IPL 2025 का 69वां मुकाबला पंजाब किंग्स (PBKS) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच जयपुर के सवाई मानसिंह स्टेडियम में खेला गया, जहां पंजाब ने 7 विकेट से जीत हासिल करके क्वालिफायर 1 में अपनी जगह पक्की कर ली। यह टीम आखिरी बार 2014 में क्वालिफायर 1 या प्लेऑफ में पहुँची थी और फाइनल तक का सफर तय किया था।
इस मुकाबले में पंजाब किंग्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाज़ी का फैसला किया था और 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई को 7 विकेट से हराकर टूर्नामेंट में अपनी 9वीं जीत दर्ज की। इस जीत के साथ पंजाब अंक तालिका में पहले स्थान पर भी पहुंच गया है, जबकि मुंबई ने चौथे स्थान पर रहकर लीग स्टेज समाप्त किया। मैच के बाद खिलाड़ियों और कोच की प्रतिक्रियाएं भी सामने आईं, जिन्होंने इस मुकाबले को लेकर कई अहम बातें साझा कीं।
श्रेयस अय्यर ने क्या कहा?
मैच के बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने कहा, “मुझे लगता है कि टीम के हर खिलाड़ी ने सही वक्त पर ज़िम्मेदारी उठाई। हम हर हाल में मैच जीतने की मानसिकता के साथ उतरे और उसी का नतीजा है यह जीत। इस सफलता का श्रेय पूरी टीम और मैनेजमेंट को जाता है। रिकी (पोंटिंग) का समर्थन बेहतरीन रहा है और मेरे लिए हर खिलाड़ी का भरोसा जीतना सबसे ज़रूरी था।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रियांश आर्य की शुरुआत देखकर बहुत अच्छा लगा। हर खिलाड़ी बेखौफ होकर खेल रहा है, और नेट्स में मेहनत का असर मैदान पर साफ दिखता है। जोश इंग्लिस नई गेंद के साथ खेलना पसंद करता है, और मैं चाहता था कि वो ज्यादा से ज्यादा गेंदें खेले। वह बड़े मैचों का खिलाड़ी है, और उम्मीद है कि वो इसी फॉर्म को आगे भी बरकरार रखेगा।”
रिकी पोंटिंग ने की श्रेयस की तारीफ
हेड कोच रिकी पोंटिंग ने कहा, “इस टीम को यहां तक लाने में बहुत मेहनत लगी है। ऑक्शन से पहले ही हमने प्लानिंग शुरू कर दी थी और अब जब वो प्लानिंग रंग लाई है, तो अच्छा लग रहा है। श्रेयस पर हमने काफी पैसा लगाया था, क्योंकि हम उसे टीम में चाहते थे। मैं पहले भी उसके साथ दिल्ली में काम कर चुका हूं। उस वक्त ट्रॉफी नहीं जीत सके थे, लेकिन ये खिलाड़ी कप्तानी में कमाल कर रहा है। वो टीम को आगे से लीड कर रहा है और खिलाड़ियों का भरोसा जीत चुका है।”
उन्होंने आगे कहा, “प्रियांश आर्य को देखकर लगता है कि वो सीज़न की खोज हो सकता है। इतना युवा होकर भी इतने आत्मविश्वास से खेलना बड़ी बात है। वहीं जोश इंग्लिस ने भी शानदार बल्लेबाज़ी की। मार्को यांसिन की गैरमौजूदगी जरूर खलेगी, लेकिन हमारे पास काइल जैमिसन जैसा बैकअप है।”
हार के बाद हार्दिक पांड्या का बयान
मुंबई इंडियंस की हार के बाद कप्तान हार्दिक पांड्या ने माना कि टीम कम से कम 20 रन पीछे रह गई। उन्होंने कहा, “इस पिच पर हमें 20 रन और बनाने चाहिए थे। हम अच्छा क्रिकेट खेल रहे थे, लेकिन आज वो दिन नहीं था। ऐसा होता है, IPL ऐसा ही टूर्नामेंट है। जब आप जरा भी ढीले पड़ते हैं, तो दूसरी टीमें मौका लपक लेती हैं।”
पांड्या ने आगे कहा, “ये सिर्फ एक झटका है, इससे सीखना होगा और आगे नॉकआउट के लिए तैयार रहना होगा। जहां तक अश्वनी को इम्पैक्ट प्लेयर चुनने की बात है, तो मैं उसके फैसले पर कायम हूं। पूरे सीज़न हमने उस पर भरोसा किया है। दूसरी टीम के बल्लेबाज़ों ने कुछ बेहतरीन शॉट खेले और हमारी गेंदबाज़ी उतनी धारदार नहीं रही। हमें बतौर बैटिंग यूनिट भी समझना होगा कि कौन सा टेम्पलेट सही रहेगा। घबराने की कोई ज़रूरत नहीं, हम जानते थे क्या दांव पर है। अब हमारी नज़र एलिमिनेटर पर है।”
जोश इंग्लिस ने साझा की अपनी रणनीति
इस मैच के मैन ऑफ द मैच जोश इंग्लिस ने कहा, “लेफ्ट-राइट कॉम्बिनेशन और छोटी बाउंड्री के कारण हम स्मार्ट क्रिकेट खेलना चाहते थे। मिडल ओवर्स में लय बनाए रखना अहम था। प्रियांश के साथ बल्लेबाज़ी करना शानदार रहा, वो अपने मुकाबले खुद चुन रहा था। मुझे ज्यादा कुछ कहने की जरूरत नहीं थी।”
उन्होंने मिच सैंटनर के खिलाफ बैटिंग पर कहा, “मैं मिच का सामना काफी कर चुका हूं, वो बहुत समझदार गेंदबाज़ है। दोनों के बीच एक तरह की चालबाज़ी चल रही थी, खासकर छोटी बाउंड्री को ध्यान में रखते हुए। मुझे नंबर 3 पर बैटिंग करने का मौका मिला, शायद श्रेयस इस फैसले से खुश नहीं थे लेकिन मैं ज़रूर था। पिछले कुछ मैचों में लय की तलाश में था, अब थोड़ा मोमेंटम मिला है।”
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

