Saturday, February 14

Puneri Paltan Beat Bengal Warriorz By 45-36 in PKL 2025 Match 11: राजीव गांधी इनडोर स्टेडियम, विशाखापट्टनम में खेले गए प्रो कबड्डी लीग 2025 के ग्यारहवें मैच में पुणेरी पल्टन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बंगाल वॉरियर्ज़ को 45-36 से मात दी। इस जीत के साथ पल्टन ने न केवल अपने अभियान को मजबूती दी बल्कि संतुलित रेड और टैकल से यह साबित कर दिया कि टीम वर्क ही जीत की असली चाभी है। वहीं, बंगाल की ओर से देवांक ने बेहतरीन खेल दिखाया लेकिन उन्हें साथ नहीं मिला और टीम को हार झेलनी पड़ी।

पहले हाफ की शुरुआत में ही हावी रही पुणेरी पल्टन

टॉस जीतने के बाद रेड से शुरुआत करने वाली पल्टन ने कप्तान असलम इनामदार की अगुआई में अंक बटोरे। असलम ने शुरुआत में ही एक शानदार सुपर रेड से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा दिया। धीरे-धीरे आदित्य शिंदे ने भी अपनी छाप छोड़ी और दोनों ने मिलकर स्कोर को पल्टन के पक्ष में मोड़ दिया।

पहले हाफ में पल्टन ने एक ऑल आउट कर बढ़त बनाई और स्कोर 16-10 कर दिया। हालांकि, बंगाल के मुख्य रेडर देवांक लगातार अच्छे मूव्स के साथ अंक जुटाते रहे। मनीप्रीत ने भी उनका साथ दिया और इसी बीच वॉरियर्ज़ ने पल्टन को ऑल आउट कर अंतर को घटा दिया। हाफ टाइम तक मुकाबला 26-22 पर पहुँच गया और बढ़त पल्टन के पास रही।

दूसरे हाफ में रहा पल्टन के डिफेंस का जलवा

दूसरे हाफ की शुरुआत में पुणेरी पल्टन का डिफेंस पूरी तरह छा गया। गुरदीप और विशाल भरद्वाज ने शानदार टैकल करते हुए बंगाल के रेडरों को बार-बार रोका। पल्टन ने इस दौरान एक और ऑल आउट कराया और बढ़त को 34-24 तक पहुँचा दिया।

गुरदीप ने पूरे मैच में पाँच टैकल अंक जुटाए और टीम की रीढ़ बने। विशाल भरद्वाज ने चार टैकल और एक बोनस अंक लेकर कुल पाँच अंक बनाए। इनके अलावा अबीनेश नादराजन और गौरव खत्री ने भी महत्वपूर्ण टैकल अंक हासिल किए।

रेडिंग में असलम इनामदार और आदित्य शिंदे लगातार प्रभावी रहे। दोनों ने 11-11 अंक अपने नाम किए। असलम ने छह टच, एक टैकल और चार बोनस अंक लेकर सुपर 10 पूरा किया, जबकि आदित्य ने आठ टच और तीन बोनस अंक हासिल किए।

देवांक की मेहनत गई बेकार, बंगाल वॉरियर्ज़ को मिली हार

बंगाल वॉरियर्ज़ की ओर से देवांक ने पूरी मेहनत की और 17 अंक जुटाए। इनमें 11 टच और छह बोनस अंक शामिल रहे। उनके अलावा पुनीत कुमार और मनीप्रीत ने चार-चार अंक जोड़े, लेकिन टीम का बाकी हिस्सा पूरी तरह प्रभाव नहीं डाल सका। बंगाल की टीम डिफेंस में कमजोर रही और पूरे मैच में केवल पाँच टैकल अंक ही जुटा पाई। मनजीत चौधरी ने दो टैकल अंक जोड़े, जबकि मयूर कदाम, अंकित और पर्तीक ने एक-एक अंक लिया। यही कमी उन्हें भारी पड़ी।

दूसरी ओर, पुणेरी पल्टन ने अंतिम मिनटों में भी अपनी पकड़ बनाए रखी। रेड और टैकल दोनों में टीम ने संतुलित खेल दिखाया। पल्टन ने कुल 26 रेड अंक, 13 टैकल अंक, चार ऑल आउट अंक और दो बोनस अंक जुटाए। वहीं, बंगाल ने भी 26 रेड अंक तो बनाए, लेकिन डिफेंस में पिछड़ने के कारण सिर्फ पाँच टैकल अंक ही हासिल कर सकी।

अंततः मुकाबला 45-36 पर खत्म हुआ और पुणेरी पल्टन ने यह जीत अपने नाम कर ली। खेल के आखिरी पलों में असलम और देवांक ने हाथ मिलाकर शानदार खेल भावना का परिचय दिया।

यह मैच साफ दिखाता है कि कबड्डी में केवल एक खिलाड़ी पर निर्भर रहना टीम के लिए जोखिम भरा हो सकता है। बंगाल वॉरियर्ज़ पूरी तरह देवांक के प्रदर्शन पर टिकी रही, जबकि पुणेरी पल्टन ने टीम वर्क और संतुलित रणनीति से खेलकर जीत पक्की की। असलम और आदित्य की रेडिंग के साथ-साथ गुरदीप और विशाल भारद्वाज की टैकलिंग ने पल्टन को 45-36 की यादगार जीत दिलाई।

कबड्डी से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूबफेसबुकइंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

Share.

Neetish Kumar Mishra Sports Digest Hindi में Editor के रूप में कार्यरत हैं और खेल पत्रकारिता में गहरा अनुभव रखते हैं। क्रिकेट, टेनिस, फुटबॉल और अन्य खेलों की बारीकियों पर उनकी पकड़ बेहद मजबूत है। नीतिश कुमार मिश्र अपने पेशेवर लेखन के जरिए पाठकों को न सिर्फ सटीक खबरें, बल्कि गहन विश्लेषण के माध्यम से खेलों को और करीब से समझने का मौका भी देते हैं।

Leave A Reply

Exit mobile version