आईपीएल 2026 में एक बार फिर संदीप शर्मा रोहित शर्मा के लिए मुश्किल बनकर सामने आए। उन्होंने फिर से एक बार रोहित को चलता किया। इस मुकाबले में संदीप ने रोहित को छठी बार आउट कर अपना दबदबा कायम रखा, जिससे यह टक्कर और भी खास बन गई। टी20 क्रिकेट में दोनों के आंकड़े बताते हैं कि संदीप ने रोहित को काफी हद तक काबू में रखा है।
संदीप शर्मा के आगे रोहित शर्मा रहते हैं फीके
रोहित शर्मा का आईपीएल में रिकॉर्ड काफी अच्छा है। लेकिन संदीप शर्मा के आगे उनके आंकड़े काफी फीके हैं। तेज गेंदबाज पूर्व कप्तान को शांत रखने में सफल रहे हैं। उनके सामने रोहित न तो तेजी से रन बना पाते हैं और न ही विकेट बचाने में सफल होते हैं।
संदीप 14 पारियों में 6 बार कर चुके हैं आउट
रोहित और संदीप आईपीएल में 14 बार आमने-सामने आए हैं। इस दौरान उन्होंने 47 गेंदों का सामना किया है और उसमें 80 के स्ट्राइक रेट से 38 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत भी सिर्फ 6 का रहा है। वह रोहित को आईपीएल में 6 बार आउट कर चुके हैं।
संदीप हमेशा रोहित शर्मा के लिए चुनौती पेश करते हैं। वह नई गेंद से स्विंग के जरिए उन्हें ज्यादातर आउट करते हैं। पुरानी गेंद से भी वह उन्हें पेस नहीं देते हैं और स्टंप्स में ही गेंदबाजी करते हैं, जिससे रोहित रन बनाने में सफल नहीं रहते हैं।
रोहित को सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड नरेन के नाम पर
आईपीएल में रोहित शर्मा को सबसे ज्यादा आउट करने का रिकॉर्ड सुनील नरेन के नाम है। उन्होंने ओपनर बल्लेबाज को सबसे ज्यादा 8 बार आउट किया है। जबकि उसके बाद भारतीय स्पिनर अमित मिश्रा का नंबर आता है। उन्होंने रोहित को 7 बार आउट किया है।
वहीं तेज गेंदबाज विनय कुमार ने रोहित को 6 बार आउट किया है, जो कि तीसरा सबसे ज्यादा है। वहीं ड्वेन ब्रावो और उमेश यादव ने उन्हें 5-5 बार आउट किया है।
- सुनील नरेन- 8
- अमित मिश्रा- 7
- संदीप शर्मा- 6
- आर विनय कुमार- 6
- ड्वेन ब्रावो- 5
- उमेश यादव- 5

