Abhishek Sharma Records After Century, IND vs ZIM 2nd T20I
भारत और जिम्बाब्वे के बीच हरारे स्पोर्ट्स क्लब में खेले जा रहे पांच मैचों की T20I सीरीज के दूसरे मैच में (IND vs ZIM 2nd T20I) भारत के सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने ताबड़तोड़ शतक जड़ा। उनकी शतकीय ताबड़तोड़ पारी की बदौलत भारत ने जिम्बाब्वे के खिलाफ अपना सबसे बड़ा टोटल (234/2) खड़ा किया है। इस मुकाबले में 23 वर्षीय युवा बल्लेबाज अभिषेक ने कई पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
अभिषेक शर्मा ने मात्र 46 गेंदों पर जड़ा शतक

अपना दूसरा टी20 इंटरनेशनल मैच खेल रहे युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने जिम्बाब्वे के खिलाफ हरारे में खेले गए मुकाबले में 46 गेंदों पर शतक पूरा किया। इसके बाद वह अगली ही गेंद पर पवेलियन लौट गए। उन्होंने अपनी शतकीय पारी के बीच 7 चौके और 8 भी छक्के लगाए।
46 गेंदों पर शतक जड़कर अभिषेक शर्मा ने तोड़े ये बड़े रिकॉर्ड
1. भारत के लिए सबसे कम पारियों में पहला T20I शतक

आईपीएल 2024 में धमाल मचाने के बाद अभिषेक शर्मा को शुभमन गिल की कप्तानी में जिम्बाब्वे के खिलाफ 5 मैचों की टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलने के लिए चुना गया है। वह अपने डेब्यू T20I मैच में बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए, लेकिन दूसरे मुकाबले में उन्होंने 46 गेंदों पर शतक जड़ दिया। इसी के साथ वह भारत के लिए सबसे कम पारियों में पहला T20I शतक जड़ने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
2. T20I क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक जड़ने वाले पहले भारतीय

युवा सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने इस मुकाबले में शतकीय पारी खेली है, जिसके बाद वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में जिम्बाब्वे के खिलाफ शतक जड़ने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज बन गए हैं। उनसे पहले किसी भी भारतीय बल्लेबाज ने यह कारनामा नहीं किया था।
3. T20I क्रिकेट में भारत की ओर से जिम्बाब्वे के खिलाफ सबसे बड़ी पारी

इस मुकाबले में 100 रनों की पारी खेलने के बाद अभिषेक शर्मा भारत और जिम्बाब्वे के बीच खेले गए T20I मैचों में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने इस मामले में सुरेश रैना का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने साल 2010 में जिम्बाब्वे के खिलाफ एक T20I मैच में 72 रनों की पारी खेली थी।
हालांकि, इस मुकाबले में अभिषेक के आउट होने के बाद ऋतुराज गायकवाड़ ने 77 रनों की पारी खेली, जिसके बाद वह भारत बनाम जिम्बाब्वे टी20आई मैचों में दूसरी सबसे बड़ी पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। यानी अब सुरेश रैना इस मामले में तीसरे पर आ गए हैं।
4. भारत की ओर से संयुक्त रूप से तीसरा सबसे तेज T20I शतक

अभिषेक शर्मा ने इस मैच में 46 गेंदों पर अपना शतक पूरा किया। इसी के साथ वह भारत की ओर से सबसे तेज T20I शतक जड़ने के मामले में केएल राहुल के साथ संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर आ गए हैं। इस मामले में पहले स्थान पर रोहित शर्मा (35 गेंदों पर) और दूसरे स्थान पर सूर्यकुमार यादव (45 गेंदों पर) का नाम आता है।
5. T20I क्रिकेट में शतक जड़ने वाले चौथे युवा भारतीय बल्लेबाज

इस मैच में शतक लगाने के बाद अभिषेक शर्मा T20I क्रिकेट में शतक जड़ने वाले चौथे युवा भारतीय बल्लेबाज बन चुके हैं। उन्होंने 23 वर्ष 307 दिन की उम्र में यह कारनामा किया है। इस मामले में पहले स्थान पर यशस्वी जायसवाल (21 वर्ष 279 दिन), दूसरे स्थान पर शुभमन गिल (23 वर्ष 146 दिन) और तीसरे स्थान पर सुरेश रैना (23 वर्ष 156 दिन) का नाम आता है।

