रोहित शर्मा ने हाल ही में भारत के लिए ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाने के मामले में सौरव गांगुली की बराबरी कर ली।
वनडे क्रिकेट में 50+ रनों की पारी किसी भी बल्लेबाज की स्थिरता और मैच पर पकड़ को दर्शाती है। भारत के कई महान खिलाड़ियों ने अपने करियर में लगातार बड़ी पारियाँ खेलकर न सिर्फ टीम को मजबूत किया है, बल्कि वर्ल्ड क्रिकेट में भी अपनी खास पहचान बनाई है।
हाल ही में भारत के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने रांची में साउथ अफ्रीका के खिलाफ अपने ODI करियर का 60वां अर्धशतक जड़ा, जो उनके वनडे करियर का 93वां 50+ स्कोर रहा। इसी के साथ उन्होंने भारत के लिए ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा बार 50+ रनों की पारी खेलने के मामले में सौरव गांगुली की बराबरी कर ली।
नीचे भारत के उन पांच भारतीय बल्लेबाजों के बारे में बताने जा रहे हैं, जिन्होंने ODI क्रिकेट में सबसे ज्यादा 50+ स्कोर बनाए हैं और लंबे समय तक टीम की बल्लेबाजी रीढ़ बने रहे।
ये हैं वो 5 भारतीय बल्लेबाज जिन्होंने ODI क्रिकेट में बनाए हैं सबसे ज्यादा 50+ स्कोर
1. सचिन तेंदुलकर – 145
सचिन तेंदुलकर भारतीय क्रिकेट के वह नाम हैं जिन्होंने ODI फॉर्मेट में स्थिरता और निरंतरता का स्तर बहुत ऊँचा रखा। उन्होंने 1989 से 2012 तक 463 मैच खेले और 452 पारियों में 18,426 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 96 अर्धशतक और 49 शतक निकले। उन्होंने वनडे क्रिकेट में कुल मिलाकर 145 बार 50+ रनों की पारियाँ खेलीं।
सचिन की 200* रनों की ऐतिहासिक पारी आज भी फैंस की याद में बसती है और यह दर्शाती है कि वो हमेशा सीमाओं को आगे बढ़ाने की क्षमता रखते थे। उनकी तकनीक, अनुभव और हर परिस्थिति में ढलने की कला ने उन्हें दुनिया के महानतम बल्लेबाजों में शामिल किया।
2. विराट कोहली – 127
विराट कोहली आधुनिक समय के सबसे भरोसेमंद वनडे बल्लेबाजों में गिने जाते हैं। उन्होंने 2008 से अब तक 306 मैचों में 294 पारियाँ खेलकर 14,390 रन बनाए। इस दौरान उनके नाम 75 अर्धशतक और 52 शतक दर्ज हुए, यानी उन्होंने कुल 127 बार 50+ स्कोर बनाए।
लक्ष्य का पीछा करते समय विराट की पारियाँ अक्सर मैच को भारत की ओर मोड़ देती हैं और उनकी 183 रनों की यादगार पारी इसका बड़ा उदाहरण है। उनकी फिटनेस, विकेट के बीच तेज दौड़ और गेंदबाजों के हिसाब से शॉट चयन उन्हें आज भी भारत की बल्लेबाजी का सबसे बड़ा स्तंभ बनाते हैं।
3. राहुल द्रविड़ – 94
राहुल द्रविड़ भारतीय बल्लेबाजी में स्थिरता और भरोसे का दूसरा नाम थे। उन्होंने 1996 से 2011 तक 340 मैचों में 314 पारियाँ खेलकर 10,768 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 82 अर्धशतक और 12 शतक लगाए, यानी कुल 94 बार 50+ रनों की पारी खेली।
द्रविड़ की तकनीक, धैर्य और परिस्थिति को समझकर खेलने की कला ने उन्हें कई बार टीम का संकटमोचक बनाया। उनकी लंबी और सधी हुई पारियाँ भारत को मजबूती देने में अहम भूमिका निभाती थीं।
4. रोहित शर्मा – 93
रोहित शर्मा ने 2007 से अब तक अपनी बल्लेबाजी से भारतीय क्रिकेट में एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने 277 मैचों में 269 पारियाँ खेलकर 11,427 रन बनाए, जिनमें 60 अर्धशतक और 33 शतक शामिल हैं। उन्होंने कुल 93 बार 50+ रनों की पारियाँ खेलीं और यह आंकड़ा उनकी निरंतरता को साबित करता है।
रोहित की बड़ी पारियाँ हमेशा से विपक्षी गेंदबाजों के लिए चुनौती रही हैं और 264 रन की उनकी रिकॉर्ड पारी वनडे इतिहास का अब तक का सबसे बड़ा स्कोर है। उनकी टाइमिंग, पुल शॉट और मैच की जरूरत को समझने का अंदाज उन्हें भारत का सबसे खतरनाक ओपनर बनाता है।
5. सौरव गांगुली – 93
सौरव गांगुली भारत के सबसे प्रभावशाली ओपनरों में से एक रहे हैं। उन्होंने 1992 से 2007 तक 308 मैच खेले और 297 पारियों में 11,221 रन बनाए। उनके नाम 71 अर्धशतक और 22 शतक दर्ज हैं यानी कुल मिलाकर उन्होंने 93 बार 50+ रनों की पारी खेली।
गांगुली की बल्लेबाजी में कलाई का जादू और ऑफ साइड में रन बनाने की कला उन्हें खास बनाती थी। उनकी 183 रनों की पारी आज भी भारत के वनडे इतिहास की महानतम पारियों में शामिल है और यह बताती है कि वह बड़े मैचों में कितना दम रखते थे।
(यहां दिए गए सभी आंकड़े 30 नवंबर 2025 तक अपडेटेड हैं।)
क्रिकेट से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

