PCB ने अब तक PSL छोड़कर IPL खेलने वाले तीन खिलाड़ियों पर बैन लगाया है।
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) और पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) के बीच टकराव अब साफ नजर आने लगा है। दोनों लीग एक ही समय पर होने की वजह से कई विदेशी खिलाड़ी आईपीएल को प्राथमिकता दे रहे हैं, जिससे PSL को नुकसान उठाना पड़ रहा है। इसी स्थिति को देखते हुए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने (PSL) सख्त रुख अपनाया है।
हाल ही में PCB ने PSL कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद टूर्नामेंट छोड़कर आईपीएल में शामिल हुए खिलाड़ियों पर सख्त एक्शन लिया। इससे पहले उन्होंने पिछले सीजन भी एक खिलाड़ी पर कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल में शामिल होने के चलते बैन लगाया था। हालांकि, कुछ मामलों में खिलाड़ियों को राहत भी मिली है। इसी कड़ी में यहाँ हम PSL छोड़कर IPL खेलने पर बैन हुए खिलाड़ियों की पूरी लिस्ट बताने जा रहे हैं।
PSL छोड़कर IPL खेलने पर बैन हुए खिलाड़ियों की अब तक की पूरी लिस्ट
1. ब्लेसिंग मुजरबानी – 2 साल का बैन
जिम्बाब्वे के तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी ने पाकिस्तान सुपर लीग में इस्लामाबाद यूनाइटेड के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था, लेकिन बाद में उन्होंने मुस्तफिजुर रहमान के रिप्लेसमेंट के रूप में आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स से जुड़ने का फैसला किया।
इसीलिए पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इसे कॉन्ट्रैक्ट का सीधा उल्लंघन माना और उन पर 2 साल का बैन लगा दिया। यह PSL के लिहाज से अब तक का सबसे सख्त फैसला माना जा रहा है, क्योंकि उनसे ज्यादा समय के लिए किसी भी खिलाड़ी पर बैन नहीं लगा है।
2. दासुन शनाका – 1 साल का बैन
श्रीलंका के ऑलराउंडर दासुन शनाका ने PSL 2026 के लिए लाहौर कलंदर्स के साथ जुड़ने के बाद टूर्नामेंट से नाम वापस लिया और सैम करन के रिप्लेसमेंट के रूप में आईपीएल में राजस्थान रॉयल्स के साथ जुड़ गए।
शनाका के इस फैसले के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उन्हें 1 साल के लिए बैन कर दिया, क्योंकि उन्होंने कॉन्ट्रैक्ट साइन करने के बाद टूर्नामेंट छोड़ा था। हालांकि, वह PSL के अगले सीजन के ऑक्शन में फिर अपना नाम दे सकते हैं और उन्हें खरीदा भी जा सकता है।
3. कॉर्बिन बॉश – 1 साल का बैन
दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी कॉर्बिन बॉश ने पाकिस्तान सुपर लीग 2025 में पेशावर जाल्मी के साथ कॉन्ट्रैक्ट साइन किया था, लेकिन बाद में वह आईपीएल में मुंबई इंडियंस के साथ जुड़ गए।
यह पहली बार था जब किसी खिलाड़ी ने PSL का कॉन्ट्रैक्ट बीच में छोड़कर आईपीएल में खेलने का फैसला किया था। इसी के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने कड़ा कदम उठाते हुए उन पर 1 साल का बैन लगा दिया। हालांकि, अब बॉश फिर से पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने के योग्य हो गए हैं।
यह भी पढ़ें: PSL 2026 से बाहर होने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट, देखिए
PSL छोड़कर आईपीएल खेलने के चलते इन खिलाड़ियों पर नहीं लगा बैन
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने भले ही PSL कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल खेलने वाले खिलाड़ियों पर बैन लगा दिया है, लेकिन उन्होंने हर खिलाड़ी के साथ एक जैसा फैसला नहीं किया। अब तक तीन खिलाड़ियों ने बीच में PSL कॉन्ट्रैक्ट छोड़कर आईपीएल में खेला, लेकिन फिर भी उन्हें राहत मिली।
दरअसल, 2025 में श्रीलंका के कुसल मेंडिस ने क्वेटा ग्लैडिएटर्स को छोड़कर गुजरात टाइटंस जॉइन किया था। काइल जैमिसन पीएसएल का हिस्सा होने के बावजूद आईपीएल में रिप्लेसमेंट के तौर पर शामिल हुए। उनके अलावा, मिचेल ओवेन ने भी पीएसएल छोड़कर आईपीएल जॉइन किया था।
हालांकि, इन तीनों खिलाड़ियों ने पिछले साल भारत-पाकिस्तान तनावों के चलते बीच में आईपीएल और पीएसएल दोनों टूर्नामेंट रुकने के बाद सुरक्षा कारणों से पाकिस्तान में खेलने से मना कर दिया था। इसी के चलते पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने इन खिलाड़ियों पर बैन नहीं लगाया।
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड का यह कदम साफ दिखाता है कि अब उन्होंने PSL कॉन्ट्रैक्ट्स बीच में छोड़ने पर सख्ती बढ़ा दी है। इससे भविष्य में खिलाड़ी पाकिस्तान सुपर लीग या आईपीएल के साथ जुड़ने से पहले अपनी उपलब्धता और प्राथमिकता को लेकर ज्यादा सतर्क रहेंगे।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

