भारतीय महिला पहलवान विनेश फोगाट ने बड़ा फैसला लिया है। उन्होंने अपना संन्यास वापस लेने का ऐलान किया है। इस साल अगस्त में उन्होंने रेसलिंग छोड़कर राजनीति में जाने की बात कही थी, लेकिन अब वे फिर से खेल में वापसी करने के लिए तैयार हैं। विनेश ने यह खबर अपने फैंस के साथ सोशल मीडिया पर पोस्ट करके साझा की। अब उनका ध्यान 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक पर है।
विनेश ने संन्यास से वापसी का किया ऐलान
विनेश फोगाट ने इंस्टाग्राम पर लिखा कि लोग उनसे अक्सर पूछते थे कि क्या पेरिस ओलंपिक उनका आखिरी मुकाबला था। काफी समय तक उनके पास इस सवाल का कोई जवाब नहीं था। कई सालों बाद उन्हें थोड़ा सुकून मिला और उन्होंने खुद को समझने के लिए कुछ वक्त लिया।उन्होंने कहा कि जिंदगी के उतार–चढ़ाव, किए गए त्याग और उनका वह पहलू जो दुनिया ने कभी नहीं देखा। इन सबने उन्हें बहुत कुछ सिखाया है। विनेश ने साफ कहा कि उन्हें आज भी खेल से प्यार है और वे अब भी मुकाबले में उतरना चाहती हैं।
— Vinesh Phogat (@Phogat_Vinesh) December 12, 2025
विनेश ने पोस्ट में आगे लिखा, ‘सन्नाटे में मुझे कुछ ऐसा मिला जिसे मैं भूल गई थी ‘आग कभी नहीं बुझती है। ये केवल थकावट और शोर के नीचे दबी हुई थी। अनुशासन, दिनचर्या, लड़ाई… ये मेरे सिस्टम में है। इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि मैं कितनी दूर चली गई, मेरा एक हिस्सा मैट पर ही है। तो मैं यहां हूं, एक ऐसे दिल के साथ जो निडर है और एक ऐसी भावना के साथ जो झुकने से इनकार करता है, LA28 की ओर वापस कदम रख रही हूं। और इस बार, मैं अकेले नहीं चल रही हूं, मेरा बेटा मेरी टीम में शामिल हो रहा है, मेरी सबसे बड़ी प्रेरणा, 2028 ओलंपिक की इस राह पर मेरा छोटा चीयरलीडर होगा।

