SRH vs CSK मैच में हैदराबाद ने अंत में दबाव बनाकर 194 रन डिफेंड कर लिए।
आईपीएल 2026 के 27वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को 10 रनों से हराते हुए एक शानदार जीत दर्ज की। इस मुकाबले में हैदराबाद ने घरेलू सरजमीं पर युवा गेंदबाजों के दम पर 194/9 का टोटल डिफेंड किया और इस सीजन अपनी तीसरी जीत हासिल की।
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए हैदराबाद ने 9 विकेट खोकर 194 रन बनाए और इसके बाद गेंदबाजों ने सही समय पर विकेट लेकर मैच को अपने पक्ष में कर लिया। यह मुकाबला पूरी तरह उतार-चढ़ाव से भरा रहा, जहां दोनों टीमों ने अलग-अलग फेज में पकड़ बनाई, लेकिन अंत में हैदराबाद ने बाजी मार ली।
पॉवरप्ले में आया अभिषेक शर्मा का तूफान
इस मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करते हुए सनराइजर्स हैदराबाद ने बेहद आक्रामक शुरुआत की। अभिषेक शर्मा ने सिर्फ 22 गेंदों में 59 रन ठोकते हुए पॉवरप्ले में ही मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने मात्र 6 ओवरों में ही 75 रन बना लिए थे।
लेकिन सनराइजर्स हैदराबाद को पहला झटका 6वें ओवर में लगा, जब पांचवीं गेंद पर ट्रेविस हेड (23 रन) आउट हुए। इसके बाद अगली ही गेंद पर ईशान किशन भी बिना खाता खोले चलते बने। इसके बावजूद अभिषेक आक्रामक अंदाज में खेलते रहे, लेकिन 8वें ओवर में उनका विकेट गिरा और हैदराबाद 93/3 पर पहुंच गई।
हालांकि, टॉप ऑर्डर के झटकों के बाद हेनरिक क्लासेन ने पारी को संभाला। उन्होंने 39 गेंदों में 59 रन बनाए और टीम को मजबूत स्थिति में रखा।
डेथ ओवर में बिखरी हैदराबाद की पारी
18वें ओवर में जैसे ही क्लासेन का विकेट गिरा और यहीं से मैच का रुख थोड़ा बदल गया। इसके बाद 19वें ओवर में सलिल अरोड़ा और 20वें ओवर में शिवांग कुमार आउट हुए। आखिरी ओवर की आखिरी गेंद पर लियाम लिविंगस्टोन भी आउट हो गए।
हैदराबाद ने आखिरी 5 ओवरों में सिर्फ 40 रन बनाए और 4 विकेट गंवा भी दिए, जिसकी वजह से उनका स्कोर 200 के पार नहीं जा सका और टीम 194/9 पर ही रुक गई।
चेन्नई की तेज शुरुआत लेकिन लगातार झटके
195 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए चेन्नई सुपर किंग्स ने भी तेज शुरुआत की। उन्होंने सिर्फ 3 ओवरों में एक विकेट खोकर 50 रन बना दिए थे। लेकिन इसके बाद 5वें ओवर में आयुष म्हात्रे और छठे ओवर में रुतुराज गायकवाड़ के विकेट गिर गए, जिससे पॉवरप्ले के अंत तक टीम 76/3 पर पहुंच गई।
बीच ओवरों में मैच फंसा
इसके बाद मैथ्यू शॉर्ट और सरफराज खान ने पारी को संभालने की कोशिश की। लेकिन 11वें ओवर में अच्छे लय में दिख रहे सरफराज खान का विकेट गिर गया और फिर अगले ही ओवर में डेवाल्ड ब्रेविस बिना खाता खोले आउट हो गए। यहाँ से मैच पूरी तरह फंस गया।
हालांकि, 14वें ओवर में प्रफुल हिंगे को 15 रन पड़े, लेकिन 15वें ओवर में साकिब हुसैन ने 6 रन दिए और 16वें ओवर में ईशान मलिंगा ने मैथ्यू शॉर्ट को आउट कर दिया और यहीं से चेन्नई इस रन चेज पूरी तरह दबाव में आ गई थी।
अंत में हैदराबाद ने पलटा मैच
17वें ओवर में साकिब हुसैन का ओवर सबसे बड़ा गेम चेंजर साबित हुआ। उन्होंने एक बार फिर 6 रनों का शांत ओवर फेंकते हुए पांचवीं गेंद पर शिवम दुबे का विकेट ले लिया। इस विकेट के बाद सनराइजर्स हैदराबाद ने मैच में पूरी पकड़ बना ली।
इसके बाद चेन्नई को आखिरी 3 ओवरों में 40 रन चाहिए थे और फिर अंतिम ओवर में उन्हें 20 रन बनाने थे, लेकिन प्रफुल हिंगे ने एक नो बॉल के बावजूद चौथी गेंद पर जेमी ओवरटन को आउट किया और 4 ओवरों में 60 रन खर्च करने के बावजूद अपनी टीम को जीत की दहलीज पार कराई।
हैदराबाद के लिए ईशान मलिंगा ने 3 विकेट लेकर सबसे बड़ा असर डाला। उन्होंने 4 ओवरो में सिर्फ 29 रन ही खर्च किए, जिसमें पहले दो ओवरों में उन्होंने 2 विकेट लेकर 11 रन दिए थे। इसी प्रदर्शन की बदौलत उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच भी चुना गया।
उनके अलावा, नीतिश कुमार रेड्डी ने भी 4 ओवरों में 31 रन खर्च करते हुए 3 अहम विकेट लिए, जबकि साकिब हुसैन (1/32) और शिवांग कुमार (3 ओवरों में 1/18) ने भी अहम योगदान दिया।
पॉइंट्स टेबल में चौथे स्थान पर पहुंची सनराइजर्स हैदराबाद
इस जीत के साथ सनराइजर्स हैदराबाद 6 मैचों में 3 जीत दर्ज करके 6 अंकों के साथ टॉप 4 में पहुंच गई है। वहीं चेन्नई सुपर किंग्स को 6 मैचों में चौथी हार मिली और अब वह 4 अंकों के साथ 7वें स्थान पर बनी हुई है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

