विराट कोहली ने एक बार फिर साबित कर दिया कि उन्हें “चेज मास्टर” क्यों कहा जाता है। उन्होंने शुक्रवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 81 रनों की शानदार पारी खेली, जिसकी बदौलत रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर ने 206 रनों का लक्ष्य 7 गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
इस पारी में कोहली ने 4 छक्के जड़े। पहला छक्का लगाते ही उन्होंने एक खास मुकाम हासिल किया और आईपीएल में 300 छक्के पूरे करने वाले तीसरे बल्लेबाज़ बन गए। इस कड़ी में हम आपको यहाँ हम आपको लीग में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले टॉप-5 खिलाड़ियों के बारे मे बताएंगे।
ये हैं आईपीएल इतिहास में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
5. एबी डिविलियर्स- 251 छक्के
दक्षिण अफ्रीका के पूर्व दिग्गज बल्लेबाज़ एबी डी विलियर्स इस सूची में पांचवें स्थान पर हैं। उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स और रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए कुल 184 मैच खेले, जिसमें उनके नाम 251 छक्के दर्ज हैं। अब वह लीग क्रिकेट से भी संन्यास ले चुके हैं।
4. एमएस धोनी- 264 छक्के
एमएस धोनी आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ों की सूची में चौथे स्थान पर हैं। वह चेन्नई सुपर किंग्स और राइजिंग पुणे सुपरजायंट के लिए 278 मैच खेल चुके हैं, जिसमें उन्होंने कुल 264 छक्के जड़े हैं। आईपीएल 2026 में उन्होंने अभी तक एक भी मुकाबला नहीं खेला है, लेकिन उम्मीद है कि रविवार को गुजरात टाइटंस के खिलाफ वह मैदान पर नजर आ सकते हैं।
3. विराट कोहली- 303 छक्के
विराट कोहली आईपीएल के पहले सीज़न से ही रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा रहे हैं। उन्होंने 274 मैचों में 303 छक्के लगाए हैं। इस लीग में उनके नाम 8 शतक दर्ज हैं, जो किसी भी बल्लेबाज़ द्वारा सबसे ज़्यादा हैं। हालांकि, वह शुक्रवार को अपनी 9वीं सेंचुरी बनाने से चूक गए।
2. रोहित शर्मा- 310 छक्के
क्रिस गेल के बाद आईपीएल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज़ रोहित शर्मा हैं, जिन्होंने अपनी कप्तानी में मुंबई इंडियंस को 5 बार खिताब जिताया। रोहित ने डेक्कन चार्जर्स और मुंबई इंडियंस के लिए कुल 276 मैचों में 310 छक्के जड़े हैं।
1. क्रिस गेल- 357 छक्के
वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज़ क्रिस गेल के नाम आईपीएल में सबसे ज़्यादा छक्के दर्ज हैं। उन्होंने 142 मैचों में कुल 357 छक्के लगाए हैं। उनके नाम इस लीग में 6 शतक और 31 अर्धशतक भी हैं। आईपीएल इतिहास की सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी का रिकॉर्ड भी उन्हीं के नाम है, जब उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर के लिए खेलते हुए नाबाद 175 रन बनाए थे।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें

