ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले दो मैचों में शून्य पर आउट होने के बाद, विराट कोहली ने तीसरे मैच में जोरदार वापसी की। सिडनी में खेले गए इस मुकाबले में उन्होंने 74 रनों की नाबाद पारी खेली और टीम इंडिया को 9 विकेट से जीत दिलाई। रोहित शर्मा के साथ उन्होंने दूसरे विकेट के लिए 168 रनों की साझेदारी की और अपने पुराने फॉर्म में नजर आए। इस शानदार पारी के साथ कोहली ने सचिन तेंदुलकर का एक बड़ा विश्व रिकॉर्ड भी तोड़ दिया।
क्रिकेट इतिहास में कोहली का जलवा, लिमिटेड ओवर्स में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज
इंटरनेशनल क्रिकेट में सचिन तेंदुलकर के नाम कई रिकॉर्ड हैं, लेकिन विराट कोहली ने सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में उनमें से एक रिकॉर्ड तोड़ दिया। 74 रनों की शानदार पारी खेलकर कोहली सीमित ओवरों के क्रिकेट (वनडे और टी20) में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए। उन्होंने सचिन के 18,436 रनों के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ दिया और अब उनके कुल 18,443 रन हो गए हैं।
कोहली ने बनाया नया रिकॉर्ड, संगकारा को छोड़ा पीछे
विराट कोहली ने न सिर्फ सचिन तेंदुलकर का बड़ा रिकॉर्ड तोड़ा, बल्कि वनडे क्रिकेट में सबसे ज्यादा रन बनाने वालों की सूची में अब दूसरे स्थान पर पहुंच गए हैं। इस समय सचिन तेंदुलकर 18,426 रनों के साथ पहले स्थान पर हैं, जबकि कोहली 14,255 रनों के साथ दूसरे नंबर पर आ गए हैं। उन्होंने श्रीलंका के पूर्व खिलाड़ी कुमार संगकारा (14,234 रन) को पीछे छोड़ दिया है।
इसके अलावा, लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे ज्यादा 50 या उससे अधिक रन की पारियां खेलने के मामले में भी कोहली ने सचिन का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। अब तक कोहली ने 70 बार यह उपलब्धि हासिल की है, जबकि सचिन ने 69 बार ऐसा किया था।

