वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मात्र 36 गेंदों पर शतक जड़कर पैट कमिंस को अपना फैन बना लिया।
आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले ने पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। लेकिन इस मैच का सबसे बड़ा आकर्षण सनराइजर्स के नियमित कप्तान पैट कमिंस (Pat Cummins) का वह बयान रहा, जो उन्होंने मैच के बाद विपक्षी टीम के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी के लिए दिया।
कमिंस ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान साफ शब्दों में कहा कि 15 साल के वैभव सूर्यवंशी अब उनके नए ‘पसंदीदा खिलाड़ी’ बन गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि उनके खिलाफ गेंदबाजी करना आसान काम नहीं है, उसके लिए आपको सटीक होना पड़ता है।
“वह गेंद को बहुत जोर से मारता है” – कमिंस
पैट कमिंस, जिन्होंने इसी मैच से आईपीएल 2026 में अपनी वापसी की, वैभव की निडर बल्लेबाजी देखकर हैरान रह गए। इस मुकाबले में उन्होंने पॉवरप्ले में जिस तरह से गेंदबाजों को आड़े हाथों लिया, उसे देखकर वर्ल्ड चैंपियन ऑस्ट्रेलियाई कप्तान भी उनकी तारीफ करने के लिए विवश हो गए।
कमिंस ने मैच के बाद वैभव की जमकर तारीफ करते हुए कहा, “हाँ, मुझे लगता है कि वह मेरा नया पसंदीदा खिलाड़ी है। वह गेंद को इतनी जोर से हिट करता है कि उसे देखना वाकई शानदार है। यह बहुत मजेदार है। एक गेंदबाज के तौर पर आपको बिल्कुल सटीक होना पड़ता है, क्योंकि अगर आप चूके, तो गेंद बहुत दूर जाएगी। वह वाकई प्रभावशाली है और उसके करियर की शुरुआत बेहतरीन रही है। मुझे उसका खेलने का अंदाज पसंद है, वह खेल पर हावी होना जानता है।”
कमिंस की वापसी और वैभव का ऐतिहासिक शतक
पैट कमिंस ने इस सीजन का अपना पहला मैच खेलते हुए कप्तानी की और 4 ओवरों में केवल 27 रन देकर 1 विकेट झटका। हालांकि, दूसरी तरफ राजस्थान रॉयल्स के वैभव सूर्यवंशी ने तूफ़ान मचा रखा था। 15 साल के इस लड़के ने महज 36 गेंदों में शतक जड़कर आईपीएल इतिहास का तीसरा सबसे तेज शतक पूरा किया। इससे पहले वाल पिछले सीजन 35 गेंदों पर आईपीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक भी लगा चुके हैं।
कमिंस जैसे अनुभवी गेंदबाज के सामने वैभव सूर्यवंशी की बेखौफ बल्लेबाजी ने साबित कर दिया कि वह क्रिकेट की दुनिया के अगले बड़े सुपरस्टार हैं। दूसरी ओर, वर्ल्ड चैंपियन कप्तान ने भी स्वीकार किया कि वैभव जैसे बल्लेबाजों के खिलाफ गेंदबाजी करना किसी भी गेंदबाज के लिए बड़ी चुनौती है।
हार के बावजूद सूर्यवंशी ने बटोरीं सुर्खियां
भले ही राजस्थान रॉयल्स 229 रनों का बड़ा टारगेट देने के बावजूद यह मैच हार गई, लेकिन वैभव सूर्यवंशी ने अपनी पारी और पैट कमिंस से मिली इस ‘खास तारीफ’ के जरिए सबका दिल जीत लिया। एक वर्ल्ड चैंपियन कप्तान का किसी युवा खिलाड़ी के लिए ऐसा बयान देना यह बताता है कि वैभव का भविष्य कितना उज्ज्वल है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

