भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) के लिए बीते कुछ महीने अच्छे नहीं गुजरे हैं। दिसम्बर 2023 के बाद से उनका प्रदर्शन में लगातार गिरावट आ रही है, जिसके चलते उनके फीफा रैंकिंग में भी लगातार गिरावट देखी जा रही है। इसी बीच, AIFF ने बड़ा फैसला लेते हुए हेड कोच इगौर स्टिमैक (Igor Stimac) को उनके पद से हटा दिया।
हालाँकि, भारतीय फुटबॉल टीम के हेड कोच पद से हटाए जाने के बाद इगौर स्टिमैक ने अब तक कोई बयान नहीं दिया था, लेकिन शनिवार को उन्होंने एक लंबे इंटरव्यू में AIFF और उनके अधिकारियों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
“मुझे इन लोगों पर भरोसा नहीं करना चाहिए था।” – AIFF और उसके अध्यक्ष पर खुलकर बोले Igor Stimac

भारतीय फुटबॉल टीम के पूर्व हेड कोच इगौर स्टिमैक ने ऑल इंडिया फुटबॉल फेडरेशन (AIFF) और उसके अध्यक्ष कल्याण चौबे को लेकर ऐसा खुलासा किया है, जिसके बाद सभी फुटबॉल फैंस हैरान हो गए हैं। उन्होंने AIFF अध्यक्ष को फुटबॉल से नहीं बल्कि सोशल मीडिया और बड़े खिलाडियों के साथ फोटो लेने का शौकीन बताया।
इगौर स्टिमैक ने कहा, “मुझे इन लोगों (AIFF) पर भरोसा नहीं करना चाहिए था। उनके पास फुटबॉल चलाने का समय नहीं है और वे नहीं जानते कि कैसे चलाना है। मुझे यह कहते हुए खेद है। ऐसे अध्यक्ष (कल्याण चौबे) का होना, जिनके लिए सबसे जरुरी बात यह है कि उनके सोशल मीडिया पर कितने क्लिक हैं और कैसे वे अपने संस्थान की अच्छी देखभाल करने के बजाय कुछ प्रसिद्ध फुटबॉल लोगों के साथ तस्वीरें खिंचवाते हैं… यह एक हास्यास्पद बात है।”

हालाँकि, अचानक से भारतीय फुटबॉल टीम (Indian Football Team) के हेड कोच पद से बर्खास्त किए जाने के बाद इगौर स्टिमैक के अंदर कोई नाराज़गी तो नहीं दिखी, लेकिन AIFF अध्यक्ष कल्याण चौबे और उनके सहयोगियों के प्रति उनकी स्पष्ट नापसंदगी सबके सामने आ गई। उन्होंने कहा, “जितनी जल्दी [चौबे] इस पद को छोड़ कर गायब हो जाएंगे, भारतीय फुटबॉल के लिए एक मौका होगा। यह बहुत सरल है,”
उन्होंने इस इंटरव्यू में अपने संघर्षों के बारे में भी खुलकर बात की, जिसमें एक गंभीर मुद्दा भी शामिल था, जिसके बारे में पहले सार्वजनिक रूप से किसी को मालूम नहीं था।
स्टिमैक ने कहा, “यह कोई नहीं जानता, मैं [दिसंबर 2023 में] अस्पताल में था। मैं उस समय चल रही हर चीज से वास्तव में परेशान था, तनाव में था और कई समस्याओं से पीड़ित था। मेरे दिल की तुरंत सर्जरी हुई, दो स्टेंट लगाए गए।”
उन्होंने आगे कहा, “मैं खुद को जोखिम में डाल रहा था और टीम के लिए शिविर आयोजित करने के लिए एशियाई कप में जा रहा था, हालांकि मुझे घर पर आराम करना चाहिए था, लेकिन मैं अपने लड़कों के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना चाहता था और हमने वही किया।”

