CSK vs LSG मैच से पहले एक बार फिर MS Dhoni की फिटनेस और प्लेइंग XI को लेकर सस्पेंस बना हुआ है।
आईपीएल 2026 में प्लेऑफ की रेस अब और रोमांचक होती जा रही है। आज रविवार (10 मई) को चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स (CSK vs LSG) के बीच चेपॉक में अहम मुकाबला खेला जाएगा। लेकिन इस मैच से पहले एक बार फिर सभी की नजरें सिर्फ एक सवाल पर टिकी हुई हैं कि क्या महेंद्र सिंह धोनी (MS Dhoni) आज पीली जर्सी पहनकर मैदान पर उतरेंगे?
बता दें कि, एमएस धोनी इस सीजन अब तक एक भी मैच नहीं खेल पाए हैं। वह फिटनेस और रिकवरी से जुड़ी परेशानी की वजह से लगातार टीम से बाहर चल रहे हैं, जिसके चलते हर मैच से पहले उनकी वापसी को लेकर सस्पेंस बना रहता है। ऐसे में अब चेन्नई के फैंस को उम्मीद है कि ‘थाला’ लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ वापसी कर सकते हैं।
प्रैक्टिस सेशन रद्द होने के बाद बढ़ा सस्पेंस
चेन्नई में शनिवार को हुई बारिश की वजह से दोनों टीमों का प्रैक्टिस सेशन रद्द हो गया। ऐसे में फैंस को धोनी की फिटनेस को लेकर कोई ताजा विजुअल अपडेट नहीं मिल पाया। ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, CSK कैंप में अब भी धोनी की उपलब्धता को लेकर पूरी तरह स्थिति साफ नहीं है।
रिपोर्ट में कहा गया है कि हमेशा की तरह इस बार भी धोनी की प्लेइंग XI में मौजूदगी को लेकर अनिश्चितता बनी हुई है। अब अंतिम फैसला टॉस के समय ही सामने आ सकता है।
प्लेऑफ की रेस में CSK के लिए बेहद अहम है यह मुकाबला
चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह मैच सिर्फ एक सामान्य लीग मुकाबला नहीं है, बल्कि प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिहाज से बेहद अहम है। CSK फिलहाल 10 मैचों में 5 जीत के साथ 10 अंक और +0.151 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर मौजूद है।
अगर चेन्नई आज लखनऊ सुपर जायंट्स को हरा देती है, तो वह 12 अंकों तक पहुंच जाएगी और पांचवें स्थान पर आ जाएगी। दरअसल, राजस्थान रॉयल्स को शुक्रवार (09 मई) को जयपुर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 77 रनों से बड़ी हार मिली थी, जिसके बाद वह 12 अंक और +0.08 नेट रन रेट के साथ पांचवें स्थान पर खिसक गई है।
ऐसे में CSK के पास अब टॉप-5 में जगह बनाने का शानदार मौका है। यही वजह है कि चेपॉक में होने वाला यह मुकाबला चेन्नई और उनके फैंस दोनों के लिए काफी अहम माना जा रहा है।
लगातार गैरमौजूदगी के बाद बढ़ी चर्चा
धोनी की गैरमौजूदगी ने पूरे सीजन फैंस के बीच लगातार चर्चा पैदा की है। हालांकि, इसके बावजूद चेन्नई सुपर किंग्स ने खराब शुरुआत के बाद शानदार वापसी करते हुए पिछले चार मैचों में तीन जीत दर्ज की हैं। दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ जीत में संजू सैमसन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की थी, जबकि युवा कार्तिक शर्मा ने भी प्रभावित किया।
अब अगर एमएस धोनी इस मुकाबले में वापसी करते हैं, तो चेन्नई को अनुभव के साथ-साथ फिनिशिंग में भी बड़ी मजबूती मिलेगी। खासकर चेपॉक जैसी धीमी पिच पर धोनी का अनुभव लखनऊ के गेंदबाजों के लिए बड़ी चुनौती बन सकता है।
इसे जरूर पढ़ें: चेन्नई सुपर किंग्स बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स हेड टू हेड रिकॉर्ड, IPL में किस टीम का पलड़ा रहा है भारी
क्या आज मैदान पर दिखेंगे ‘थाला’?
फिलहाल CSK कैंप की तरफ से एमएस धोनी की उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन लगातार बढ़ते सस्पेंस और चेपॉक के माहौल के बीच फैंस को अब भी उम्मीद है कि टॉस के समय कोई बड़ी खबर सामने आ सकती है। अगर धोनी आज मैदान पर उतरते हैं, तो चेपॉक का माहौल पूरी तरह बदल सकता है।
आईपीएल से जुड़ी ताजा खबरों के लिए Sports Digest Hindi पर विजिट करते रहें और हमें फेसबुक, इंस्टाग्राम और ट्विटर (X) पर भी फॉलो करें।

