वैभव सूर्यवंशी इस समय जब भी ग्राउंड पर उतरते हैं, कोई न कोई रिकॉर्ड अपने नाम कर लेते हैं। पंजाब किंग्स का अजेय रथ रोकने में वैभव का रोल काफी अहम था। यही नहीं, इस दौरान उन्होंने इस सीजन 400 रन भी पूरे कर लिए हैं। तो चलिए जानते हैं कि आईपीएल में सबसे कम गेंदों में किस खिलाड़ी ने एक सीजन में 400 रन बनाए हैं।
आईपीएल के एक सीजन में सबसे तेज 400 रन बनाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
5. ग्लेन मैक्सवेल (Glenn Maxwell) – 200 गेंद
ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल को पंजाब किंग्स ने 1 मिलियन डॉलर में खरीदा था और उन्होंने लीग क्रिकेट के साथ अपने देश के लिए भी अच्छा किया था।
उन्होंने पहले ही मैच में चेन्नई के खिलाफ 95 रन और फिर अगले दो मैचों में 89 और 95 रन की पारी खेलकर टीम को मैच जिताया था। मैक्सवेल ने सिर्फ 200 गेंदों में ही 400 रन पूरे किए थे। उनकी दमदार फॉर्म की वजह से पंजाब की टीम पहली बार फाइनल में पहुंची थी।
4. निकोलस पूरन (Nicholas Pooran) – 197 गेंद
वेस्टइंडीज के धाकड़ बल्लेबाज निकोलस पूरन भले ही अभी काफी खराब फॉर्म में चल रहे हों, लेकिन पिछले साल उनका बल्ला आग उगल रहा था और वह लगातार तेज पारियां खेलकर मैच जिता रहे थे।
पूरन ने 2025 में 197 गेंदों का सामना करते हुए 400 रन बना दिए थे। हालांकि सीजन खत्म होते-होते उनके बल्ले से रन आना बंद हो गए थे और उनकी टीम भी प्लेऑफ में नहीं पहुंच पाई थी।
3. अभिषेक शर्मा (Abhishek Sharma) – 195 गेंद
अभिषेक शर्मा पिछले कुछ सालों से आईपीएल के बेस्ट बल्लेबाजों में से हैं। उन्होंने पावरप्ले में खेलने के अंदाज को लेकर बदलाव किया है, जिसका फायदा भी उन्हें दिख रहा है। अब वह शुरुआत में ही गेंदबाजों पर अटैक करते हैं।
साल 2024 में अभिषेक शर्मा काफी शानदार फॉर्म में थे और उन्होंने 400 रन बनाने के लिए सिर्फ 195 गेंदों का सामना किया था। सनराइजर्स ने उस सीजन फाइनल भी खेला था, हालांकि उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।
2. आंद्रे रसेल (Andre Russell) – 188 गेंद
वेस्टइंडीज के तूफानी बल्लेबाज आंद्रे रसेल अपनी पावर-हिटिंग के लिए ही जाने जाते हैं। 2019 में वह काफी शानदार फॉर्म में थे, लेकिन कप्तान दिनेश कार्तिक और टीम मैनेजमेंट उनकी अच्छी फॉर्म का फायदा नहीं उठा रही थी।
वह उन्हें हर बार काफी नीचे बल्लेबाजी के लिए भेज रहे थे, जहां से लगभग मैच जिताना असंभव लगता था, लेकिन इसके बाद भी उन्होंने कई मैच जिताए थे। आंद्रे ने उस सीजन सिर्फ 188 गेंदों का सामना करते हुए 400 रन पूरे कर लिए थे।
1. वैभव सूर्यवंशी (Vaibhav Sooryavanshi) – 167 गेंद
बिहार के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने अपनी बल्लेबाजी से सभी को काफी प्रभावित किया है। वह लगातार शानदार बल्लेबाजी कर रहे हैं और लगभग हर मैच में अपनी टीम को तेज शुरुआत दिलाकर मैच एकतरफा सा कर दे रहे हैं। पंजाब किंग्स के खिलाफ भी उन्होंने यही किया और मात्र 16 गेंदों में 43 रनों की पारी खेल दी।
वैभव ने इस दौरान आईपीएल के एक सीजन में 400 रन भी पूरे कर लिए। हालांकि इसके लिए उन्होंने सिर्फ 167 गेंदों का सामना किया। अब वह इस लीग में गेंदों के लिहाज से सबसे तेज 400 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।

