IPL 2026 से पहले हुए कुछ कोचिंग चेंज टीमों की रणनीति और पूरे सीजन का परिणाम बदल सकते हैं।
IPL सिर्फ खिलाड़ियों का खेल नहीं है, बल्कि यह दिमाग का भी मुकाबला होता है। मैदान पर जितनी लड़ाई होती है, उससे कहीं ज्यादा रणनीति ड्रेसिंग रूम और डगआउट में तैयार होती है।
IPL 2026 से पहले कई टीमों ने अपने कोचिंग स्टाफ में बड़े बदलाव किए हैं। इन फैसलों का असर सिर्फ टीम कॉम्बिनेशन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि पूरे सीजन के रिजल्ट को प्रभावित कर सकता है।
IPL 2026 के ये 5 बड़े कोचिंग चेंज पूरे सीजन का रुख बदल सकते हैं
1. KKR ने अभिषेक नायर को बनाया हेड कोच
कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) ने इस बार बड़ा फैसला लेते हुए अभिषेक नायर को हेड कोच बनाया है। उन्होंने चंद्रकांत पंडित की जगह ली है और टीम अब एक नए अप्रोच के साथ मैदान में उतरेगी।
नायर पहले से ही KKR के सेटअप का हिस्सा रहे हैं और उन्हें टीम की एकेडमी और स्काउटिंग सिस्टम का ब्रेन माना जाता है। रिंकू सिंह जैसे खिलाड़ियों के उभार में उनका बड़ा योगदान रहा है। यह बदलाव दिखाता है कि KKR अब लॉन्ग टर्म प्लानिंग और प्लेयर-फ्रेंडली सिस्टम पर फोकस कर रही है।
2. राजस्थान रॉयल्स में हेड कोच के रूप में कुमार संगकारा की वापसी
राजस्थान रॉयल्स के लिए कुमार संगकारा की वापसी इस सीजन से पहले आईपीएल की कोचिंग सेटअप को लेकर सबसे बड़ी खबर रही। राहुल द्रविड़ के जाने के बाद अब संगकारा फिर से हेड कोच की भूमिका में नजर आएंगे।
वह पहले से ही डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट की भूमिका में थे और अब डगआउट में उनकी मौजूदगी टीम को और मजबूत बनाएगी। संगकारा का शांत स्वभाव और डेटा बेस्ड अप्रोच RR के लिए हमेशा फायदेमंद रहा है। उनका डबल रोल टीम के अंदर बेहतर तालमेल बनाएगा।
3. शेन वॉटसन और टिम साउदी को KKR कोचिंग सेटअप में जगह
KKR ने सिर्फ हेड कोच ही नहीं बदला, बल्कि पूरा कोचिंग सेटअप मजबूत किया है। टीम में शेन वॉटसन और टिम साउदी जैसे बड़े नाम शामिल हुए हैं।
वॉटसन जैसे अनुभवी खिलाड़ी का जुड़ना टीम में जीत की मानसिकता लाएगा, जबकि साउदी का हालिया टी20 अनुभव गेंदबाजों के लिए काफी काम आएगा। यह एक ऐसा कॉम्बिनेशन है, जहां अनुभव और आधुनिक क्रिकेट दोनों का बैलेंस नजर आता है।
4. दिल्ली कैपिटल्स ने इयान बेल को बनाया असिस्टेंट कोच
दिल्ली कैपिटल्स ने अपनी बल्लेबाजी को मजबूत करने के लिए इंग्लैंड के पूर्व बल्लेबाज इयान बेल कोआईपीएल 2026 में असिस्टेंट कोच बनाया है।
DC की बल्लेबाजी कई बार शानदार रही है, लेकिन कंसिस्टेंसी की कमी दिखी है। ऐसे में बेल का तकनीकी अनुभव टीम के युवा बल्लेबाजों के लिए काफी मददगार हो सकता है। उनकी मौजूदगी खासकर उन खिलाड़ियों के लिए अहम होगी, जो इंटरनेशनल लेवल पर कदम रखने की तैयारी कर रहे हैं।
5. सनराइजर्स हैदराबाद ने वरुण एरोन को बनाया बॉलिंग कोच
सनराइजर्स हैदराबाद ने अपने बॉलिंग कोच के रूप में वरुण एरोन को नियुक्त किया है। उन्होंने जेम्स फ्रैंकलिन की जगह ली है और टीम अब नए नजरिए के साथ गेंदबाजी पर काम करेगी।
एरोन खुद एक तेज गेंदबाज रहे हैं और उन्हें आधुनिक टी20 क्रिकेट की जरूरतों की अच्छी समझ है। खासकर भारतीय पिचों पर उनकी जानकारी टीम के लिए फायदेमंद साबित हो सकती है। पैट कमिंस जैसे गेंदबाज के साथ काम करते हुए एरोन SRH की गेंदबाजी यूनिट को और खतरनाक बना सकते हैं।
IPL 2026 में सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि कोचिंग स्टाफ भी बड़ा फर्क डालने वाला है। KKR का नया सेटअप, RR में संगकारा की वापसी, DC का तकनीकी फोकस और SRH की नई गेंदबाजी रणनीति इस सीजन को और दिलचस्प बना सकती है। कई बार एक सही कोचिंग फैसला पूरे टूर्नामेंट का रुख बदल देता है और इस बार भी ऐसा ही कुछ देखने को मिल सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