पूर्व हेड कोच इगौर स्टिमैक ने बताया कि इसीलिए उन्होंने एशियाई कप के लिए ट्रेवर सिंक्लेयर को टीम में शामिल किया, ताकि यदि ऐन मौके पर उन्हें कुछ हो जाए, तो वह असिस्टेंट कोच महेश गावली की मदद कर सकें।
स्टिमैक ने कहा, “मुझे यह सुनिश्चित करने की ज़रूरत थी कि अगर मुझे कुछ हो जाए तो कोई मेरे साथ हो, ताकि वह महेश [गावली, सहायक कोच] की भी मदद कर सके और काम को व्यवस्थित कर सके। हम वहां कुछ भी अप्रत्याशित नहीं होने दे सकते थे।”
Indian Football Team के हेड कोच पद से हटाए जाने पर बोले Igor Stimac
इगौर स्टिमैक ने बताया कि AIFF के महासचिव सत्यनारायण ने जुलाई में इंटरकॉन्टिनेंटल कप आयोजित करने पर चर्चा करने के लिए उनसे संपर्क किया था। फिर उन्होंने स्टिमैक से अगली तकनीकी समिति की बैठक में एक रिपोर्ट पेश करने के लिए कहा। फिर उनसे अचानक ही तीन महीनों की एडवांस सैलरी लेकर पद छोड़ने के लिए कह दिया गया। उनसे कहा गया कि, “कोच क्या यह ठीक रहेगा कि आप तीन महीने का वेतन लें और अपना पद छोड़ दें।”
महासचिव द्वारा ऐसा कहे जाने पर इगोर ने जो जवाब दिया, उसके बारे में उन्होंने मीडिया को बताते हुए कहा: “मैंने उनसे कहा ‘प्रिय सत्या, नहीं यह ठीक नहीं होगा, लेकिन मैं आपको अच्छे कारण बताऊंगा। एक कारण यह है कि कोई जल्दी नहीं है क्योंकि भारतीय फुटबॉल टीम का कोई गेम निकट भविष्य में नहीं होने वाला है। दूसरा कारण यह है कि मैं भविष्य के लिए अपनी नौकरी के लिए दो पक्षों से बातचीत कर रहा हूं, इसलिए… [एक बार जब वह प्रस्ताव स्वीकार कर लेता है] तो आपको एक [महीने] से अधिक वेतन देने की आवश्यकता नहीं होगी। इसलिए बस धैर्य रखें और मुझे शर्तों पर सहमत होने दें और बस इतना ही।’“
पूर्व क्रोएशियाई फुटबॉलर ने यह भी कहा, “उन्होंने अनुबंध को समाप्त करने का निर्णय लिया, जिसे उनकी ओर से समाप्त नहीं किया जा सकता, क्योंकि फीफा न्यायालय में आरोप तय होने के बाद उन्हें पूरी राशि का भुगतान करना होगा। यह ऐसा कुछ नहीं था जो गंभीर लोगों के नेतृत्व वाले एक गंभीर संगठन में होना चाहिए।”

इगौर स्टिमैक ने यह भी कहा कि उन्होंने इससे पहले ही पद छोड़ने का मन बना लिया था। उन्होंने कहा, “मैंने अपना पद छोड़ने का फैसला कर लिया था, भले ही हम विश्व कप क्वालीफायर के तीसरे दौर के लिए क्वालीफाई कर लें, क्योंकि मेरे लिए उचित समर्थन के बिना इस तरह से आगे बढ़ना असंभव था, केवल झूठ, वादे और ऐसे लोगों को सुनना जो फुटबॉल हाउस और अपनी राष्ट्रीय टीम के बारे में उचित देखभाल करने के बजाय अपने निजी हितों के बारे में अधिक चिंतित थे।”
इस बीच, AIFF ने कहा है कि वे अगले 48 घंटों में स्टिमैक के कमेंट पर एक बयान जारी करेंगे।







