चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 के बीच एक बड़ा झटका सामने आया है। टीम के स्टार ऑलराउंडर जेमी ओवरटन टूर्नामेंट के बाकी मुकाबलों से बाहर हो गए हैं। उनकी जगह अब दक्षिण अफ्रीका के खिलाड़ी डियान फॉरेस्टर को टीम में शामिल किया गया है। खास बात यह है कि फॉरेस्टर पहली बार आईपीएल का हिस्सा बने है।
CSK ने गुरुवार, 14 मई को आधिकारिक जानकारी दी है। बताया गया है कि जेमी ओवरटन दाहिनी जांघ में चोट लगने के कारण इंग्लैंड लौट चुके हैं, जिसके चलते वह पूरे सीजन से बाहर हो गए हैं। अब टीम को उम्मीद होगी कि डियान फॉरेस्टर अपने प्रदर्शन से इस कमी को पूरा कर सकें।
फॉरेस्टर ने PSL में भी दिखाया था अपना दमखम
डियान फॉरेस्टर को चेन्नई सुपरकिंग्स ने 75 लाख रुपये में अपनी टीम में शामिल किया है। फॉरेस्टर इससे पहले SA20 2025-26 सीजन में जोबर्ग सुपर किंग्स की ओर से खेल चुके हैं, जहां उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से काफी प्रभावित किया था।
इसके अलावा वह पाकिस्तान सुपर लीग 2026 में रावलपिंडी टीम का भी हिस्सा रहे। पीएसएल में फॉरेस्टर ने 6 पारियों में 171.42 की शानदार स्ट्राइक रेट से 132 रन बनाए थे। वहीं SA20 में जोबर्ग सुपर किंग्स के लिए खेलते हुए उन्होंने 8 पारियों में 165.09 की स्ट्राइक रेट से 175 रन ठोके थे। ऐसे में सीएसके को उनसे दमदार प्रदर्शन की उम्मीद होगी।
यह भी पढ़े: IPL 2026: क्या चेन्नई से हारने के बाद LSG का प्लेऑफ सपना टूटा? समझिए पूरा समीकरण
टी20 फॉर्मेट में ऐसा है फॉरेस्टर का रिकॉर्ड
25 साल के डियान फॉरेस्टर बल्लेबाजी ऑलराउंडर हैं और वह दक्षिण अफ्रीका के लिए अब तक 5 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेल चुके हैं। इस दौरान उन्होंने 27.66 की औसत से 83 रन बनाए हैं।
बाएं हाथ के इस बल्लेबाज का टी20 करियर भी काफी प्रभावशाली रहा है। उन्होंने 36 टी20 मैचों में 35.84 की शानदार औसत और 140.70 की स्ट्राइक रेट से 681 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 2 अर्धशतक भी निकले हैं।
सिर्फ बल्लेबाजी ही नहीं, फॉरेस्टर गेंद से भी योगदान देने की क्षमता रखते हैं। दाएं हाथ के तेज गेंदबाज के रूप में उन्होंने टी20 क्रिकेट में अब तक 11 विकेट हासिल किए हैं। ऐसे में वह सीएसके के लिए एक उपयोगी ऑलराउंडर साबित हो सकते हैं।
यह भी पढ़े: IPL 2026 में शतक लगाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट, जानिए
CSK के लिए बड़ा झटका, ओवरटन हुए टूर्नामेंट से बाहर
आईपीएल 2026 में जेमी ओवरटन ने चेन्नई सुपरकिंग्स के लिए शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने इस सीजन 13 मुकाबलों की 13 पारियों में 23.71 की औसत से 14 विकेट हासिल किए। इस दौरान उनकी इकॉनमी रेट 9.76 रही। खास बात यह रही कि ओवरटन ने एक मैच में 4 विकेट हॉल भी अपने नाम किया, जिसमें उनका बेस्ट प्रदर्शन 4/18 का रहा।
गेंदबाजी के अलावा उन्होंने बल्ले से भी टीम के लिए अहम योगदान दिया। ओवरटन ने 8 पारियों में 37.75 की बेहतरीन औसत और 162.36 की स्ट्राइक रेट से 151 रन बनाए। इस दौरान उनका सर्वोच्च स्कोर नाबाद 43 रन रहा। ऐसे में चोट के कारण उनका बाहर होना सीएसके के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।

