Top 5 Raiders to Reach 300 Raid Points Fastest in a Season in PKL History: प्रो कबड्डी लीग (PKL) ने 2014 में शुरुआत के बाद से कई शानदार रेडर देखे हैं, जिन्होंने अपने खेल से मैच का रुख ही बदल दिया। एक बेहतरीन रेडर सिर्फ टीम को पॉइंट्स नहीं दिलाता, बल्कि उसे जीत की राह पर भी ले जाता है। डुबकी, रनिंग हैंड टच, फेक या बैक-किक, हर मूव दर्शकों के लिए रोमांच लेकर आता है।
हर सीजन में कुछ ऐसे रेडर रहे हैं, जिन्होंने लगातार प्रदर्शन से नए रिकॉर्ड बनाए हैं। अब तक कुल सात बार ऐसा हुआ है, जब किसी खिलाड़ी ने एक सीजन में 300 से ज्यादा रेड पॉइंट बनाए हों। आज हम उन पांच रेडरों के बारे में बात करेंगे, जिन्होंने सबसे कम मैचों में 300 से ज्यादा रेड पॉइंट की उपलब्धि हासिल की।
ये हैं PKL के एक सीजन में सबसे तेज 300 रेड पॉइंट पूरे करने वाले टॉप 5 रेडर
5. नवीन कुमार – 23 मैच (PKL 7)
PKL सीजन 7 (2019) में नवीन कुमार ने जबरदस्त फॉर्म में रहते हुए 301 रेड पॉइंट हासिल किए थे। यह उनका डेब्यू सीजन था, जिसमें उन्होंने अपनी टीम दबंग दिल्ली को फाइनल तक पहुंचाया।
नवीन ने 23 मैचों में यह मुकाम हासिल किया और सीजन में 22 सुपर 10 लगाए। उनकी निरंतरता और मैच में प्रभाव इतना गहरा था कि उन्हें उस सीजन का मोस्ट वैल्यूएबल प्लेयर (MVP) चुना गया। उनका आत्मविश्वास और फिटनेस ही उन्हें इस लिस्ट में जगह दिलाती है।
4. प्रदीप नरवाल – 23 मैच (PKL 5)
पटना पाइरेट्स के सुपरस्टार प्रदीप नरवाल का नाम कबड्डी इतिहास में सुनहरे अक्षरों में लिखा जाएगा। उन्होंने PKL सीजन 5 (2017) में 369 रेड पॉइंट बनाकर एक ऐसा रिकॉर्ड बनाया, जो आज भी सबसे ज्यादा है।
उस सीजन उन्होंने सिर्फ 23 मैचों में 300 रेड पॉइंट पूरे किए और इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले खिलाड़ी बने। उस सीजन में पटना पाइरेट्स ने खिताब भी जीता था, जिसमें प्रदीप की निर्णायक भूमिका रही थी। उन्हें MVP और बेस्ट रेडर ऑफ द सीजन का अवॉर्ड मिला था।
3. पवन सेहरावत – 22 मैच (PKL 7)
पवन सेहरावत का नाम आते ही याद आता है उनके ऊंचे छलांग वाले रेड और डिफेंस को तोड़ने की कला। PKL सीजन 7 (2019) में उन्होंने बेंगलुरु बुल्स के लिए 346 रेड पॉइंट बनाए।
उन्होंने सिर्फ 22 मैचों में 300 पॉइंट पूरे किए और यह उपलब्धि पाने वाले सबसे तेज खिलाड़ियों में शामिल हुए। इसी सीजन में उन्होंने एक मैच में 39 रेड पॉइंट भी हासिल किए थे, जो अब तक का रिकॉर्ड है। उनकी परफॉर्मेंस ने उन्हें बेस्ट रेडर ऑफ द सीजन का सम्मान दिलाया।
2. प्रदीप नरवाल (दूसरी बार) – 22 मैच (PKL 7)
डुबकी किंग प्रदीप नरवाल ने PKL सीजन 7 में एक बार फिर 302 रेड पॉइंट जुटाए और इस बार उन्होंने सिर्फ 22 मैचों में ही 300 रेड पॉइंट्स का आंकड़ा छू लिया था।
हालांकि, उस सीजन में पटना पाइरेट्स प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी, लेकिन प्रदीप का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा। उन्होंने दिखाया कि वह सिर्फ एक मैच विनर नहीं, बल्कि टीम के सबसे भरोसेमंद रेडर हैं।
1. अयान लोचब – 22 मैच (PKL 12)
पटना पाइरेट्स के उभरते हुए रेडर अयान लोचब अब सबसे तेज 300 रेड पॉइंट्स हासिल करने वाले खिलाड़ी बन चुके हैं। PKL 12 में पटना पाइरेट्स, जो शुरुआती 13 मैचों के बाद अंक तालिका में सबसे नीचे थी, अयान के धमाकेदार प्रदर्शन के चलते शानदार वापसी करते हुए प्लेऑफ तक पहुंची।
अयान ने लगभग अकेले दम पर टीम को आठ लगातार जीत दिलाईं और खुद ने 316 रेड पॉइंट बनाए। उन्होंने सिर्फ 22 मैचों में 300 पॉइंट पूरे कर पवन सेहरावत और प्रदीप नरवाल की बराबरी की। हालाँकि, Eliminator 3 में उनकी टीम भले ही तेलुगू टाइटंस से हार गई, लेकिन अयान के प्रदर्शन ने इस सीजन को यादगार बना दिया।
PKL के इन पांच रेडरों ने न सिर्फ पॉइंट्स जुटाए, बल्कि खेल के स्तर को भी ऊंचा उठाया। इनकी मेहनत, आत्मविश्वास और रणनीति ने यह साबित किया कि रेडिंग सिर्फ ताकत का खेल नहीं, बल्कि दिमाग और टाइमिंग का भी खेल है। आने वाले सीजन में देखना होगा कि क्या कोई नया रेडर इस रिकॉर्ड को तोड़ पाएगा या नहीं।
प्रो कबड्डी लीग 2025 (PKL 2025) से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

