अंडर 19 वर्ल्ड कप ऐसा टूर्नामेंट है जहाँ खिलाड़ियों को वर्ल्ड लेवल पर अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलता है। कई दिग्गज खिलाड़ियों ने सबसे पहले इसी मल्टीनेशनल इवेंट में अपने टैलेंट की झलक दिखाई थी। उसके बाद ही वे आगे चलकर महान खिलाड़ी बन सके थे।
एक बार फिर से अंडर 19 वर्ल्ड कप की शुरुआत होने वाली है, जिसमें कई टैलेंटेड खिलाड़ी खेलते हुए नज़र आएंगे। इसमें वैभव सूर्यवंशी, आयुष म्हात्रे, ओलिवर पीक, जेम्स रयू जैसे खिलाड़ी शामिल हैं। तो चलिए जानते हैं कि इस टूर्नामेंट की शुरुआत कब से होनी है और भारतीय टीम कब अपने अभियान की शुरुआत करेगी।
15 जनवरी से होनी है अंडर 19 वर्ल्ड कप की शुरुआत

अंडर 19 वर्ल्ड कप की शुरुआत 15 जनवरी से होनी है। यह टूर्नामेंट ज़िम्बाब्वे और नामीबिया में खेला जाना है। इन दोनों देशों के 4 ग्राउंड में ही सभी मैच खेले जाएंगे।
इस बार 16 टीमें टूर्नामेंट में खेलती हुई नज़र आएँगी। उसके बाद सुपर 6 के मुकाबले खेले जाएंगे और फिर सेमीफाइनल और उसके बाद फाइनल मैच खेला जाएगा।
15 जनवरी को यूएसए से होगा इंडिया का पहला मुकाबला
टीम इंडिया को अपने अभियान की शुरुआत पहले ही दिन करनी है। उनका सामना यूएसए से 15 जनवरी को बुलावायो के क्वींस स्पोर्ट्स क्लब में खेला जाना है। यह मैच भारतीय समयानुसार दोपहर 1 बजे शुरू होगा।
इस मैच में भारतीय कप्तान आयुष म्हात्रे की वापसी हो सकती है। वे एशिया कप के दौरान ही इंजर्ड हो गए थे, जिसके चलते वे साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज़ भी नहीं खेल पाए थे।
आयुष म्हात्रे करेंगे टीम इंडिया को लीड
हालाँकि अब आयुष फिट हो चुके हैं और पहले मैच में न सिर्फ टीम में वापस आएंगे बल्कि कप्तानी करते हुए भी दिखेंगे। म्हात्रे बल्ले से लीड करते हुए टीम को एक बार फिर से चैंपियन बनाना चाहेंगे।
पिछली बार भारतीय टीम को फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों हार का सामना करना पड़ा था, लेकिन इस बार वे गलतियों से सबक लेते हुए नतीजा बदलना चाहेंगे।
अंडर 19 वर्ल्ड कप के पहले दिन 3 मुकाबले खेले जाएंगे। इंडिया और यूएसए के साथ-साथ स्कॉटलैंड का सामना मेज़बान ज़िम्बाब्वे से होगा और आखिरी मुकाबला तंज़ानिया और वेस्टइंडीज के बीच खेला जाएगा।

