रियल मनी गेमिंग पर प्रतिबंध लगने के बाद ड्रीम11 ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के साथ अपना कॉन्ट्रैक्ट समय से पहले ही खत्म कर दिया। इसके बाद अब भारतीय टीम के लिए नए प्रमुख स्पॉन्सर की तलाश की जा रही है। इसी संबंध में 2 सितंबर 2025 को विज्ञापन जारी किया गया।
नए स्पॉन्सर के लिए BCCI की गाइडलाइन्स
NEWS 🚨 – BCCI announces the release of the Invitation for Expression of Interest for National Team Lead Sponsor Rights
More details here 👇https://t.co/Qx6YZvYWrw pic.twitter.com/0e0vCoIdBT
— BCCI (@BCCI) September 2, 2025
2 सितंबर 2025 से भारतीय पुरुष और महिला राष्ट्रीय क्रिकेट टीमों के लिए नए प्रमुख प्रायोजक की नियुक्ति प्रक्रिया शुरू हुई। इसके लिए BCCI ने नियम और शर्तें जारी की हैं। इच्छुक कंपनी को आवेदन के लिए 5,00,000 रुपये का गैर-वापसी योग्य शुल्क और उस पर 18% GST (कुल 5,90,000 रुपये) का भुगतान करना होगा। अंतरराष्ट्रीय ब्रांड्स के लिए यह शुल्क 5,675 अमेरिकी डॉलर तय किया गया है।
आवेदन की महत्वपूर्ण तिथियां
- IEOI (Invitation for Expression of Interest) जारी होने की तिथि: 2 सितंबर 2025
- IEOI खरीदने की अंतिम तिथि: 12 सितंबर 2025
- दस्तावेज़ जमा करने की अंतिम तिथि: 16 सितंबर 2025
किन कंपनियों को मिलेगा मौका?
केवल वही कंपनियां बोली में शामिल हो सकती हैं जिनका पिछले तीन सालों का टर्नओवर या नेटवर्थ 300 करोड़ रुपये से अधिक हो। बीसीसीआई ने अभी तक यह साफ नहीं किया है कि नए स्पॉन्सरशिप की अवधि कितनी होगी।
ड्रीम11 ने 2023 में 3 साल का कॉन्ट्रैक्ट किया था, जिसकी वैल्यू 358 करोड़ रुपये थी। लेकिन सरकार द्वारा रियल मनी गेमिंग पर रोक लगाए जाने के कारण उसे एक साल पहले ही अनुबंध समाप्त करना पड़ा।
किन्हें बोली लगाने से रोका गया है?
क्रिप्टो ट्रेडिंग, ऑनलाइन मनी गेमिंग, सट्टेबाजी या जुए से जुड़ी कंपनियां सीधे या परोक्ष रूप से बोली नहीं लगा सकेंगी। ऑनलाइन गेमिंग प्रमोशन और रेगुलेशन एक्ट, 2025 के तहत कुछ श्रेणियों को पूरी तरह अयोग्य घोषित किया गया है। जिन ब्रांड्स को बोली लगाने से रोका गया है उनमें तंबाकू, शराब, पोर्नोग्राफी, क्रिप्टोकरेंसी और ऐसी सभी संस्थाएं शामिल हैं, जो सार्वजनिक नैतिकता को ठेस पहुँचाती हैं। नीचे बीसीसीआई द्वारा बिडिंग से रोकी गई श्रेणियों के बारे में बताया जा रहा है।
- बीसीसीआई द्वारा ब्लॉक्ड ब्रांड श्रेणियां
- एथलेजर और स्पोर्ट्सवियर निर्माता
- बैंक, बैंकिंग व वित्तीय सेवाएं और गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनियां
- गैर-अल्कोहलिक कोल्ड ड्रिंक्स
- पंखे, मिक्सर-ग्राइंडर, सुरक्षा ताले
- बीमा कंपनियां
बड़ी कंपनियों के लिए सुनहरा अवसर
भारतीय क्रिकेट टीम दुनिया की सबसे पॉपुलर टीमों में से एक है। इसलिए किसी भी बड़े ब्रांड के लिए टीम इंडिया की नीली जर्सी पर अपना लोगो पाना न सिर्फ गर्व की बात है, बल्कि एक बड़ा बिज़नेस अवसर भी है। इस बार भी प्रमुख कंपनियों के बीच स्पॉन्सरशिप पाने की होड़ देखने को मिलेगी।







