भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रायपुर में खेले जा रहे दूसरे वनडे मैच में टॉस का रोमांच शुरू होते ही दर्शकों का उत्साह अपने चरम पर पहुंच गया। जैसे ही साउथ अफ्रीका के कप्तान तेम्बा बावुमा ने टॉस जीता और गेंदबाजी का फैसला सुनाया, स्टेडियम में मौजूद भारतीय फैंस उत्सुक हो गए कि भारतीय बल्लेबाज आज कैसी शुरुआत देंगे। यह फैसला ड्यू, शाम की कंडीशन और पिच के व्यवहार को देखते हुए लिया गया, जिसे दोनों टीमों ने मैच से पहले अच्छी तरह परखा था।
टॉस के तुरंत बाद दोनों कप्तानों ने बताया प्लान

टॉस जीतने के बाद तेम्बा बावुमा ने साफ किया कि शाम में ड्यू उनकी रणनीति का अहम हिस्सा है और इसलिए उनकी टीम चाहती है कि पहले गेंदबाजी करके भारत पर दबाव बनाया जाए। वहीं भारतीय कप्तान केएल राहुल ने भी स्वीकार किया कि अगर वे टॉस जीतते तो वे भी पहले गेंदबाजी ही चुनते, जिससे स्पष्ट होता है कि कंडीशन गेंदबाजों को शुरुआती फायदा दे सकती है। भारतीय टीम वनडे मैचों में लगातार 20वां टॉस हारी है। ऐसा होने की संभावना 1/1,048,576 है।
सेम प्लेइंग इलेवन के साथ उतरी भारतीय टीम
भारतीय टीम ने इस मैच के लिए एक ऐसी प्लेइंग XI उतारी है जिसमें युवा और अनुभवी खिलाड़ियों का संतुलन नजर आता है। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ओपनिंग करेंगे, जबकि तीसरे नंबर पर विराट कोहली उतरेंगे। चौथे नंबर पर ऋतुराज गायकवाड़ को मौका दिया गया है, जिन्हें लेकर फैंस लंबे समय से उम्मीद लगाए बैठे थे।
टीम के ऑलराउंड सेक्शन में वॉशिंगटन सुंदर और रविंद्र जडेजा के रूप में दो अहम खिलाड़ी मौजूद हैं, जो बल्ले और गेंद दोनों से योगदान देने में सक्षम हैं। तेज गेंदबाजी की जिम्मेदारी अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा और हर्षित राणा पर होगी, जबकि कुलदीप यादव स्पिन विभाग का नेतृत्व करेंगे। टीम इंडिया इस मुकाबले में बिना किसी बदलाव के उतरी है।
भारत की प्लेइंग इलेवन
यशस्वी जायसवाल, रोहित शर्मा, विराट कोहली, ऋतुराज गायकवाड़, वॉशिंगटन सुंदर, केएल राहुल, रविंद्र जडेजा, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा
तेम्बा बावुमा समेत अफ्रीका ने किए प्लेइंग 11 में 3 बदलाव
साउथ अफ्रीकी टीम में इस मुकाबले के लिए कप्तान तेम्बा बावुमा की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो रही थी। यही नहीं, उनके साथ 2 और बदलाव देखने को मिले हैं। लेफ्ट आर्म स्पिनर केशव महाराज के साथ तेज गेंदबाज लुंगी एनगिडी की वापसी हुई है। वे रेयान रिकेलटन, प्रेनालन सुब्रयेन और ओट्नील बार्टमैन की जगह पर आए हैं।
महाराज और लुंगी के आने से उनकी गेंदबाजी में और ज्यादा डेप्थ ऐड हो गई है और वे इस बार भारतीय टीम को कम स्कोर पर ही रोकना चाहेंगे। अफ्रीकी टीम इस मैच को जीतकर सीरीज 1-1 से बराबर करना चाहेगी।
साउथ अफ्रीका की प्लेइंग इलेवन
ऐडन मार्कराम, क्विंटन डी कॉक (विकेटकीपर), तेम्बा बावुमा (कप्तान), मैथ्यू ब्रीट्ज़के, टोनी डी जोर्जी, डेवाल्ड ब्रेविस, मार्को यानसन, कॉर्बिन बॉश, केशव महाराज, नांद्रे बर्गर, लुंगी एनगिडी
रायपुर स्टेडियम पिच रिपोर्ट: बल्लेबाजों के लिए अच्छा, लेकिन डबल पेस को भी मिलेगा फायदा
रायपुर की पिच को लेकर शॉन पॉलॉक ने बताया कि यह एक तरफ से अच्छी, सूखी और बल्लेबाजी के लिए मददगार लगती है। दूसरी तरफ, यह काफी उबड़-खाबड़ है। कुछ जगहें सूखी और दरारें हैं, और यह थोड़ी असमान दिखती है। आपको कुछ असमान उछाल मिलेगा और आपको दो-तरफा पिच मिलेगी। यह रांची में देखी गई पिच जितनी ज्यादा स्कोरिंग नहीं होगी। इस पिच पर रिवर्स स्विंग का काफी रोल रहने वाला है। दूसरी पारी में ड्यू बहुत अहम रोल निभाएगी, इसलिए टॉस जीतने वाली टीम ने गेंदबाजी चुनी है।

