इंडियन प्रीमियर लीग के 53वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स और लखनऊ सुपर जाइंट्स की टीमें आमने-सामने हैं। इस मैच में लखनऊ सुपर जाएंट्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट खोकर 203 रन बनाए। दूसरी पारी में चेन्नई की तरफ से बल्लेबाजी करने उतरे उर्विल पटेल ने आते ही धमाकेदार अंदाज दिखाया।
उर्विल ने मैदान के चारों ओर शानदार शॉट लगाए और चौके-छक्कों की बरसात करते हुए सिर्फ 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसी के साथ उन्होंने आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने के मामले में यशस्वी जयसवाल की बराबरी कर ली है।
आईपीएल का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक
उर्विल पटेल ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ मुकाबले में अपनी पारी की शुरुआत काफी तूफानी अंदाज में की। उन्होंने मैदान पर आते ही गेंदबाजों की जमकर धुनाई की और कई बेहतरीन शॉट सीधे दर्शकों के बीच पहुंचाए। उर्विल ने महज 13 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया, जिसके साथ वह अब यशस्वी जायसवाल के साथ आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं।
इसके साथ ही उर्विल पटेल ने चेन्नई सुपर किंग्स के लिए सबसे तेज अर्धशतक लगाने का रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। इससे पहले यह रिकॉर्ड सुरेश रैना के नाम था, जिन्होंने साल 2014 में पंजाब किंग्स के खिलाफ सिर्फ 16 गेंदों में फिफ्टी लगाई थी।
इसके अलावा उर्विल पटेल ने अपनी पहली 8 गेंदों में ही 41 रन ठोक दिए, जो आईपीएल इतिहास में इतनी गेंदों पर किसी भी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सबसे बड़ा स्कोर है।
आईपीएल में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले टॉप 5 बल्लेबाज
- 13 गेंद – उर्विल पटेल (चेन्नई सुपर किंग्स) बनाम लखनऊ सुपर जाएंट्स, 2026
- 13 गेंद – यशस्वी जायसवाल (राजस्थान रॉयल्स) बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स, कोलकाता, 2023
- 14 गेंद – केएल राहुल (पंजाब किंग्स) बनाम दिल्ली कैपिटल्स, मोहाली, 2018
- 14 गेंद – पैट कमिंस (कोलकाता नाइट राइडर्स) बनाम मुंबई इंडियंस, पुणे, 2022
- 14 गेंद – रोमारियो शेफर्ड (रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु) बनाम चेन्नई सुपर किंग्स, बेंगलुरु, 2025
आईपीएल इतिहास में सबसे तेज अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में अब उर्विल पटेल ने भी अपनी जगह बना ली है। चेन्नई सुपर किंग्स के इस बल्लेबाज ने लखनऊ सुपर जाएंट्स के खिलाफ सिर्फ 13 गेंदों में अर्धशतक जड़ते हुए रिकॉर्ड की बराबरी कर ली।
इस मैच में 65 रन की शानदार पारी खेलकर आउट हुए उर्विल
उर्विल पटेल इस मुकाबले में 23 गेंदों पर 65 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उनके पास आईपीएल इतिहास का सबसे तेज शतक लगाने का शानदार मौका था, लेकिन वह ऐसा करने से चूक गए। अपनी विस्फोटक पारी में उर्विल ने 2 चौके और 8 छक्के लगाए।

