सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने मार्च में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब अपने नाम किया है। फाइनल मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर इतिहास रच दिया और लगातार दो बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई।
सूर्यकुमार यादव के कप्तान बनने के बाद से भारतीय टीम ने अब तक कोई भी टी20 सीरीज या टूर्नामेंट नहीं हारी है। हालांकि शानदार रिकॉर्ड के बावजूद ऐसी चर्चाएं हैं कि बीसीसीआई उनकी कप्तानी पर अहम फैसला ले सकती है। इसी कड़ी में हम आपको ऐसे तीन बड़े कारण बताएँगे, जिनकी वजह से सूर्या को कप्तानी से हटाया जा सकता है।
1. बढ़ती उम्र के साथ सूर्या के सामने नई चुनौती
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर सवाल उठने की सबसे खास कारण उनकी बढ़ती हुई उम्र को भी माना जा रहा है। फिलहाल सूर्या 35 साल के हो गए हैं 14 सितंबर को वह 36 साल के हो जाएंगे। इस स्तिथि को BCCI भविष्य को ध्यान में रखते हुए नए कप्तानी विकल्पों को धुंध सकती है।
आगामी तीन- चार सालों में भारतीय टीम को कई बड़े टी20 टूर्नामेंट खेलने हैं, जिनमें 2028 ओलंपिक और टी20 वर्ल्ड कप 2028 जैसे खास इवेंट भी शामिल हैं। ऐसे में भारतीय क्रिकेट बोर्ड किसी युवा खिलाड़ी को समय रहते कप्तानी सौंपकर लम्बे समय के लिए मजबूत टीम तैयार करने के रणनीति पर काम कर सकती है।
2. रन बनाने के लिए संघर्ष कर रहे हैं सूर्यकुमार यादव
सूर्यकुमार यादव की कप्तानी पर चर्चा होने की एक वजह उनका हालिया बल्लेबाजी प्रदर्शन भी माना जा रहा है। आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने भारत के लिए 9 पारियां खेलीं, लेकिन 136.72 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 242 रन ही बना सके। पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से केवल एक अर्धशतक निकला, जो संयुक्त राज्य अमेरिका के खिलाफ आया था।
इसके बाद आईपीएल 2026 में भी उनका प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा। मुंबई इंडियंस की ओर से खेलते हुए सूर्या ने 10 पारियों में सिर्फ 195 रन बनाए हैं, जिसमें एकमात्र अर्धशतक दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ देखने को मिला। ऐसे में लगातार खराब फॉर्म को भी उनकी कप्तानी पर खतरे की बड़ी वजह माना जा रहा है।
3. कप्तान के तौर पर श्रेयस अय्यर का रिकॉर्ड शानदार
सूर्यकुमार यादव के बाद टी20 टीम की कप्तानी का सबसे बड़ा दावेदार युवा सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल को माना जा रहा था। हालांकि खराब प्रदर्शन की वजह से उन्हें टीम से बाहर होना पड़ा। इसके बाद अब श्रेयस अय्यर कप्तानी की रेस में सबसे आगे नजर आ रहे हैं।
भले ही श्रेयस इस समय भारतीय टी20 टीम का हिस्सा नहीं हैं, लेकिन उनके शानदार नेतृत्व कौशल को देखते हुए चयनकर्ता उन्हें दोबारा मौका दे सकते हैं। उनकी कप्तानी में कोलकाता नाइट राइडर्स ने आईपीएल 2024 का खिताब जीता था, जबकि 2025 सीजन में उन्होंने पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया था।
इसके अलावा आईपीएल 2026 में भी उनकी कप्तानी में टीम का प्रदर्शन शानदार रहा है। घरेलू क्रिकेट में भी श्रेयस ने अपनी कप्तानी का दम दिखाया है और मुंबई को सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब जिताया था।

