Sunday, February 15

WPL 2026 के एलिमिनेटर में दिल्ली कैपिटल्स ने टॉस जीतकर चेज का रास्ता चुना, जबकि गुजरात जायंट्स एक बार फिर बड़ा स्कोर खड़ा करने उतरी।

वीमेंस प्रीमियर लीग 2026 का एलिमिनेटर मुकाबला आज गुजरात जायंट्स वीमेन और दिल्ली कैपिटल्स वीमेन के बीच वडोदरा में खेला जा रहा है। यह मुकाबला सीधे फाइनल की राह तय करेगा क्योंकि जीतने वाली टीम को खिताबी मुकाबले में जगह मिलेगी। दोनों टीमों के लिए यह सीजन का सबसे अहम मैच है।

इस सीजन में गुजरात और दिल्ली की भिड़ंत को अब तक टूर्नामेंट की सबसे रोमांचक टक्कर माना गया है। दोनों टीमें दो बार आमने सामने आ चुकी हैं और दोनों ही मैच आखिरी ओवर तक गए, जिनमें गुजरात ने जीत हासिल की थी।

टॉस का फैसला और कप्तानों की सोच

दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। कप्तान जेमिमाह रोड्रिग्स ने कहा कि पिच नई है और कोई भी लक्ष्य चेज किया जा सकता है। उन्होंने टीम से सिर्फ अपनी चीजों पर ध्यान रखने और दबाव को खुद पर हावी न होने देने की बात कही। दिल्ली की टीम इस मुकाबले में बिना किसी बदलाव के उतरी है।

गुजरात जायंट्स वीमेन की कप्तान एश्ले गार्डनर ने कहा कि उनकी टीम वैसे भी पहले बल्लेबाजी करना चाहती थी। उन्होंने माना कि चेज करना इस टूर्नामेंट का ट्रेंड रहा है, लेकिन उनकी टीम के पास इतना दम है कि वह उस ट्रेंड को चुनौती दे सके। उन्होंने यह भी कहा कि ओपनिंग जोड़ी काफी अनुभवी है और हालात के अनुसार खुद को ढाल सकती है।

पिच रिपोर्ट

यह मैच पिच नंबर पांच पर खेला जा रहा है, जिसका इस सीजन में पहली बार इस्तेमाल हो रहा है। पिच के नीचे की सतह सूखी है, जिससे अच्छी बाउंस मिलने की उम्मीद है। शुरुआत में बल्लेबाजों को भरोसेमंद उछाल मिलेगी, जिससे शॉट खेलना आसान रहेगा।

जैसे जैसे मैच आगे बढ़ेगा, पिच थोड़ा धीमा हो सकती है। यहां सीधे शॉट खेलना ज्यादा सुरक्षित माना जा रहा है। औसतन इस पिच पर 170 से 175 रन का स्कोर जीत के लिए मजबूत माना जाता है। ऐसे में गुजरात जायंट्स की नजर एक बार फिर 170 से ऊपर का स्कोर बनाने पर होगी।

दोनों टीमों की हालिया फॉर्म

गुजरात जायंट्स वीमेन का रिकॉर्ड इस सीजन में पहले बल्लेबाजी करते हुए काफी मजबूत रहा है। उन्होंने जब भी पहले बैटिंग की है, ज्यादातर मुकाबले जीते हैं। वहीं दिल्ली कैपिटल्स वीमेन ने अपने अधिकतर मैच लक्ष्य का पीछा करते हुए जीते हैं।

इसी वजह से टॉस का फैसला दोनों टीमों की पुरानी रणनीति के मुताबिक ही रहा और किसी को हैरानी नहीं हुई।

दोनों टीमों की प्लेइंग XI

गुजरात जायंट्स वीमेन: बेथ मूनी, सोफी डिवाइन, अनुष्का शर्मा, एश्ले गार्डनर, जॉर्जिया वेयरहैम, भारती फुलमाली, कनिका आहूजा, काश्वी गौतम, तनुजा कंवर, राजेश्वरी गायकवाड़, रेणुका सिंह

दिल्ली कैपिटल्स वीमेन: लिजेल ली, शेफाली वर्मा, लॉरा वुल्वार्ट, जेमिमाह रोड्रिग्स, मारिजान कैप, सिनेल हेनरी, निकी प्रसाद, स्नेह राणा, मिन्नू मणि, नंदनी शर्मा, श्री चरणी

मैच से क्या उम्मीद

गुजरात जायंट्स वीमेन अपनी मजबूत बल्लेबाजी के दम पर एक और बड़ा स्कोर खड़ा करना चाहेगी। वहीं दिल्ली कैपिटल्स वीमेन को भरोसा है कि उनकी चेज करने की क्षमता उन्हें फाइनल तक पहुंचा सकती है।

एलिमिनेटर का दबाव, पुरानी हार जीत की कहानी और फाइनल का सपना, इन सबके बीच एक हाई वोल्टेज मुकाबले की पूरी उम्मीद है।

WPL 2026 से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुकइंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version