ईशान किशन को आईपीएल 2026 के लिए सनराइजर्स हैदराबाद ने कप्तान नियुक्त कर दिया है। वह पैट कमिंस की गैरमौजूदगी में टीम की कमान संभालेंगे। ईशान एसआरएच में कप्तानी करने वाले 11वें खिलाड़ी बन गए हैं।
यही नहीं, ईशान विकेटकीपर बल्लेबाज हैं और वह बतौर कीपर आईपीएल में कप्तानी करने वाले 11वें खिलाड़ी की सूची में शामिल हो गए हैं। तो चलिए जानते हैं कि अब तक आईपीएल में कितने विकेटकीपर बल्लेबाजों ने कप्तानी की है।
बतौर विकेटकीपर IPL में कप्तानी करने वाले खिलाड़ी
1. एमएस धोनी- (MS Dhoni)
एमएस धोनी को साल 2008 में चेन्नई सुपर किंग्स ने अपना कप्तान बनाया था। वह पहले विकेटकीपर बल्लेबाज थे जिन्हें कप्तानी सौंपी गई थी। उसके बाद से उन्होंने इस लीग में बहुत से रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए। धोनी ने 2023 तक कप्तानी संभाली थी, लेकिन पिछले साल ऋतुराज गायकवाड़ चोटिल हो गए थे, जिसके चलते उन्होंने कुछ मुकाबलों में कप्तानी की थी।
धोनी ने आईपीएल में 235 मैचों में कप्तानी की है, जिसमें 136 में जीत और 97 में हार का सामना करना पड़ा है। इस दौरान उनकी कप्तानी में टीम 5 खिताब जीतने में सफल हुई है।
2. एडम गिलक्रिस्ट- (Adam Gilchrist)
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट को डेक्कन चार्जर्स ने साल 2008 में खरीदा था और उन्हें कप्तान भी बनाया था। उन्होंने 2013 तक डेक्कन चार्जर्स और किंग्स इलेवन पंजाब की कप्तानी की थी।
गिलक्रिस्ट ने 74 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 35 में जीत और 39 में हार का सामना करना पड़ा। 2009 में उनकी कप्तानी में डेक्कन चार्जर्स ने ट्रॉफी अपने नाम की थी।
3. ब्रेंडन मैकुलम (Brendon Mcculum)
कोलकाता नाइट राइडर्स ने 2009 में अपने दिग्गज खिलाड़ी सौरव गांगुली से कप्तानी छीनकर ब्रेंडन मैकुलम को दी थी। लेकिन उनकी कप्तानी में भी टीम के प्रदर्शन में कुछ खास फर्क नहीं पड़ा। मैकुलम ने आईपीएल में 14 मैचों में कप्तानी की है। इस दौरान मात्र 3 मैचों में जीत और 10 में हार का सामना करना पड़ा है।
4. कुमार संगकारा (Kumar Sangakara)
श्रीलंका के दिग्गज विकेटकीपर बल्लेबाज कुमार संगकारा को 2010 में किंग्स इलेवन पंजाब ने कप्तान बनाया था और अगले 3 सालों तक उन्होंने कप्तानी की। इस दौरान उन्होंने पंजाब, हैदराबाद और डेक्कन चार्जर्स की कमान संभाली थी।
संगकारा ने 47 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान सिर्फ 15 में जीत और 30 में हार का सामना करना पड़ा।
5. दिनेश कार्तिक (Dinesh Kartik)
दिनेश कार्तिक ने भी आईपीएल में बहुत सी फ्रेंचाइज़ियों के लिए खेला और अपने लंबे करियर में कई टीमों की कप्तानी भी की। 2018 में उन्हें कोलकाता नाइट राइडर्स ने स्थायी कप्तान बनाया था और अगले दो साल तक उन्होंने कप्तानी संभाली, लेकिन कुछ खास प्रदर्शन नहीं कर पाए।
दिनेश ने आईपीएल में 43 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 21 में जीत और 21 में हार का सामना करना पड़ा। वहीं उनकी कप्तानी में टीम कोई ट्रॉफी भी नहीं जीत सकी।
6. केएल राहुल (KL Rahul)
केएल राहुल ने भी आईपीएल में कई सीजन कप्तानी की, लेकिन खिताब जीतने में सफल नहीं रहे। राहुल ने साल 2020 में पंजाब किंग्स की कमान संभाली थी और अगले 3 सालों तक कप्तानी की।
राहुल ने 64 मैचों में कप्तानी की। इस दौरान टीम को 31 में जीत और 31 में हार का सामना करना पड़ा। उनकी कप्तानी में टीम कोई भी फाइनल खेलने में सफल नहीं हुई।
7. संजू सैमसन (Sanju Samson)
संजू सैमसन अब भले ही कप्तान नहीं हैं, लेकिन उन्होंने भी अपनी कप्तानी में काफी बेहतरीन नतीजे हासिल किए थे। संजू ने साल 2021 में राजस्थान रॉयल्स की कमान संभाली थी।
तब से लेकर 2024 तक उन्होंने कप्तानी की। पिछले सीजन चोट की वजह से वह कुछ मैचों में ही कप्तानी कर पाए थे। संजू ने 67 मैचों में कप्तानी की, जिसमें 33 में जीत और 32 में हार का सामना करना पड़ा। इस दौरान साल 2022 में टीम फाइनल खेलने में सफल रही थी।
8. ऋषभ पंत (Rishabh Pant)
ऋषभ पंत अपनी अटैकिंग बल्लेबाजी और फियरलेस कप्तानी के लिए जाने जाते हैं, लेकिन अब तक उनकी कप्तानी में उन्हें वो नतीजे नहीं मिले हैं। साल 2021 में पंत ने दिल्ली कैपिटल्स की कमान संभाली थी और फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स की कप्तानी कर रहे हैं।
ऋषभ ने 57 मुकाबलों में कप्तानी की है, जिसमें 29 में जीत और 27 में हार का सामना करना पड़ा है।
9. पार्थिव पटेल (Parthiv Patel)
पार्थिव पटेल ने आईपीएल में सिर्फ 2011 में कोच्चि टस्कर्स केरल के लिए 1 मैच में कप्तानी की थी, जिसमें भी उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
10. निकोलस पूरन- (Nicholas Pooran)
निकोलस पूरन ने साल 2024 में 1 मुकाबले में कप्तानी की और उसमें जीत मिली थी।
11. ईशान किशन- (Ishan Kishan)
ईशान किशन अब आईपीएल में बतौर विकेटकीपर बल्लेबाज कप्तानी करने वाले 11वें खिलाड़ी बन गए हैं।

