CSK vs MI मैच के बाद चेन्नई सुपर किंग्स की प्लेऑफ उम्मीदें फिर से मजबूत हो गई हैं।
चेन्नई के एमए चिदम्बरम स्टेडियम में खेले गए आईपीएल 2026 के 44वें मैच में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने मुंबई इंडियंस (MI) को हराकर प्लेऑफ की रेस में जोरदार वापसी की है। यह चेन्नई के लिए सिर्फ एक जीत नहीं थी, बल्कि प्लेऑफ की रेस से बाहर होने से बचाने वाली जीत रही, क्योंकि वह इससे पहले 8 मैचों में सिर्फ 3 जीत के चलते दबाव में थी।
लेकिन मुंबई इंडियंस के खिलाफ 8 विकेट से आसान जीत के बाद अब 9 मैचों में 4 जीत के साथ चेन्नई के 8 अंक हो गए हैं और सबसे बड़ी बात यह है कि उनका नेट रन रेट भी अब पॉजिटिव में यानी +0.005 हो गया है। यह अंतर छोटा जरूर है, लेकिन प्लेऑफ की रेस में यही फर्क निर्णायक बनता है।
CSK के नेट रन रेट से बढ़ी गुजरात टाइटंस की मुश्किलें
आईपीएल में प्लेऑफ की लड़ाई में अक्सर टीमें बराबर अंकों पर खत्म करती हैं, जहां नेट रन रेट से ही फैसला होता है। इस मामले में चेन्नई सुपर किंग्स की स्थिति मजबूत नजर आ रही है।
शुभमन गिल की कप्तानी वाली टीम गुजरात टाइटंस 9 मैचों में 10 अंकों के साथ आगे जरूर है, लेकिन उनका नेट रन रेट -0.192 है। यानी अगर दोनों टीमें बराबर अंकों तक पहुंचती हैं, तो CSK को सीधा फायदा मिलेगा।
टॉप 4 की रेस हुई और भी कड़ी
इस समय पंजाब किंग्स, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद जैसी टीमें आगे चल रही हैं, लेकिन चौथे स्थान के लिए असली लड़ाई अभी खुली हुई है। राजस्थान रॉयल्स 12 अंकों पर है, लेकिन उनका प्रदर्शन लगातार स्थिर नहीं रहा है। ऐसे में CSK के पास बड़ा मौका है कि वह अगले 2-3 मैच जीतकर सीधे टॉप 4 में जगह बना सकती है।
मुंबई की हार से थोड़ा आसान हुआ CSK कारास्ता
मुंबई इंडियंस इस हार के बाद 9 मैचों में सिर्फ 4 अंकों पर रह गई है और उनका नेट रन रेट -0.803 है। इस तरह से कहा जाए तो अब उनका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग नामुमकिन हो गया है। इसका सीधा फायदा CSK को मिला है, क्योंकि एक मजबूत टीम अब रेस से लगभग बाहर हो चुकी है।
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब हर मैच है नॉकआउट
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए अब हर मुकाबला बेहद अहम है। टीम को सिर्फ जीत नहीं, बल्कि अच्छे अंतर से जीत दर्ज करनी होगी ताकि नेट रन रेट और बेहतर हो सके। सीधी बात यह है कि CSK अब पूरी तरह गेम में वापस है और अगर टीम इसी लय में खेलती रही, तो प्लेऑफ का टिकट दूर नहीं है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

