72nd Senior Nationals Men’s Kabaddi Championship: कबड्डी प्रेमियों के लिए फरवरी का महीना खास है। 72वीं सीनियर नेशनल पुरुष कबड्डी चैंपियनशिप 2026 का आयोजन 24 से 27 फरवरी तक वडोदरा के समा इंडोर कॉम्प्लेक्स में किया गया है। इस लोकप्रिय टूर्नामेंट में देशभर की 31 टीमें हिस्सा लेंगी और करीब 400 खिलाड़ी अपनी प्रतिभा का दम दिखाएंगे। चार दिनों तक चलने वाले इस मुकाबले में रोमांच और प्रतिस्पर्धा अपने चरम पर रहने की उम्मीद है।
इस प्रतियोगिता का आयोजन Amateur Kabaddi Federation of India (AKFI) के मार्गदर्शन में हो रहा है। यह मंच सिर्फ अनुभवी खिलाड़ियों के लिए ही नहीं, बल्कि युवा प्रतिभाओं के लिए भी बड़ा अवसर साबित होगा। कई ऐसे खिलाड़ी, जिन्होंने Pro Kabaddi League (PKL) सीजन 12 में शानदार प्रदर्शन किया था, वे भी इस चैंपियनशिप में नजर आएंगे।
PKL के टॉप खिलाडी भी होंगे इस लीग का हिस्सा
PKL सीजन 12 के टॉप रेडरों में हरियाणा के अयान लोछाब (316 रेड प्वाइंट्स), देवांक दलाल (271 रेड प्वाइंट्स) और सर्विसेज के भरत हुड्डा (230 रेड प्वाइंट्स) जैसे खिलाड़ी मौजूद रहेंगे। पिछली बार खिताब जीतने वाली सर्विसेज टीम इस बार भी मजबूत दावेदार मानी जा रही है। टीम में देवांक दलाल, नवीन कुमार, अंकित जगलान और जयदीप दहिया जैसे नाम शामिल हैं, जो दोबारा जीत हासिल करने के इरादे से उतरेंगे।
दूसरी ओर, रेलवे, हरियाणा और महाराष्ट्र की टीमें भी पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी। दबंग दिल्ली को पिछला खिताब दिलाने वाले आशु मलिक इस बार रेलवे का प्रतिनिधित्व करेंगे, जबकि अर्जुन देशवाल उत्तर प्रदेश की कमान संभालते दिख सकते हैं।
युवा खिलाड़ियों पर भी सबकी नजर रहेगी। तमिलनाडु के दीपक संकर ने बेंगलुरु बुल्स के लिए 64 टैकल प्वाइंट्स हासिल कर ‘न्यू यंग प्लेयर ऑफ द सीजन’ का खिताब जीता था। महाराष्ट्र के आदित्य शिंदे (159 रेड प्वाइंट्स) और हरियाणा के नितेश कुमार (65 टैकल प्वाइंट्स) जैसे खिलाड़ी भी अपने प्रदर्शन से प्रभावित करने को तैयार हैं। इसके अलावा हिमाचल प्रदेश के अनिल और मध्य प्रदेश के उदय पारटे जैसे युवा खिलाड़ी भी अपनी पहचान बनाने का सुनहरा मौका पाएंगे।
यह चैंपियनशिप केवल खिताब जीतने का मंच नहीं है, बल्कि खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय शिविर, भारतीय टीम और पेशेवर लीग में जगह बनाने का अहम अवसर भी है। आयोजन की जिम्मेदारी गुजरात कबड्डी एसोसिएशन और वडोदरा कबड्डी एसोसिएशन संयुक्त रूप से निभा रहे हैं। बेहतर सुविधाओं और व्यवस्थाओं के साथ यह आयोजन गुजरात को एक प्रमुख खेल केंद्र के रूप में और मजबूत करेगा।
कुल मिलाकर, चार दिनों तक चलने वाली यह प्रतियोगिता कबड्डी प्रेमियों के लिए रोमांच, जुनून और खेल भावना का शानदार उत्सव साबित होगी।

