पैट कमिंस और जसप्रीत बुमराह इस दशक के सबसे बेहतरीन तेज़ गेंदबाज़ हैं। उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी से अपनी टीम को बहुत से मैच जिताए हैं। सपाट पिच हो या सेट बल्लेबाज़ का विकेट लेना हो, उन्होंने हमेशा यह काम अपनी टीम के लिए करके दिया है।
बुमराह और कमिंस ने आगे आने वाली जनरेशन को तेज़ गेंदबाज़ बनने के लिए प्रेरित किया है। भारत में कोई आईसीसी इवेंट हो और पैट कमिंस की बात न हो, ऐसा संभव ही नहीं हो सकता है। क्योंकि उनकी टीम ने 19 नवंबर को जो किया था, उसके घाव अभी भी हर भारतीय के मन में ताज़ा हैं।
एक बार फिर से टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन इंडिया में होना है और इस बार भी फाइनल मुकाबला अहमदाबाद में खेला जाना है, जहाँ आख़िरी बार टीम इंडिया को हैरान करने वाला सामना करना पड़ा था।
बुमराह और कमिंस ने किया है शानदार प्रदर्शन

जसप्रीत बुमराह और पैट कमिंस ने अब तक अपने करियर में काफ़ी अच्छा प्रदर्शन किया है। दोनों कई टी20 वर्ल्ड कप भी खेल चुके हैं और उसमें अच्छा प्रदर्शन करके अपनी टीम को चैंपियन भी बना चुके हैं।
इस बार इन दोनों में से जो ज़्यादा अच्छा प्रदर्शन करेगा, उसकी टीम के खिताब जीतने के चांस उतने ही ज़्यादा बढ़ जाएंगे। क्योंकि दोनों विकेट-टेकिंग गेंदबाज़ हैं। तो चलिए जानते हैं कि अब तक दोनों ने टी20 वर्ल्ड कप में कितने मुकाबले खेले हैं और उसमें किस खिलाड़ी का प्रदर्शन अच्छा रहा है।
2016 में किया था टी20 वर्ल्ड कप में डेब्यू
जसप्रीत बुमराह को सबसे पहले टी20 वर्ल्ड कप में 2016 में खेलने का मौका मिला था। भारत में हुए उस टूर्नामेंट में उन्होंने अपनी गेंदबाज़ी का जौहर दिखाया था और उसके बाद कभी भी उन्होंने पीछे मुड़कर नहीं देखा है।
इंजरी के चलते उन्होंने 2022 का टूर्नामेंट मिस किया था, लेकिन 2024 में अमेरिका और वेस्टइंडीज़ में खेले गए टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ़ द टूर्नामेंट का ख़िताब जीतकर टीम इंडिया को वर्ल्ड चैंपियन बनाने का सपना भी पूरा किया था।
शानदार रहा है बुमराह का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
जसप्रीत ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 18 मैच खेले हैं, जिसमें 14.30 की औसत, 15.76 की स्ट्राइक रेट और 5.44 की इकॉनमी से 26 विकेट अपने नाम किए हैं। इस दौरान उनका बेस्ट प्रदर्शन 7 रन देकर 3 विकेट रहा है।
कमिंस ने 2012 में खेला था पहला टी20 वर्ल्ड कप
पैट कमिंस ने टी20 वर्ल्ड कप में पहली बार साल 2012 में खेला था। उसके बाद 2014 और 2016 का टूर्नामेंट उन्होंने इंजरी के चलते मिस कर दिया था। हालाँकि उसके बाद 2021 में यूएई में हुए टूर्नामेंट के नॉकआउट मुकाबलों में उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी की थी, जिसके चलते ऑस्ट्रेलियाई टीम अपना एकमात्र ख़िताब जीतने में सफल हुई थी।
2024 में वेस्टइंडीज़ और अमेरिका में हुए टी20 वर्ल्ड कप में उन्होंने शानदार गेंदबाज़ी करते हुए दो मैचों में दो हैट्रिक ली थीं, लेकिन उनकी टीम सेमीफ़ाइनल के लिए क्वालिफ़ाई नहीं कर पाई थी।
ऐसा है कमिंस का टी20 वर्ल्ड कप में प्रदर्शन
कमिंस ने टी20 वर्ल्ड कप में अब तक 22 मैचों में 28.26 की औसत, 21.65 की स्ट्राइक रेट और 7.83 की इकॉनमी से 23 विकेट लिए हैं। उनका बेस्ट प्रदर्शन 28 रन देकर 3 विकेट है।
बुमराह हैं कमिंस से थोड़ा आगे
बुमराह और कमिंस ने टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन किया है। लेकिन दोनों की तुलना में जसप्रीत थोड़ा सा आगे हैं। क्योंकि बल्लेबाज़ उनके ख़िलाफ़ रिस्क कम लेते हैं, जिसके चलते उनकी इकॉनमी भी बेहतर है।
बुमराह किसी भी फ़ेज़ में गेंदबाज़ी कर सकते हैं, लेकिन कमिंस डेथ ओवरों में उतने अच्छे गेंदबाज़ नहीं हैं। इसलिए ओवरऑल कंपैरिज़न में बुमराह, कमिंस से बाज़ी मारते हुए दिखाई देते हैं।

