इंडियन प्रीमियर लीग 2026 खत्म होने के बाद भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में एक नया नाम जुड़ सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक साईराज बहुतुले को टीम इंडिया का नया स्पिन गेंदबाजी कोच बनाया जा सकता है। फिलहाल वह आईपीएल में पंजाब किंग्स के साथ काम कर रहे हैं।
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, बहुतुले के भारतीय टीम के साथ जुड़ने की संभावना काफी मजबूत मानी जा रही है। बताया जा रहा है कि इसको लेकर उनकी हेड कोच गौतम गंभीर और बीसीसीआई के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बातचीत भी हो चुकी है।
गौतम गंभीर की पसंदीदा लिस्ट में शामिल हैं साईराज बहुतुले
भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मुकाबले खेल चुके साईराज बहुतुले के काम से गौतम गंभीर काफी प्रभावित बताए जा रहे हैं। मौजूदा समय में भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में गौतम गंभीर हेड कोच, सितांशु कोटक बल्लेबाजी कोच, मोर्ने मोर्केल तेज गेंदबाजी कोच और टी दिलीप फील्डिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं। हालांकि टीम के पास अभी स्पिन गेंदबाजी के लिए अलग से कोई कोच नहीं है। इसी वजह से गंभीर चाहते हैं कि स्पिनर्स के लिए भी एक विशेषज्ञ कोच नियुक्त किया जाए और इस भूमिका के लिए बहुतुले का नाम सबसे आगे माना जा रहा है।
साईराज बहुतुले के पास सीनियर टीम के साथ काम करने का अनुभव
साईराज बहुतुले इससे पहले भी नेशनल क्रिकेट एकेडमी (NCA) में वीवीएस लक्ष्मण के साथ काम करते हुए कई बार सीनियर भारतीय टीम के सपोर्ट स्टाफ का हिस्सा रह चुके हैं। पूर्व मुख्य कोच राहुल द्रविड़ ने भी 2023 की बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी के दौरान उन्हें खास तौर पर टीम इंडिया के साथ जोड़ने की सिफारिश की थी। इसके अलावा श्रीलंका दौरे पर भी वह द्रविड़ के सपोर्ट स्टाफ में शामिल थे।
अब माना जा रहा है कि बहुतुले जल्द ही भारतीय टीम के कोचिंग सेटअप का हिस्सा बन सकते हैं। हालांकि उनकी नियुक्ति का समय पंजाब किंग्स के साथ मौजूदा कॉन्ट्रैक्ट की शर्तों पर निर्भर करेगा।
साईराज बहुतुले बने पंजाब किंग्स के कोचिंग स्टाफ का हिस्सा
साईराज बहुतुले मौजूदा आईपीएल सीजन से पहले मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की अगुवाई में पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए हैं। इससे पहले वह एक साल तक राहुल द्रविड़ के मार्गदर्शन में राजस्थान रॉयल्स के साथ भी काम कर चुके हैं।
अगर उन्हें भारतीय टीम के कोचिंग स्टाफ में जगह मिलती है, तो संभव है कि उन्हें पंजाब किंग्स के साथ अपना कार्यकाल बीच में ही समाप्त करना पड़े। हालांकि माना जा रहा है कि भारतीय टीम और बीसीसीआई से जुड़ा मौका होने की वजह से पंजाब किंग्स उनकी राह में रुकावट नहीं बनेगी।

