न्यूज़ीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ रॉस टेलर अब नई टीम के साथ खेलते हुए नजर आएंगे। उन्होंने अपना संन्यास का फैसला वापस ले लिया है और अब फिर से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में खेलते हुए दिखेंगे। इस दिग्गज खिलाड़ी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी वापसी के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि उन्हें काफी खुशी हो रही है। तो चलिए जानते हैं कि वह अब कहां और किस टीम के लिए खेलते हुए नजर आएंगे।
रॉस टेलर समोआ के लिए करेंगे इंटरनेशनल क्रिकेट में वापसी

दरअसल, न्यूज़ीलैंड के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ रॉस टेलर ने अब क्रिकेट में फिर से वापसी का फैसला लिया है। हालांकि अब वह न्यूज़ीलैंड की तरफ से नहीं बल्कि अपनी मां के देश समोआ की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। उनका इस देश की तरफ से खेलने का मुख्य लक्ष्य टी20 वर्ल्ड कप के लिए टीम को क्वालीफाई कराना है। क्योंकि, इस साल समोआ की टीम को एशिया पैसिफिक वर्ल्ड कप क्वालीफाइंग राउंड में भाग लेना है।
आपको बता दें कि समोआ की टीम को इस साल अक्टूबर में टी20 वर्ल्ड कप क्वालीफायर्स खेलने हैं। अगले साल की शुरुआत में भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में होने वाले टूर्नामेंट के लिए अभी कुछ टीमों की क्वालिफिकेशन बची हुई है, जिसके मुकाबले अक्टूबर में खेले जाने हैं। समोआ की टीम अभी भी इस रेस में बनी हुई है।
2026 टी20 वर्ल्ड कप में क्वालीफाई कराना है टेलर का सपना
न्यूज़ीलैंड के दिग्गज बल्लेबाज़ रॉस टेलर अक्टूबर में टी20 वर्ल्ड कप के एशिया पैसिफिक क्वालीफायर्स में समोआ की तरफ से खेलते हुए नजर आएंगे। यह क्वालीफाइंग राउंड ओमान में खेला जाएगा, जिसमें घरेलू टीम के साथ पापुआ न्यू गिनी और समोआ की टीम हिस्सा लेंगी।
क्वालीफाइंग टूर्नामेंट में 3-3 टीमों का ग्रुप बनाया गया है, जिसमें से टॉप 2 टीमें सुपर 6 के लिए क्वालीफाई करेंगी। वहीं सुपर 6 फॉर्मेट में से जो भी टीमें टॉप 3 में रहेंगी, वे अगले साल भारत और श्रीलंका की मेज़बानी में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के लिए क्वालीफाई कर सकेंगी।
रॉस टेलर ने वापसी को लेकर दिया बयान
रिटायरमेंट से वापसी की जानकारी देते हुए रॉस टेलर ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर समोआ क्रिकेट जर्सी के साथ अपनी फोटो शेयर की है। “ये बताते हुए दिल से बहुत खुशी हो रही है कि अब मैं नीली जर्सी पहनकर समोआ के लिए खेलूंगा। ये सिर्फ क्रिकेट में वापसी नहीं है, बल्कि अपने देश और अपनी संस्कृति को दुनिया के सामने लाने का एक मौका है और ये मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है। मैं फिर से मैदान पर उतरने और ड्रेसिंग रूम में अपनी टीम के साथ अपना अनुभव बांटने के लिए बहुत एक्साइटेड हूं। उम्मीद है कि मैं खेल को कुछ वापस दे सकूं।”
कूलिंग ऑफ पीरियड पर थे टेलर
साल 2022 में न्यूज़ीलैंड के इस धाकड़ बल्लेबाज़ ने क्रिकेट के सभी प्रारूपों से संन्यास ले लिया था। जिसके बाद वह अगले 3 साल तक कूलिंग ऑफ पीरियड में चल रहे थे। दरअसल, यह नियम है कि अगर कोई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी संन्यास के बाद दूसरी टीम से खेलना चाहता है तो उसे उस देश की नागरिकता होनी चाहिए और इसके साथ ही वह निश्चित समय का कूलिंग ऑफ पीरियड भी दे। तब जाकर वह खेलने के लिए योग्य होगा। आपको बता दें कि टेलर की मां समोआ से हैं, जिसके कारण उनके पास भी उस देश का पासपोर्ट है।
एशिया पेसिफिक क्वालीफायर्स के लिए सामोआ की टीम
कालेब जसमत, रॉस टेलर, डेरियस विसर, सीन सोलिया, डैनियल बर्गेस, डगलस फिनाउ, सैम फ्रेंच, कर्टिस हाइनाम-न्यबर्ग, बेन मैलाटा, नोआ मीड, सोलोमन नैश, सैमसन सोला, फेरेटी सुलुलोटो, सौमानी तियाई, इली तुगागा।
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

