सऊदी अरब का प्रसिद्ध फुटबॉल क्लब अल नासर की टीम 20 अक्टूबर की रात भारत आ गई हैं। टीम एएफसी चैंपियंस लीग 2 के अपने मुकाबले में एफसी गोवा से भिड़ेगी। यह मैच 22 अक्टूबर को फातोर्डा के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में होगा। लेकिन टीम के स्टार खिलाड़ी क्रिस्टियानो रोनाल्डो इस दौरे में शामिल नहीं होंगे।
रिपोर्ट के मुताबिक, 40 साल के रोनाल्डो भारत नहीं आ रहे हैं, हालांकि एफसी गोवा ने उन्हें टीम में शामिल करने की कई बार कोशिश की थी। अल नासर अपनी घरेलू लीग में अल-फतेह को आसानी से हराने के बाद अब इस महाद्वीपीय टूर्नामेंट के तीसरे मैच की तैयारी कर रहा है।
फुटबॉल फैंस का सपना टूटा
एफसी गोवा ने पहले एएफसी कप विजेता अल सीब को हराकर एएफसी चैंपियंस लीग 2 के लिए क्वालीफाई किया और उन्हें ग्रुप डी में अल नासर के साथ रखा गया। इस ड्रॉ के बाद भारतीय फुटबॉल प्रशंसक रोनाल्डो को मैच में देखने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन अब यह उम्मीद पूरी नहीं हो पाएगी।
खबरों के अनुसार, रोनाल्डो के अनुबंध में एक क्लॉज है, जिससे वह सऊदी अरब के बाहर होने वाले मैचों में खुद खेलने या न खेलने का फैसला कर सकते हैं। इसके अलावा, वह अगले साल होने वाले वर्ल्ड कप की तैयारी पर ध्यान दे रहे हैं और अपने खेल का शेड्यूल इस तरह संभालना चाहते है कि लंबे समय तक फिट बने रहें।
एफसी गोवा की टीम के सामने बड़ी चुनौती
अल नासर की टीम गोवा के डाबोलिम अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे पर पहुंचेगी। रोनाल्डो की गैरमौजूदगी के बावजूद अल नासर ने अपने दोनों ग्रुप मैच जीते हैं और अगले दौर में पहुंचने की मजबूत स्थिति में है। एफसी गोवा से मुकाबले के बाद, टीम 28 अक्टूबर को किंग्स कप के प्री-क्वार्टर फाइनल में अल इत्तिहाद से भिड़ेगी।
फुटबॉल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें







