भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच सिडनी में खेले गए तीसरे वनडे में रोहित शर्मा ने शानदार शतकीय पारी खेली और कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। यह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के सभी फॉर्मेट मिलाकर उनका 50वां शतक है, जिससे वह सचिन तेंदुलकर और विराट कोहली के बाद इस मुकाम तक पहुंचने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए। वनडे फॉर्मेट में रोहित का यह शतक दो साल बाद आया है; पिछली बार उन्होंने 2023 के वनडे वर्ल्ड कप में अफगानिस्तान के खिलाफ शतक बनाया था।
रोहित शर्मा ने बनाया नया रिकॉर्ड, कोहली को पछाड़ा
रोहित शर्मा, जिन्होंने टेस्ट और टी20 इंटरनेशनल से पहले ही संन्यास ले लिया है, को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले टीम की कप्तानी से भी हटा दिया गया था। इसके बाद सभी की निगाहें उनके प्रदर्शन पर थीं। पर्थ में उनका बल्ला ज्यादा नहीं चला, लेकिन एडिलेड में उन्होंने अर्धशतक बनाया और सिडनी में शानदार शतकीय पारी खेली। यह रोहित का वनडे में 33वां शतक है।
इसके अलावा, रोहित अब ऑस्ट्रेलिया में एक विदेशी बल्लेबाज के तौर पर सबसे ज्यादा शतक बनाने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में अपना छठा वनडे शतक बनाया, जबकि विराट कोहली और कुमार संगकारा के नाम इस मैदान पर 5-5 शतक हैं।
ऑस्ट्रेलिया में विदेशी रिकॉर्ड में रोहित शर्मा का नाम मौजूद
- रोहित शर्मा (भारतीय) – 6 शतक
- विराट कोहली (भारतीय) – 5 शतक
- कुमार संगकारा (श्रीलंका) – 5 शतक
क्रिकेट इतिहास में भारत के तीसरे खिलाड़ी के नाम दर्ज हुई उपलब्धि
रोहित शर्मा का वनडे में प्रदर्शन बहुत ही शानदार रहा है; उन्होंने अब तक 33 शतकीय पारियां खेली हैं। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट मिलाकर यह उनका 50वां शतक है, जिससे वह इस मुकाम तक पहुंचने वाले केवल तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। वनडे में 33 शतकों के अलावा, टेस्ट में उनके बल्ले से 12 शतक और टी20 इंटरनेशनल में 5 शतकीय पारियां खेल चुके हैं। इस उपलब्धि के साथ रोहित इंटरनेशनल क्रिकेट में यह रिकॉर्ड बनाने वाले केवल दसवें खिलाड़ी बने हैं।

