T-20 International: क्रिकेट के सबसे छोटे फॉर्मेट को टी-20 क्रिकेट भी कहा जाता है। इसको फटाफट क्रिकेट के नाम से भी जाना जाता है। क्यूंकि इस फॉर्मेट में हर छक्का दर्शकों के लिए रोमांच का पल होता है। वहीं इसमें खेलते हुए सभी बल्लेबाजों के लिए अपनी ताकत दिखाने का मौका भी होता है। इसके अलावा भारत और पाकिस्तान जैसे प्रतिद्वंदियों के बीच इस फॉर्मेट में खेलते हुए ये मैच और भी खास बन जाते हैं। इनमें कुछ बल्लेबाज ऐसे भी रहे हैं जिन्होंने इन मुकाबलों में सबसे ज्यादा छक्के लगाकर फैंस का मनोरंजन किया है। इस बीच अब ऐसे में एशिया कप 2025 में दोनों टीमों के मैच से पहले भारत-पाकिस्तान टी-20 मैचों में सबसे ज्यादा छक्के लागने वाले बल्लेबाजों पर भी एक नजर डाल लेते हैं।
1. विराट कोहली :-
इस सूची में पहले पायदान पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज विराट कोहली का नाम आता है। लेकिन इस मौजूदा समय में वह टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। साल 2011 में उन्होंने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ अपना पहला मैच खेला था। जबकि आखिरी बार वह साल 2024 में खेलते हुए दिखाई दिए थे।

इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ 11 मैचों की 11 पारियों में खेलते हुए 11 ही छक्के लगाए हैं। इस बीच उनके बल्ले से 70.28 की बल्लेबाजी औसत से 492 रन आए थे। वहीं इस दौरान उनकी स्ट्राइक रेट 123.92 की रही थी। जबकि इस बीच उनके बल्ले से 5 अर्धशतक भी आए थे। वहीं इस दौरान उनका पाकिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ स्कोर नाबाद रहते हुए 82 रन का रहा था।
2. युवराज सिंह :-
इस मामले में दूसरे पायदान पर भारतीय क्रिकेट टीम के एक और पूर्व दिग्गज खिलाड़ी युवराज सिंह का नाम आता है। साल 2007 में उन्होंने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ अपना पहला टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेला था। जबकि आखिरी बार वह साल 2016 में खेलते हुए दिखाई दिए थे।

इस पूर्व दिग्गज खिलाड़ी ने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ 8 मैचों की 8 पारियों में खेलते हुए कुल 9 छक्के लगाए थे। इस दौरान उनके बल्ले से 25.83 की बल्लेबाजी औसत से 155 रन आए थे। जबकि इस बीच उनकी स्ट्राइक रेट 109.92 की रही थी। वहीं पाकिस्तान की टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 72 रन का रहा था।
3. मोहम्मद रिजवान और रोहित शर्मा :-
इस सूची में तीसरे स्थान पर संयुक्त रूप से 2 बल्लेबाज मोहम्मद रिजवान और रोहित शर्मा का नाम आता है। क्यूंकि इन दोनों ही स्टार बल्लेबाजों ने एक दूसरे की टीमों के खिलाफ खेलते हुए 7-7 छक्के लगाए हैं। लेकिन इस समय भारतीय दिग्गज बल्लेबाज रोहित शर्मा टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

उन्होंने पाकिस्तान की टीम के खिलाफ 12 मुकाबलों की 11 पारियों में खेलते हुए 14.11 की बल्लेबाजी औसत और 117.59 की स्ट्राइक रेट से 127 रन बनाए हैं। जबकि दूसरी तरफ रिजवान ने भी भारतीय टीम के खिलाफ 5 पारियों में खेलते हुए 57 की बल्लेबाजी औसत और 111.76 की स्ट्राइक रेट से 228 रन बनाए हैं।
4. मिस्बाह उल हक, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक :-
इस सूची में चौथे स्थान पर संयुक्त रूप से 4 पाकिस्तानी बल्लेबाजों का नाम आता है। इनमें मिस्बाह उल हक, इफ्तिखार अहमद, मोहम्मद हफीज और शोएब मलिक का नाम आता है। क्यूंकि इन चारों ही बल्लेबाजों ने भारतीय टीम के खिलाफ खेलते हुए 5-5 छक्के लगाए हैं।

इस दौरान मिस्बाह ने भारतीय टीम के खिलाफ केवल 2 मैच खेले थे। उन्होंने टीम इंडिया के खिलाफ कुल 96 रन बनाए थे। जबकि इस बीच इफ्तिखार के बल्ले से भी 4 पारियों में 130.30 की स्ट्राइक रेट से 86 रन आए हैं। इसके अलावा हफीज ने 8 मुकाबलों में 156 रन बनाए हैं और मलिक ने 9 मुकाबलों में 164 रन बनाए थे।
स्पोर्ट्स से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi के साथ जुड़े रहें और हमें यूट्यूब, फेसबुक, इंस्टाग्राम, और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

