Thursday, March 19

भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए वनडे वर्ल्ड कप का खिताब हमेशा एक अधूरा सपना रहा है। कई बार टीम फाइनल के करीब पहुंची, लेकिन आखिरी पड़ाव पर जीत हाथ से निकल गई। 2005, 2017 और 2022 जैसे टूर्नामेंट में मिली हार ने टीम और फैंस दोनों को निराश किया है। हालांकि, इस बार तस्वीर कुछ अलग है। कप्तान हरमनप्रीत कौर को विश्वास है कि घरेलू मैदान, फैंस का जोश और टीम का पूरा समर्पण मिलकर इस सपने को हकीकत में बदल देंगे।

सोमवार को मुंबई में आयोजित 50 दिन की काउंटडाउन सेरेमनी में हरमनप्रीत ने कहा, “घर के दर्शकों के सामने खेलना हमेशा खास होता है। इस बार हम अपना 100 प्रतिशत देंगे और वो जीत हासिल करेंगे, जिसका इंतजार भारतीय फैंस सालों से कर रहे हैं।”

भारत का वर्ल्ड कप सफर और 2017 की यादें

भारतीय महिला क्रिकेट टीम का वर्ल्ड कप इतिहास संघर्ष और शानदार पलों से भरा है। 2005 में टीम फाइनल में पहुंची, लेकिन ऑस्ट्रेलिया से हार गई। 2009 में तीसरा स्थान हासिल किया, जबकि 2013 में सातवें स्थान पर रही। इसके बाद 2017 में टीम ने फाइनल तक पहुंचकर इतिहास रचा, लेकिन उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ बेहद नजदीकी मुकाबले में हार मिली। इसके बाद 2022 में टीम पांचवें स्थान पर रही।

2017 का टूर्नामेंट भारतीय महिला क्रिकेट के लिए काफी ऐतिहासिक था। खासकर, हरमनप्रीत कौर की 171 रनों की तूफानी पारी, जो आज भी फैंस के दिलों में बसी है और टीम को विश्वास दिलाती है कि बड़े मौकों पर भारत किसी को भी चुनौती दे सकता है।

2025 वर्ल्ड कप का शेड्यूल और वेन्यू

महिला वनडे वर्ल्ड कप 2025 की शुरुआत 30 सितंबर से होगी और 2 नवंबर को खिताबी मुकाबला खेला जाएगा। इस टूर्नामेंट के अलग-अलग मुकाबले पांच शहरों बेंगलुरु, विशाखापट्टनम, इंदौर, गुवाहाटी और कोलंबो में खेले जाएंगे। इसका उद्घाटन मुकाबला भारत और श्रीलंका के बीच एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम, बेंगलुरु में खेला जाएगा।

गौरतलब हो कि, बेंगलुरु में कुल चार मैच खेले जाएंगे, जिनमें एक सेमीफाइनल और संभवतः फाइनल भी शामिल है। हालांकि, कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन को अब भी अनुमति का इंतजार है, जिससे वहां के मैचों पर थोड़ी अनिश्चितता बनी हुई है।

काउंटडाउन लॉन्च में सितारों की मौजूदगी

मुंबई में आयोजित काउंटडाउन लॉन्च इवेंट में भारतीय महिला क्रिकेट की स्टार्स स्मृति मंधाना और जेमिमाह रॉड्रिग्स के साथ कप्तान हरमनप्रीत कौर भी मौजूद थीं। इस कार्यक्रम का उद्घाटन आईसीसी चेयरमैन जय शाह ने किया।

उन्होंने कहा कि भारत में वर्ल्ड कप का आयोजन महिला क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक मौका है, जो न सिर्फ खेल की लोकप्रियता बढ़ाएगा, बल्कि नई पीढ़ी की लड़कियों को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

जय शाह ने यह भी कहा कि आईसीसी महिलाओं के क्रिकेट को बढ़ाने के लिए लगातार नए आइडिया और सुझावों का स्वागत करता है।

घरेलू मैदान का फायदा और टीम की उम्मीदें

क्रिकेट में घरेलू मैदान का फायदा अक्सर निर्णायक साबित होता है। फैंस की ऊर्जा, पिच का अनुभव और माहौल से मिलने वाला आत्मविश्वास खिलाड़ियों को अतिरिक्त ताकत देता है। भारतीय पुरुष टीम की तरह अब महिला टीम भी इस मौके का पूरा फायदा उठाना चाहती है।

हरमनप्रीत कौर का मानना है कि यह उनके करियर का सबसे बड़ा चैलेंज और सबसे बड़ा मौका है। टीम इंडिया इस बार किसी भी स्थिति में खिताब जीतने के इरादे से मैदान पर उतरेगी और लाखों फैंस को भरोसा है कि घरेलू मैदान पर यह सपना जरूर पूरा होगा।

क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version