ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की शुरुआत 18 जनवरी से होगी। टूर्नामेंट के मुख्य ड्रॉ का ऐलान कर दिया गया है। यह साल का पहला ग्रैंड स्लैम टूर्नामेंट है, जिसमें दुनिया के बड़े टेनिस खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। पिछले साल पुरुष एकल का खिताब यानिक सिनर ने जीता था। वहीं महिला एकल में मेडिसन कीज़ चैंपियन बनी थीं। इस बार मेडिसन कीज़ फिर से खिताब जीतने की कोशिश करेंगी, लेकिन उनके लिए राह आसान नहीं होगी। पुरुष वर्ग में नोवाक जोकोविच और कार्लोस अल्कारेज़ जैसे दिग्गज खिलाड़ी खिताब के प्रबल दावेदार हैं। वहीं महिला वर्ग में आर्यना सबालेंका और ईगा स्वायातेक से कड़ी टक्कर देखने को मिल सकती है।
फाइनल मुकाबले की तारीख
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के शेड्यूल के मुताबिक, पहले दौर के मुकाबले 18 से 20 जनवरी तक खेले जाएंगे। इसके बाद दूसरे दौर के मैच 21 और 22 जनवरी को होंगे। तीसरे दौर की शुरुआत 23 जनवरी से होगी और ये मुकाबले 24 जनवरी तक चलेंगे। चौथे दौर के मैच 25 और 26 जनवरी को खेले जाएंगे। फिर 27 और 28 जनवरी को क्वार्टर फाइनल मुकाबले होंगे। महिला सिंगल्स के सेमीफाइनल 29 जनवरी को आयोजित किए जाएंगे, जबकि पुरुष सिंगल्स के सेमीफाइनल 30 जनवरी को खेले जाएंगे। महिला सिंगल्स का फाइनल मुकाबला 31 जनवरी को होगा, वहीं पुरुष सिंगल्स का फाइनल 1 फरवरी को खेला जाएगा।
प्राइज मनी में बड़ा इजाफा
ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 की इनामी राशि में इस बार बड़ा इजाफा किया गया है। पिछले साल सिंगल्स चैंपियन को करीब 15 करोड़ रुपये मिले थे। इस बार प्राइज मनी में लगभग 19 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। अब पुरुष और महिला सिंगल्स का खिताब जीतने वाले खिलाड़ियों को करीब 25 करोड़ रुपये की इनामी राशि दी जाएगी। इससे साफ है कि इस बार खिलाड़ियों को पहले से ज्यादा फायदा मिलने वाला है।
भारत में कहां और कैसे देखें लाइव मैच
भारतीय दर्शक ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 के मैच टीवी पर सोनी स्पोर्ट्स (SONY Sports) नेटवर्क पर लाइव देख सकते हैं। मुकाबले भारतीय समय के अनुसार सुबह 5:30 बजे से शुरू होंगे।
मोबाइल पर मैचों की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और उसकी वेबसाइट पर भी उपलब्ध होगी। फैंस वहां लॉगिन करके सभी मुकाबलों का सीधा प्रसारण देख सकते है।

