशनल लाइमलाइट में भी साथ नजर आने वाली है।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

