लियोनेल मेसी ने अपने करियर में लगभग हर संभव ट्रॉफी जीत ली है। आठ बार के बैलन डी’ओर विजेता, चार बार के चैंपियंस लीग चैंपियन, कोपा अमेरिका और फीफा वर्ल्ड कप जीतने वाले मेसी अब 2026 वर्ल्ड कप को लेकर चर्चा में हैं। उन्होंने कहा है कि वह इस पर गंभीरता से सोच रहे हैं लेकिन अभी तक कोई अंतिम फैसला नहीं लिया है।

मेसी ने कहा- मैं झूठ बोलूंगा अगर कहूं कि मैं नहीं सोच रहा

एक इंटरव्यू में जब उनसे 2026 वर्ल्ड कप को लेकर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने साफ तौर पर कहा, “मैं झूठ बोलूंगा अगर कहूं कि मैं इसके बारे में नहीं सोच रहा। इस साल यह तय करने में अहम होगा कि मैं 2026 वर्ल्ड कप खेलूंगा या नहीं।” उन्होंने यह बयान Simplemente Futbol को दिए इंटरव्यू में दिया।

2022 में कतर वर्ल्ड कप जीतने वाली अर्जेंटीना टीम का हिस्सा रहे मेसी का यह बयान उनके लाखों फैन्स के लिए उम्मीद की किरण की तरह है।

क्लब करियर और मौजूदा फॉर्म

मेसी इस समय अमेरिका की मेजर लीग सॉकर (MLS) की टीम इंटर मियामी के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने 2023 में पेरिस सेंट-जर्मेन को छोड़कर इस क्लब को जॉइन किया था। वह मौजूदा सीजन में जबरदस्त फॉर्म में हैं। उन्होंने MLS में अब तक 5 मुकाबलों में 3 गोल दागे और 2 असिस्ट दिए हैं। इसके अलावा, CONCACAF चैंपियंस कप में भी उन्होंने पांच गोल किए हैं, जिनमें लॉस एंजेलेस एफसी के खिलाफ क्वार्टरफाइनल में किया गया ब्रेस भी शामिल है।

क्लब से लेकर देश तक, हर स्तर पर सफलता

लियोनेल मेसी ने अब तक कुल 1093 मुकाबले खेले हैं, जिनमें से 191 मुकाबले अर्जेंटीना के लिए रहे हैं। उन्होंने देश के लिए 112 गोल किए हैं, जो अपने आप में एक रिकॉर्ड है। बार्सिलोना से करियर की शुरुआत करने वाले मेसी 2004 में पहली बार क्लब की सीनियर टीम का हिस्सा बने थे। उन्होंने 2021 तक बार्सिलोना के लिए खेला और इसके बाद पेरिस सेंट-जर्मेन से होते हुए इंटर मियामी पहुंचे।

अर्जेंटीना के लिए आखिरी बार कब खेले थे मेसी?

मेसी ने अर्जेंटीना के लिए आखिरी बार अक्टूबर 2023 में मैदान पर कदम रखा था, जब उन्होंने वर्ल्ड कप क्वालीफायर में बोलिविया के खिलाफ हैट्रिक लगाई थी। वह इस साल जून में 38 साल के हो जाएंगे और 2026 वर्ल्ड कप के दौरान उनकी उम्र 39 होगी। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि वह अगला वर्ल्ड कप खेलते हैं या नहीं।

स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, कबड्डी, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर इनकी पकड़ बेहद मजबूत है।

Leave A Reply

Exit mobile version