IPL 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट के रिप्लेसमेंट के रूप में एक युवा इंग्लिश ऑलराउंडर को टीम में शामिल किया है।
IPL 2026 के बीच दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने अपने स्क्वॉड में एक अहम बदलाव किया है। उन्होंने अन्तर्राष्ट्रीय प्राथमिकताओं के चलते पहले ही बाहर हो चुके इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट (Ben Duckett) की जगह अब इंग्लैंड के ही एक स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर को टीम में शामिल किया है।
दिल्ली की टीम इस सीजन अब तक अपने सही कॉम्बिनेशन की तलाश में नजर आई है। ऐसे में मैनेजमेंट ने सिर्फ बल्लेबाज का रिप्लेसमेंट नहीं चुना, बल्कि एक ऐसा खिलाड़ी लिया है जो गेंद और बल्ले दोनों से मैच पर असर डाल सकता है।
रेहान अहमद ने आईपीएल 2026 में बेन डकेट को किया रिप्लेस
आईपीएल 2026 में उतार-चढ़ाव से गुजर रही दिल्ली कैपिटल्स ने इंग्लैंड के स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर रेहान अहमद (Rehan Ahmed) को बेन डकेट के रिप्लेसमेंट के रूप में 75 लाख रुपये की बेस प्राइस में साइन किया है।
बता दें कि, रेहान अहमद इंग्लैंड के उभरते हुए स्पिन बॉलिंग ऑलराउंडर हैं, जो बीच के ओवरों में विकेट निकालने के साथ-साथ लोअर मिडिल ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की क्षमता रखते हैं।
अगर रेहान के आंकड़ों पर नजर डालें तो उन्होंने इंटरनेशनल क्रिकेट में कम ही मैचों में अपनी पहचान बना ली है। 21 वर्षीय ऑलराउंडर ने अब तक 5 टेस्ट मैचों में 22 विकेट, 9 वनडे मैचों में 12 विकेट और 13 T20I मैचों में 15 विकेट लेकर दिखाया है कि वह एक विकेट लेने वाले गेंदबाज हैं।
बड़ी बात यह है कि रेहान अहमद सिर्फ गेंद से ही नहीं, बल्कि बल्ले से भी टीम को गहराई देते हैं। उन्होंने ओवरऑल टी20 क्रिकेट में अब तक 125.70 की स्ट्राइक रेट से 1071 रन बनाए हैं, जो यह बताता है कि वह लोअर ऑर्डर में तेजी से रन बना सकते हैं। वह जरूरत पड़ने पर छोटी लेकिन असरदार पारियां खेलते हैं, जो मैच का मोमेंटम बदल सकती हैं।
बड़े मैच में भी दम दिखा चुके हैं रेहान अहमद
रेहान अहमद सिर्फ डोमेस्टिक या छोटे मैचों तक सीमित खिलाड़ी नहीं हैं, उन्होंने बड़े मंच पर भी खुद को साबित किया है। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर 8 मुकाबले में दबाव में आकर मैच का रुख बदल दिया था।
उस मैच में इंग्लैंड को 19 गेंदों में 43 रन चाहिए थे और टीम 117/6 पर फंसी हुई थी। ऐसे समय पर रेहान अहमद ने विल जैक्स के साथ मिलकर गेम पलट दिया। उन्होंने सिर्फ 7 गेंदों में नाबाद 19 रन बनाए, जिसमें 2 बड़े छक्के और एक चौका शामिल था।
इसके अलावा, उन्होंने उस मैच में गेंद से भी असर डाला था और 2 विकेट लेकर न्यूजीलैंड को बड़े स्कोर तक पहुंचने से रोका। यही नहीं, उन्हें उस मैच में आखिरी ओवर भी दिया गया, जो बताता है कि टीम मैनेजमेंट उन पर कितना भरोसा करती है।
रेहान अहमद के आने से दिल्ली कैपिटल्स की स्ट्रेटजी पर क्या पड़ेगा असर
रेहान अहमद के आने से दिल्ली कैपिटल्स को अब एक अतिरिक्त स्पिन ऑप्शन मिल गया है, क्योंकि वह बीच के ओवरों में गेम को कंट्रोल कर सकते हैं। इतना ही नहीं वह लोअर मिडिल ऑर्डर में आकर तेजतर्रार स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी भी कर सकते हैं।
अब यह देखना दिलचस्प होगा कि रेहान अहमद को आईपीएल 2026 में कब डेब्यू करने का मौका मिलता है और वह इस मौके को किस तरह बड़े प्रदर्शन में बदलते हैं।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

